पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
कोलकाता बंदरगाह की बालागढ़ परियोजना
प्रविष्टि तिथि:
12 FEB 2026 6:28PM by PIB Delhi
श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह प्राधिकरण (एसएमपीए) यातायात में संभावित वृद्धि को देखते हुए और शहर के भीतर माल ढुलाई को कम करने के लिए बालागढ़ में कंटेनर और कोयले के लिए विशेष बर्थ विकसित कर रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य राष्ट्रीय जलमार्ग-1 के माध्यम से माल परिवहन को बढ़ावा देना भी है, जिससे अंतर्देशीय जलमार्ग संपर्क मजबूत हो और समग्र लॉजिस्टिक्स दक्षता में सुधार हो।
एसएमपीए के पास भूमि पहले से ही उपलब्ध है और पर्यावरण मंजूरी 24 जनवरी 2025 को प्राप्त हुई थी। परियोजना के इंजीनियरिंग प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) घटक के अंतर्गत, सड़क निर्माण के लिए निविदा 2 फरवरी 2026 को खोली गई थी और रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण के लिए कार्य आदेश 9 जनवरी 2026 को जारी किया गया था।
परियोजना की अनुमानित लागत 539.17 करोड़ रुपए है, जिसमें इंजीनियरिंग प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) घटक के रूप में 131.97 करोड़ रुपए और सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) घटक के रूप में 407.20 करोड़ रुपए शामिल हैं। ईपीसी घटक का वित्त पोषण भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा, जबकि पीपीपी घटक का वित्त पोषण और कार्यान्वयन चयनित रियायतकर्ता द्वारा किया जाएगा। ड्रेजिंग भाग को छोड़कर, परियोजना के ईपीसी भाग को 31 मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। पीपीपी संचालकों द्वारा जेट्टी के निर्माण के प्रारंभ होने से ठीक पहले, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) द्वारा ड्रेजिंग गतिविधियाँ शुरू की जाएंगी। पीपीपी घटक के अंतर्गत सुविधाओं का निर्माण रियायत आवंटन की तिथि से तीन वर्षों के भीतर पूरा किया जाना है।
इस परियोजना के तहत प्रस्तावित माल ढुलाई क्षमता 27 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष (एमएमटीपीए) है। परियोजना से शहरी क्षेत्रों के भीतर माल ढुलाई से होने वाली भीड़भाड़ को कम करके, रसद लागत को घटाकर और एक वैकल्पिक व्यापार केंद्र के विकास को सुगम बनाकर व्यापार लाभ मिलने की उम्मीद है। परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों माध्यमों से लगभग 2,600 रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय आबादी के लिए भी रोजगार के महत्वपूर्ण अवसर पैदा होंगे। इस प्रकार क्षेत्रीय सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान मिलेगा।
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने लोकसभा में लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
*****
पीके/केसी/जेएस
(रिलीज़ आईडी: 2227273)
आगंतुक पटल : 96