सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय
सर्वेक्षण जर्नल का 120वां अंक जारी
प्रविष्टि तिथि:
30 APR 2026 7:59PM by PIB Delhi
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) के अंतर्गत आने वाली राष्ट्रीय सांख्यिकी प्रणाली प्रशिक्षण अकादमी (एनएसएसटीए) ने अपनी सांख्यिकी पर आधारित एक आधिकारिक द्वि-वार्षिक पत्रिका 'सर्वेक्षण' का 120वां अंक जारी किया है।
'सर्वेक्षण' राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण (एनएसएस) के आंकड़ों, आधिकारिक सांख्यिकी और संबंधित विश्लेषणात्मक अध्ययनों पर आधारित शोध के प्रसार के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में कार्य करती है। यह पत्रिका अपनी अकादमिक गंभीरता और नीतिगत प्रासंगिकता के लिए व्यापक रूप से जानी जाती है और इसे आंकड़ों का उपयोग करने वालों, शोधकर्ताओं, केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों तथा प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय संस्थानों के बीच प्रसारित किया जाता है।
इस अंक में चार तकनीकी शोध-पत्र शामिल हैं, जो सरकारी आंकड़ों के विविध पहलुओं को कवर करते हैं। ये शोध-पत्र हैं: “1995-96 और 2017-18 के बीच भारत में इनपेशेंट देखभाल (अस्पताल में भर्ती होकर इलाज) तक पहुंच में आए बदलावों को समझना - राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण से प्राप्त साक्ष्य”, “ग्रामीण भारत में बहुआयामी गरीबी से जुड़े लक्षणों की पहचान के लिए एक न्यूरल नेटवर्क दृष्टिकोण”, “समय की कमी (टाइम पावर्टी) को मापना: भारतीय आबादी के लिए एक सीमा निर्धारित करना और उसके निर्धारकों का विश्लेषण करना” और “भारतीय परिवारों द्वारा भोजन का उपभोग और आईसीएमआर द्वारा अनुशंसित मात्रा – एचसीईएस 2022-23 के आंकड़ों पर आधारित एक विश्लेषण।” गुणवत्ता, सटीकता और प्रासंगिकता सुनिश्चित करने के लिए, इन सभी शोध-पत्रों को एक सख्त 'पीयर-रिव्यू' (विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा) और संपादकीय प्रक्रिया से गुजरना पड़ा है।
इन चार पत्रों के अलावा, इस रिपोर्ट में एनएसओ, एमओएसपीआई, भारत द्वारा जारी की गई दो रिपोर्ट—"घरेलू उपभोग व्यय पर सर्वेक्षण: 2023-24" और "भारत में पोषण सेवन: 2022-23 और 2023-24"- की मुख्य बातें भी शामिल हैं।
यह जर्नल अनुसंधान और साक्ष्य-आधारित नीति-निर्माण को बढ़ावा देकर सांख्यिकीय प्रणाली को मजबूत बनाने में अपना योगदान जारी रखे हुए है; यह मंत्रालय की आधिकारिक आंकड़ों की गुणवत्ता और उनके प्रसार को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता के अनुरूप है।
'सर्वेक्षणा' का 120वां अंक एमओएसपीआई (https://www.mospi.gov.in) और एनएसएसटीए (https://nssta.gov.in/document) की आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध है।
पीके/केसी/एमपी
(रिलीज़ आईडी: 2257167)
आगंतुक पटल : 112