स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) 2.0 दिशानिर्देश जारी किए


अद्यतन ढांचा नए युग की स्वास्थ्य चुनौतियों को शामिल करते हुए स्थापित (4डी) दृष्टिकोण को मजबूत और व्यापक बनाता है - जन्म के समय दोष, रोग, कमियां और विकासात्मक विलंब

संशोधित दिशानिर्देश आरबीएसके 2.0 के अंतर्गत देखभाल की एक व्यापक श्रृंखला प्रस्तुत करते हैं, जो जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए जीवनचक्र-आधारित दृष्टिकोण को सुदृढ़ करते हैं, डिजिटलीकरण पर अधिक ध्यान केंद्रित करते हैं और कार्यक्रम वितरण प्रणालियों को सुदृढ़ करते हैं

प्रविष्टि तिथि: 03 MAY 2026 2:34PM by PIB Delhi

देश में बाल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने हाल ही में संपन्न सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा वितरण में अच्छी प्रथाओं और नवाचारों पर राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) 2.0 दिशानिर्देश जारी किए।

आरबीएसके 2.0 दिशानिर्देश भारत के प्रमुख बाल स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण प्रगति का प्रतीक हैं, जो एक दशक से अधिक के कार्यान्वयन पर आधारित हैं और उभरती बाल स्वास्थ्य प्राथमिकताओं को संबोधित करने के लिए इसके दायरे का विस्तार करते हैं। अद्यतन ढांचा जन्मजात दोष, रोग, कमियां और विकासात्मक विलंब - इन स्थापित 4डी दृष्टिकोण को सुदृढ़ और व्यापक बनाता है, साथ ही गैर-संक्रामक रोगों, मानसिक स्वास्थ्य स्थितियों और व्यवहार संबंधी चिंताओं सहित नई पीढ़ी की स्वास्थ्य चुनौतियों को भी शामिल करता है।

संशोधित दिशा-निर्देशों में देखभाल की एक व्यापक निवारक, प्रोत्साहक और उपचारात्मक श्रृंखला को शामिल किया गया है, जो जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों को कवर करने वाले कार्यक्रम के मौजूदा जीवनचक्र-आधारित दृष्टिकोण को सुदृढ़ करती है, जिसमें डिजिटलीकरण पर अधिक ध्यान केंद्रित किया गया है। यह बदलाव भारत की बाल स्वास्थ्य संबंधी बदलती जरूरतों और न केवल जीवित रहने बल्कि समग्र विकास और वृद्धि सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

आरबीएसके 2.0 की एक प्रमुख विशेषता विस्तारित स्क्रीनिंग दायरा है, जिसमें विकासात्मक विकार, मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं और मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप जैसी गैर-संक्रामक बीमारियों के जोखिम कारकों सहित कई प्रकार की स्थितियों को शामिल किया गया है। स्क्रीनिंग सेवाएं आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में मोबाइल स्वास्थ्य टीमों के माध्यम से प्रदान की जाती रहेंगी, जिससे सार्वभौमिक पहुंच और शीघ्र पहचान सुनिश्चित हो सकेगी।

दिशा-निर्देशों में रेफरल संबंधों को मजबूत करने और देखभाल की निरंतरता पर भी जोर दिया गया है, जिसमें सामुदायिक स्तर की स्क्रीनिंग से लेकर सुविधा-आधारित निदान और उपचार तक के स्पष्ट रूप से परिभाषित मार्ग शामिल हैं। एक सुदृढ़ रेफरल ट्रैकिंग प्रणाली यह सुनिश्चित करती है कि स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित बच्चों को संपूर्ण देखभाल प्रक्रिया के दौरान ट्रैक किया जाए, जिससे बीच में इलाज छोड़ने वालों की संख्या कम हो और समय पर हस्तक्षेप सुनिश्चित हो सके।

सरकार के डिजिटल स्वास्थ्य पर केंद्रित दृष्टिकोण के अनुरूप, आरबीएसके 2.0 में डिजिटल स्वास्थ्य कार्ड, रीयल-टाइम डेटा सिस्टम और ट्रैकिंग, निगरानी और सेवा वितरण के लिए एकीकृत प्लेटफॉर्म शामिल किए गए हैं। इन डिजिटल नवाचारों से कार्यक्रम की दक्षता, जवाबदेही और कार्यान्वयन के सभी स्तरों पर साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने में सुधार होने की उम्मीद है।

ये दिशानिर्देश बहुक्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देते हैं, जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास प्रणालियों को एक साथ लाकर व्यापक और समन्वित सेवा वितरण सुनिश्चित किया जाता है। विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र और सामुदायिक मंच स्क्रीनिंग, जागरूकता और अनुवर्ती देखभाल के लिए प्रमुख संपर्क बिंदु के रूप में कार्य करते हैं।

प्रारंभिक पहचान को मजबूत करके, रेफरल प्रणालियों में सुधार करके और निरंतर अनुवर्ती कार्रवाई सुनिश्चित करके, आरबीएसके 2.0 से बाल स्वास्थ्य परिणामों में उल्लेखनीय सुधार होने, रोग कम होने और देश भर में बच्चों के समग्र कल्याण को समर्थन मिलने की आशा है।

आरबीएसके 2.0 दिशानिर्देशों का प्रकाशन प्रत्येक बच्चे के लिए सुलभ, न्यायसंगत और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें प्रारंभिक हस्तक्षेप, लगातार देखभाल और दीर्घकालिक स्वास्थ्य परिणामों पर ध्यान देने पर बल दिया है।

***

पीके/केसी/केएल/वीके

 


(रिलीज़ आईडी: 2257654) आगंतुक पटल : 131
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi