पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय
वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार के बाद सीएक्यूएम ने दिल्ली-एनसीआर में जीआरएपी चरण-II रद्द किया
प्रविष्टि तिथि:
18 FEB 2026 6:27PM by PIB Delhi
एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) संबंधी उप-समिति ने बुधवार को पूरे एनसीआर में जीआरएपी चरण-II की सभी कार्रवाईयों को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का निर्णय लिया है। उप-समिति ने पिछले कुछ दिनों में दिल्ली के दैनिक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में लगातार सुधार को देखते हुए यह कदम उठाया है।
मौजूदा जीआरएपी के दूसरे चरण को 19.10.2025 को लागू किया गया था, जब दिल्ली के औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में बढ़त दर्ज की गई थी।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एक्यूआई बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली के दैनिक औसत एक्यूआई में गिरावट का रुझान देखा गया है। 16 फरवरी, 2026 को यह 261 दर्ज किया गया, जो 17 फरवरी, 2026 को सुधरकर 249 और आज (18.02.2026) बेहतर होकर 214 तक पहुंच गया।
वायु गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए जीआरएपी संबंधी सीएक्यूएम उप-समिति ने आज क्षेत्र की वर्तमान स्थिति और आईएमडी/आईआईटीएम द्वारा उपलब्ध कराये गए मौसम संबंधी स्थितियों और वायु गुणवत्ता सूचकांक के पूर्वानुमानों की समीक्षा की। इसी के आधार पर जीआरएपी के चरण-II के तहत निवारक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों पर निर्णय लिया गया।
समीक्षा के दौरान उप-समिति ने पाया कि अनुकूल मौसम की स्थिति के तहत दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बेहतर हुआ है और आज शाम (18.02.2026) 4 बजे ये 214 रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा, आईएमडी/आईआईटीएम के पूर्वानुमानों बताते है कि आने वाले दिनों में एक्यूआई 'खराब' से ‘मोड्रेट' श्रेणी में रहने की संभावना है।
तदनुसार, एक्यूआई में सुधार के रुझान और पूर्वानुमानों को ध्यान में रखते हुए जीआरएपी संबंधी सीएक्यूएम उप-समिति ने सर्वसम्मति से पूरे एनसीआर में मौजूदा जीआरएपी के चरण-II के तहत सभी कार्रवाइयों को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का निर्णय लिया।
हालांकि, जीआरएपी के चरण-1 के तहत सभी कार्रवाइयां लागू रहेंगी। यह सुनिश्चित करने के लिए कि वायु गुणवत्ता का सतर फिर से न बिगड़े, संबंधित एजेंसियों द्वारा चरण-1 के उपायों के लिए निगरानी और समीक्षा जारी रहेगी। सभी कार्यान्वयन एजेंसियों को सतर्क रहने और चरण-1 के उपायों को और तेज करने के निर्देश दिये गए हैं।
उप-समिति वायु गुणवत्ता की स्थिति पर करीब से नजर रखना जारी रखेगी और समय-समय पर स्थिति की समीक्षा करेगी, ताकि आईएमडी/आईआईटीएम के पूर्वानुमानों के आधार पर उचित निर्णय लिया जा सके।
जीआरएपी (नवंबर 2025) का मौजूदा शेड्यूल आयोग की वेबसाइट https://caqm.nic.in/ पर उपलब्ध है।
**.*
पीके/केसी/आईएम/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2229848)
आगंतुक पटल : 44