मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभर से MAITRIs और AHIDF लाभार्थियों के साथ एक संवादात्मक सत्र का आयोजन किया

प्रविष्टि तिथि: 25 JAN 2026 11:25PM by PIB Delhi

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत सरकार के मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय ने देशभर से लगभग 350 राष्ट्रीय गोकुल मिशन के MAITRIs तथा पशुपालन अवसंरचना विकास कोष (AHIDF) के लाभार्थियों—उनके परिवारजनों सहित—के साथ एक विशेष संवादात्मक सत्र का आयोजन किया।

आज राष्ट्रीय राजधानी में मंत्रालय द्वारा आयोजित एक संवादात्मक सत्र में विशेष अतिथियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय (MoFAH&D) तथा पंचायती राज मंत्रालय (MoPR) के माननीय केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ़ ललन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ पशुपालन एवं डेयरी विभाग (DAHD) के सचिव तथा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

अपने संबोधन में माननीय केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह ने राष्ट्र के विकास में MAITRIs और AHIDF लाभार्थियों के अमूल्य योगदान की सराहना की तथा जमीनी स्तर पर उनके समर्पण और अथक प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने राष्ट्रीय पशुधन मिशन (NLM), राष्ट्रीय गोकुल मिशन, पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम (LHDCP) और पशुपालन अवसंरचना विकास कोष (AHIDF) जैसी प्रमुख सरकारी पहलों पर प्रकाश डाला।

माननीय मंत्री ने पशुधन क्षेत्र में उत्पादकता बढ़ाने के लिए सेक्स सॉर्टेड सीमेन (SSS) और इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) जैसी नई तकनीकों और नवाचारों को अपनाने के महत्व पर भी बल दिया। उन्होंने सभी हितधारकों से मंत्रालय के साथ मिलकर क्षेत्रीय लक्ष्यों को प्राप्त करने तथा ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विज़न को साकार करने में योगदान देने का आह्वान किया।

भारत सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग (DAHD) के सचिव श्री नरेश पाल गंगवार ने भी सभा को संबोधित करते हुए पशुधन और डेयरी क्षेत्र में विभिन्न सरकारी पहलों के तहत हासिल की गई महत्वपूर्ण प्रगति पर प्रकाश डाला।

इस संवादात्मक सत्र में लाभार्थियों के साथ मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव (CDD) सुश्री वर्षा जोशी, अतिरिक्त सचिव (पशुधन स्वास्थ्य) श्री रामाशंकर सिन्हा, पशुपालन आयुक्त डॉ. नवीन बी. महेश्वरप्पा, सलाहकार (सांख्यिकी) श्री जगत हज़ारिका सहित मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

*****

पीके/केसी/वीएस


(रिलीज़ आईडी: 2218720) आगंतुक पटल : 143
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English