रक्षा मंत्रालय
भारत और रवांडा नई दिल्ली में जेडीसीसी की दूसरी बैठक के दौरान द्विपक्षीय रक्षा साझेदारी का विस्तार करने पर सहमत हुए
प्रविष्टि तिथि:
07 JUL 2026 8:58PM by PIB Delhi
भारत और रवांडा के बीच संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (जेडीसीसी) की दूसरी बैठक 6 और 7 जुलाई, 2026 को नई दिल्ली में हुई। दोनों पक्षों ने सैन्य प्रशिक्षण, सैन्य अभ्यास, चिकित्सा सहयोग और रक्षा उद्योगों के क्षेत्र में साझेदारी का विस्तार करने का निर्णय लिया। बैठक से निकलने वाली कार्य मदों के लिए समयसीमा के साथ एक कार्यान्वयन योजना पर भी सहमति व्यक्त की गई।

बैठक की सह-अध्यक्षता रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री अमिताभ प्रसाद और संयुक्त बल विकास, प्रशिक्षण और सिद्धांत के प्रमुख (चीफ जे7-आरडीएफ मुख्यालय) ब्रिगेडियर जनरल लुई कानोबायर ने की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में रक्षा विभाग, रक्षा उत्पादन विभाग, रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन, विदेश मंत्रालय, सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा, एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय और सेना के प्रतिनिधि शामिल थे।

जेडीसीसी की बैठक से अलग प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा सचिव श्री राजेश कुमार सिंह से मुलाकात की। ब्रिगेडियर जनरल ने रक्षा सचिव को द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के नए क्षेत्रों के बारे में जानकारी दी। इसका उद्देश्य वर्त्तमान साझेदारी को और मजबूत करना है।
प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय रक्षा उद्योग के साथ भी बातचीत की और भारत के बढ़ते रक्षा औद्योगिक इकोसिस्टम, स्वदेशी क्षमताओं और तकनीकी प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। दोनों पक्षों ने रक्षा औद्योगिक क्षेत्र में सहयोग के संभावित क्षेत्रों की पहचान की और दोनों देश भविष्य में सहयोग में तेजी लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने सेना अस्पताल (रेफरल एंड रिसर्च) का दौरा किया। उन्हें भारत की सैन्य चिकित्सा क्षमताओं, उन्नत स्वास्थ्य देखभाल बुनियादी ढांचे और रक्षा बलों के लिए स्थापित व्यापक चिकित्सा सहायता प्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान किया गया।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की रवांडा यात्रा के दौरान जुलाई 2018 में रक्षा सहयोग पर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे। जेडीसीसी की दूसरी बैठक का सफल आयोजन और संबंधित रक्षा साझेदारी को मजबूत करने, संस्थागत सहयोग बढ़ाने और घनिष्ठ संबंधों को बढ़ावा देने की दिशा में दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
*******
पीके/केसी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2282342)
आगंतुक पटल : 104