श्रम और रोजगार मंत्रालय
ईपीएफओ सुधार
प्रविष्टि तिथि:
12 FEB 2026 5:55PM by PIB Delhi
पंजीकरण बढ़ाने और क्षेत्रीय कवरेज में सुधार के लिए निम्नलिखित पहल की गई हैं:
- श्रम सुविधा पोर्टल के माध्यम से सामान्य पंजीकरण और एमसीए पोर्टल के माध्यम से कंपनी अधिनियम के तहत शामिल नई कंपनियों के लिए ऑटो-रजिस्ट्रेशन: व्यवसाय करने में आसानी के हिस्से के रूप में, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा एक एकीकृत प्लेटफॉर्म, श्रम सुविधा पोर्टल शुरू किया गया, जिसके माध्यम से ईपीएफओ पंजीकरण कराने वाला कोई भी प्रतिष्ठान आवश्यक डेटा और दस्तावेज प्रस्तुत करके ऑनलाइन पंजीकरण कर सकता है।
इसके अलावा, फरवरी 2020 से, ईपीएफओ के तहत ऑटो पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय के पंजीकरण पोर्टल स्पाइस+ और एजीआईएलई-पीआरओ ई-फॉर्म के माध्यम से सार्वजनिक एवं निजी लिमिटेड कंपनियों और एकल व्यक्ति कंपनियों के लिए किया जा रहा है।
- जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कर्मचारी भविष्य निधि और प्रकीर्ण उपबंध अधिनियम, 1952 का कार्यान्वयन: केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 31 अक्टूबर 2019 से एम्प्लॉई प्रोविडेंट फंड और मिसलेनियस प्रोविज़न एक्ट (ईपीएफ एंड एमपी अधिनियम), 1952 के कार्यान्वयन के बाद, पूर्ववर्ती जेके पीएफ अधिनियम के तहत कवर किए गए मौजूदा प्रतिष्ठानों के सभी कर्मचारियों के साथ-साथ कवर किए गए नए प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों के लिए ईपीएफओ ने अपने भविष्य निधि, पेंशन और बीमा लाभों का विस्तार किया है।
- कर्मचारियों द्वारा यूएएन का स्व-सृजन: सभी कर्मचारियों के कवरेज को सुनिश्चित करने के लिए, 01 नवंबर 2019 को एक सुविधा का शुभारंभ किया गया, जिसके माध्यम से कर्मचारी ईपीएफओ के तहत सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के सदस्यों के रूप में नामांकन के लिए अपना सार्वभौमिक खाता संख्या (यूएएन) स्वयं सृजित कर सकते हैं।
- चेहरा प्रमाणीकरण तकनीक (एफएटी) के माध्यम से यूएएन का सृजन: अप्रैल 2025 में, ईपीएफओ ने उमंग मोबाइल ऐप के माध्यम से आधार चेहरा प्रमाणीकरण तकनीक (एफएटी) का उपयोग करके सार्वभौमिक खाता संख्या (यूएएन) के सृजन और इसे एक्टिवेट करने की शुरुआत की। यह संपर्क रहित और सुरक्षित सेवा, ईपीएफओ सदस्यों को बिना किसी परेशानी और पूरी तरह से डिजिटल अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक बड़ी सफलता है।
इन उपायों के परिणामस्वरूप, नए प्रतिष्ठान के पंजीकरण और अंशदायी सदस्यों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है।
|
वर्ष
|
2019-20
|
2023-24
|
|
नए प्रतिष्ठान
|
*1,17,064
|
*2,94,910
|
* यह देखा गया है कि 2019-20 से 2023-24 तक प्रतिष्ठानों के नए पंजीकरण और कवरेज की संख्या में 251% की वृद्धि हुई है।
|
वर्ष
|
2019-20
|
2023-24
|
|
अंशदान देने वाले सदस्यों की औसत संख्या
|
#4,89,21,025
|
#7,37,39,204
|
# Iयह देखा गया है कि 2019-20 से 2023-24 तक अंशदान करने वाले सदस्यों की संख्या में 150% की वृद्धि हुई है।
केंद्रीकृत पेंशन भुगतान प्रणाली (सीपीपीएस) एक केंद्रीकृत प्रणाली स्थापित करके एक बड़े बदलाव को दर्शाती है, जो पूरे भारत में किसी भी बैंक, किसी भी शाखा के माध्यम से पेंशन वितरण को संभव बनाती है। यह पेंशन के वितरण को पूरे भारत में सुनिश्चित करती है जिसमें पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) को एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय में स्थानांतरित करने की आवश्यकता नहीं होती है, भले ही पेंशनभोगी एक स्थान से दूसरे स्थान पर चले जाएं या अपना बैंक या शाखा बदल लें।
परियोजना ईपीएफओ 3.0, ईपीएफओ की एक महत्वपूर्ण डिजिटल बदलाव पहल है। इसका उद्देश्य उद्योग मानक कोर बैंकिंग प्रणाली सक्षम सेवाओं को शुरू करके सदस्यों और प्रतिष्ठानों को बेहतर सेवाएं प्रदान करना है। यह पहल प्रोसेस को आसान बनाने और कागजी काम कम करने के लिए डिजाइन की गई है, जिससे सदस्यों के लिए अपने सामाजिक सुरक्षा खातों को मैनेज करना, दावों की तेजी से प्रोसेसिंग और सभी सदस्य सेवाओं का प्रबंधन करना आसान हो जाएगा। ऐसे दावे जो जोखिम प्रबंधन के लिए जांच और सत्यापन को पूरा करते हैं, उन्हें बिना किसी मैनुअल कार्रवाई के ऑटो मोड में प्रोसेस करने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिससे मैनुअल सेटलमेंट में लगने वाला समय 20 दिन से घटकर तीन दिन से भी कम हो जाता है।
सदस्यों की शिकायतों को कम करने और प्रोसेसिंग समय में इन नई सुविधाओं की प्रभावशीलता की निगरानी के लिए, ईपीएफओ क्षेत्रीय/फील्ड कार्यालयों के माध्यम से शिकायत निवारण और उनके समाधान के गुणात्मक और मात्रात्मक पहलुओं की समीक्षा के लिए नियमित बैठकें आयोजित करता है, जिसमें समस्याओं के मूल कारण का विश्लेषण भी शामिल है ताकि प्रणालीगत परिवर्तनों के लिए मामले पर कार्य किया जा सके।
यह जानकारी श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री सुश्री शोभा करंदलाजे ने आज राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
*****
पीके/केसी/एसके/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2227295)
आगंतुक पटल : 58