ग्रामीण विकास मंत्रालय
विश्व पर्यावरण दिवस पर केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत किया पौधरोपण
पेड़ हैं तो भविष्य है, पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाएं- श्री शिवराज सिंह चौहान
वृक्षारोपण को जीवन का नियमित हिस्सा बनाएं, क्योंकि पेड़ हैं तो हम हैं- श्री चौहान
'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें- केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह
साढ़े पांच वर्षों से बिना रुके जारी है प्रतिदिन पौधरोपण का संकल्प- श्री शिवराज सिंह चौहान
पेड़ केवल हरियाली नहीं, जीवन, जैव विविधता और भविष्य की सुरक्षा का आधार हैं- श्री चौहान
प्रविष्टि तिथि:
05 JUN 2026 7:09PM by PIB Delhi
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण किया। विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रदेशवासियों और देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो धरती पर जीवन सुरक्षित रहेगा। वृक्षारोपण केवल एक पौधा लगाने का कार्य नहीं बल्कि मानवता, प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों की रक्षा का अभियान है। उन्होंने कहा कि पेड़ बचेंगे तो जल, जंगल, जमीन और जैव विविधता सुरक्षित रहेगी। वर्षा होगी, नदियां बचेंगी, मिट्टी का संरक्षण होगा और जीवन की निरंतरता बनी रहेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि पर्यावरण संरक्षण को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानते हुए वृक्षारोपण को जीवन का नियमित हिस्सा बनाएं क्योंकि पेड़ हैं तो हम हैं।

एक पौधा वट वृक्ष बनकर प्रकृति की सेवा करता है
स्मार्ट सिटी पार्क में साल 2021 में लगाए गए वटवृक्ष को देखते हुए केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैंने पांच साल पहले अमरकंटक से प्रतिदिन पौधरोपण का संकल्प लिया था और उसे बाद भोपाल आते ही सबसे पहले यह पौधा लगाया था। उन्होंने कहा कि आज यह पौधा विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि उस वृक्ष पर पक्षियों का कलरव, जीव-जंतुओं की गतिविधियां और प्रकृति का जीवंत स्वरूप देखकर मुझे अत्यंत संतोष और आनंद की अनुभूति हुई। पेड़ और बच्चों में समानता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जैसे बच्चों का लालन-पालन उन्हें विकसित करता है, वैसे ही एक पौधा समय के साथ विशाल वृक्ष बनकर समाज और प्रकृति की सेवा करता है।

विशेष अवसरों पर पौधरोपण का करें संकल्प
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि प्रतिदिन वृक्षारोपण संभव न हो तो कम से कम जीवन के विशेष अवसरों पर पौधे अवश्य लगाए जाएं। जन्मदिन, बच्चों के जन्मदिन, विवाह, विवाह वर्षगांठ, माता-पिता की स्मृति और अन्य पारिवारिक अवसरों को वृक्षारोपण से जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के माध्यम से देशभर में लाखों लोग अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने भी अपनी माता स्वर्गीय श्रीमती सुंदर देवी जी की स्मृति में पौधरोपण किया।

संकल्प से जनभागीदारी तक पहुंचा वृक्षारोपण अभियान
श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पर्यावरण केवल भाषणों और चर्चाओं से सुरक्षित नहीं होगा, इसके लिए धरातल पर कार्य करना आवश्यक है। इसी सोच के साथ मैंने वर्षों पहले प्रतिदिन पौधरोपण का संकल्प लिया था, जो आज भी निरंतर जारी है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े पांच वर्षों में ऐसा कोई दिन नहीं बीता जब मैंने पौधा न लगाया हो। अब मेरे साथ बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और नागरिक भी वृक्षारोपण अभियान से जुड़ रहे हैं। श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि, पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ रही है और नई पीढ़ी भी इसे अपने जीवन का हिस्सा बना रही है।

*****
आर सी/एमएस/पी यू
(रिलीज़ आईडी: 2269468)
आगंतुक पटल : 47
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English