वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

व्यापार और निवेश विधि केंद्र ने विश्व व्यापार संगठन अध्यक्षता कार्यक्रम के अंतर्गत तीसरी अंतर्राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता आयोजित की

प्रविष्टि तिथि: 13 FEB 2026 6:05PM by PIB Delhi

भारतीय विदेश व्यापार संस्थान के व्यापार और निवेश विधि केंद्र ने बेनेट विश्वविद्यालय के विधि संकाय के सहयोग से विश्व व्यापार संगठन अध्यक्षता कार्यक्रम के तहत 6 से 8 फरवरी 2026 को ग्रेटर नोएडा में तीसरी सेंटर फॉर ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट लॉ-बेनेट अंतर्राष्ट्रीय मूट कोर्ट (वास्तविक अदालती कार्यवाही का अनुकरण करने वाली काल्पनिक अदालत) प्रतियोगिता 2026 आयोजित की।

तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता ने विधि  संकाय के विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार अधिनियम और श्रम मानकों से संबंधित समकालीन मुद्दों के बारे में जानकारी के लिए  अकादमिक मंच प्रदान किया। प्रतियोगिता में भारत और विदेशों के विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के विभिन्न दौर का मूल्यांकन विधि क्षेत्र, शिक्षा जगत और नीति संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञों ने किया।

इसमें औद्योगिक दुर्घटना और उसके बाद के नियामक घटनाक्रमों के परिणामस्वरूप मुक्त व्यापार समझौते के तहत श्रम मानकों और व्यावसायिक सुरक्षा दायित्वों के कथित उल्लंघन से संबंधित मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजेश बिंदल ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए संवैधानिक मूल्यों, न्यायिक तर्कशक्ति और विधि सम्मत शासन बनाए रखने में विधि संस्थानों की भूमिका पर बल दिया। बेनेट विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राज सिंह ने नीति-उन्मुख विधि शिक्षा को बढ़ावा देने में विश्वविद्यालयों की भूमिका का उल्लेख किया। अन्य वक्ताओं ने क्षमता निर्माण और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रशासन की समझ बढ़ाने में विश्व व्यापार संगठन के विधि संबंधी मुकदमों के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान अकादमिक प्रकाशनों का विमोचन भी किया गया।

सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश, न्यायमूर्ति पंकज मिथल ने समापन सत्र को संबोधित करते हुए न्याय व्यवस्था सुदृढ़ बनाने में विधि शिक्षा की भूमिका पर बल दिया। उन्होंने संवैधानिक सिद्धांतों, न्यायिक निष्ठा और व्यावसायिक उत्तरदायित्व को रेखांकित किया। समापन सत्र में प्रतियोगिता परिणामों की घोषणा और अनुसंधान, पैरवी और समग्र प्रदर्शन में उत्कृष्टता प्रदर्शित करने के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस प्रतियोगिता ने अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक कानून और वैश्विक आर्थिक शासन में उन्नत अध्ययन और व्यावहारिक भागीदारी को बढ़ावा देने में शैक्षणिक और नीतिगत संस्थानों की भूमिका दर्शाई।

***

पीके/केसी/एकेवी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2227765) आगंतुक पटल : 54
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu