वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत और कोस्टा रिका के बीच पहली संयुक्त आर्थिक और व्यापार समिति (जेईटीसीओ) की बैठक हुई


भारत और कोस्टा रिका ने आर्थिक सहयोग की समीक्षा की; द्विपक्षीय व्यापार बढ़कर 391 मिलियन अमेरिकी डॉलर हुआ

प्रविष्टि तिथि: 07 JUL 2026 9:45PM by PIB Delhi

भारत-कोस्टा रिका संयुक्त आर्थिक और व्यापार समिति (जेईटीसीओ) की पहली बैठक 6-7 जुलाई 2026 को वर्चुअल तरीके से आयोजित की गई। इस बैठक की सह-अध्यक्षता भारत की ओर से संयुक्त सचिव, वाणिज्य विभाग, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय श्री विमल आनंद और कोस्टा रिका गणराज्य की ओर से विदेश व्यापार महानिदेशक सुश्री एड्रियाना कास्त्रो ने की।

बैठक के दौरान, दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों की समीक्षा की, अपने-अपने व्यापार और निवेश नियमों पर विचार-विमर्श किया और 2025-26 में द्विपक्षीय वाणिज्यिक व्यापार के लगभग 391 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने वाली लगातार वृद्धि पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने व्यापार और निवेश को और बढ़ाने के अवसरों पर भी चर्चा की।

दोनों पक्षों ने अपने-अपने मानक, प्रत्यायन (एक्रेडिएशन), प्रमाणन और नियामकीय ढांचे के बारे में जानकारी का आदान-प्रदान किया। साथ ही, व्यापार को आसान बनाने और तकनीकी बाधाओं को कम करने के लिए मानक विकास, अनुरूपता मूल्यांकन, खाद्य सुरक्षा, दवा विनियमन और निर्यात प्रमाणन जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

भारतीय पक्ष ने अपनी खूबियों को उजागर किया और फार्मास्युटिकल्स, डिजिटल तकनीक, विनिर्माण और नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के मौकों की पहचान की। वहीं, कोस्टा रिका के पक्ष ने सेंट्रल अमेरिकन ट्रेड इंटीग्रेशन सिस्टम और क्षेत्रीय व्यापार वार्ताओं में अपने अनुभव के बारे में जानकारी दी।

भारत और कोस्टा रिका के बीच आर्थिक सहयोग पर हुए समझौते (एमओयू) के तहत स्थापित जेईटीसीओ, द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों की समीक्षा करने, आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा करने और आर्थिक सहयोग के नए रास्ते तलाशने के लिए मुख्य संस्थागत तंत्र के रूप में काम करता है।

दोनों पक्ष बिजनेस-टू-बिजनेस जुड़ाव को मजबूत करने, संस्थागत सहयोग को बढ़ावा देने और संबंधित मंत्रालयों, नियामकीय प्राधिकरणों और उद्योग के बीच नियमित बातचीत को प्रोत्साहित करने पर सहमत हुए। द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, वे व्यापार, निवेश और सेक्टर-विशिष्ट सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए जेईटीसीओ का एक मुख्य मंच के तौर पर इस्तेमाल करने पर सहमत हुए।

***

पीके/केसी/एमपी


(रिलीज़ आईडी: 2282321) आगंतुक पटल : 102
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu