वस्त्र मंत्रालय
पीएम मित्र पार्क को मजबूत गति मिल रही
तमिलनाडु के विरुधुनगर में पीएम मित्र पार्क के लिए 190 एकड़ औद्योगिक भूमि आवंटित; 2,192 करोड़ रुपये के निवेश से 15,000 रोजगार सृजित होंगे
550 करोड़ रुपये की अवसंरचना निर्माणाधीन; 15 एमएलडी जेडएलडी सतत प्रसंस्करण को शक्ति प्रदान करेंगे
प्रविष्टि तिथि:
28 FEB 2026 5:53PM by PIB Delhi
तमिलनाडु के पीएम मित्र पार्क के निदेशक मंडल ने शुक्रवार को 23 निवेशकों को 190.44 एकड़ औद्योगिक भूमि आवंटित की, जिससे लगभग 2,192.21 करोड़ रुपये का निवेश सुनिश्चित हुआ और 15,000 नौकरियों के सृजन की संभावना बनी। स्वीकृत निवेश का दायरा एकीकृत संयंत्रों, धागा निर्माण, वस्त्र उत्पादन, प्रसंस्करण और परिष्करण, वस्त्र निर्माण एवं तकनीकी वस्त्रों सहित विभिन्न क्षेत्रों तक फैला हुआ है।
वस्त्र मंत्रालय की सचिव श्रीमती नीलम शमी राव की अध्यक्षता में 27 फरवरी 2026 को आयोजित पीएम मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड अपैरल (पीएम मित्र) पार्क, तमिलनाडु लिमिटेड (एसपीवी) के निदेशक मंडल की नौवीं बैठक में भूमि आवंटन संबंधी निर्णय लिए गए। इस बैठक में वस्त्र मंत्रालय के अपर सचिव श्री रोहित कंसल; तमिलनाडु सरकार के उद्योग, निवेश संवर्धन एवं वाणिज्य विभाग के सचिव श्री अरुण रॉय विजयकृष्णन; तमिलनाडु के एसआईपीसीओटी के प्रबंध निदेशक श्री सेंथिल राज कृष्णन के साथ-साथ एनआईसीडीसी, वस्त्र मंत्रालय एवं एसआईपीसीओटी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


बोर्ड ने गौर किया कि पार्क में निवेशकों की रुचि पार्क के डिजाइन, शासन संरचना और दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धात्मकता में उद्योग के मजबूत विश्वास का संकेत देती है। बोर्ड ने यह भी पाया कि तमिलनाडु के विरुधुनगर स्थित पीएम मित्र पार्क में भूमि का आवंटन इस क्षेत्र में धागे, कपड़े और परिधान उत्पादन की एक एकीकृत मूल्य श्रृंखला की स्थापना की प्रक्रिया को गति देगा, जो पहले से ही वस्त्र और परिधान का एक प्रमुख निर्माता एवं निर्यातक रहा है। इसके अलावा, पीएम मित्र पार्क में स्थित 20 एमएलडी जेडएलडी की क्षमता से छोटे एवं मध्यम आकार की इकाइयों सहित कई प्रसंस्करण इकाइयों को स्वच्छ तथा टिकाऊ प्रसंस्करण सुविधाएं प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
विरुधुनगर स्थित पीएम मित्र पार्क, पीएम मित्र योजना के अंतर्गत स्थापित किए जा रहे सात मेगा पार्क में से एक है। इस पार्क का निर्माण 1894 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है और इसमें जेडएलडी के साथ 15 एमएलडी सीईटीपी, 20 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र, केंद्रीकृत स्टीम बॉयलर के अलावा लगभग 13 लाख वर्ग फुट के रेडी-टू-मूव प्लग एंड प्ले यूनिट्स के प्रावधान शामिल हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 44 पर स्थित होने और तूतीकोरिन बंदरगाह से मात्र 106 किलोमीटर दूर होने के कारण इस पीएम मित्र पार्क को उत्कृष्ट संपर्क एवं परिवहन व्यवस्था तथा एक परिपक्व कपड़ा पारिस्थितिकी तंत्र मिलता है। पार्क स्थल और उसके आसपास लगभग 550 करोड़ रुपये की लागत से अवसंरचना संबंधी कार्य पहले से ही जारी हैं और पार्क को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बोर्ड ने पाया कि विकास कार्य प्रगति पर हैं और उसने भारत की एकीकृत वस्त्र मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने एवं वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ाने के उद्देश्य से तमिलनाडु के पीएम मित्र पार्क के पारदर्शी, नीति के अनुरूप तथा पारिस्थितिकी तंत्र आधारित विकास के प्रति एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
***
पीके/केसी/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2234040)
आगंतुक पटल : 79