लोकसभा सचिवालय
लोक सभा अध्यक्ष तिरुपति में संसद और राज्य/संघ राज्य क्षेत्र विधानमंडलों की महिला सशक्तीकरण संबंधी समितियों के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल; आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री; केंद्रीय मंत्री; राज्य सभा के उपसभापति; आंध्र प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष; संसद और राज्य विधानमंडलों में महिला सशक्तीकरण संबंधी समितियों के सभापति इस सम्मेलन में भाग लेंगे
संसद और राज्य/संघ राज्य क्षेत्र विधानमंडलों के 100 से अधिक प्रतिनिधि सम्मेलन में भाग लेंगे
सम्मेलन का विषय है "उभरती प्रौद्योगिकियों की चुनौतियों का सामना करने के लिए महिलाओं को सशक्त बनाना"
Posted On:
12 SEP 2025 8:51PM by PIB Delhi
लोक सभा अध्यक्ष, श्री ओम बिरला 14 सितंबर 2025 को तिरुपति, आंध्र प्रदेश में संसद और राज्य/संघ राज्य क्षेत्र विधानमंडलों की महिला सशक्तीकरण संबंधी समितियों के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। श्री बिरला इस अवसर पर एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और एक स्मारिका का विमोचन भी करेंगे।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल, श्री एस. अब्दुल नज़ीर; आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री, श्री एन. चंद्रबाबू नायडू; राज्य सभा के उपसभापति, श्री हरिवंश; महिला सशक्तीकरण संबंधी संसदीय समिति की सभापति, श्रीमती डी. पुरंदेश्वरी; आंध्र प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष, श्री सी. अय्यन्नापत्रुडु; और आंध्र प्रदेश विधान परिषद के सभापति, श्री कोये मोशेनु राजू उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। आंध्र प्रदेश सरकार के मंत्री, विधान सभा और विधान परिषद के सदस्य तथा संसद और राज्य/संघ राज्य क्षेत्र विधानमंडलों की महिला सशक्तीकरण संबंधी समितियों के सभापति और सदस्य इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इस दो दिवसीय सम्मेलन (14-15 सितंबर 2025) में पूरे देश से 100 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन का विषय "उभरती प्रौद्योगिकियों की चुनौतियों का सामना करने के लिए महिलाओं को सशक्त बनाना" है। "विकसित भारत के लिए महिलाओं के नेतृत्व में विकास" और दो उप-विषयों (i) 'जेंडर रिस्पॉन्सिव बजटिंग' और (ii) 'उभरती प्रौद्योगिकियों की चुनौतियों का सामना करने के लिए महिलाओं को सशक्त बनाना' को भी एजेंडा में शामिल किया गया है।
इस सम्मेलन में भारत में डिजिटल क्षेत्र में हो रही प्रगति, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन, रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, बायोटेक्नोलॉजी और साइबर सुरक्षा के अवसरों और जोखिमों तथा महिलाओं पर उनके प्रभावों पर विचार-विमर्श किया जाएगा । डिजिटल क्षेत्र में महिला-पुरुष अंतराल को दूर करने, STEM क्षेत्रों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने, डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित करने और उद्यमिता एवं नवाचार में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करने पर विशेष रूप से जोर दिया जाएगा। ‘वर्ष 2047 तक विकसित भारत’ के विजन को साकार करने के लिए इस सम्मेलन में उभरती प्रौद्योगिकी आधारित अर्थव्यवस्थाओं में महिलाओं के समावेशन की रणनीतियों पर विचार किया जाएगा ।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल, श्री एस. अब्दुल नजीर; लोक सभा अध्यक्ष, श्री ओम बिरला; राज्य सभा के उपसभापति, श्री हरिवंश; महिला सशक्तीकरण संबंधी संसदीय समिति की सभापति, श्रीमती डी. पुरंदेश्वरी और आंध्र प्रदेश विधान सभा के सभापति, श्री सी. अय्यन्नापत्रुडु 15 सितंबर 2025 को आयोजित किए रहे समापन सत्र को संबोधित करेंगे । आंध्र प्रदेश विधान सभा के उपाध्यक्ष धन्यवाद ज्ञापित करेंगे ।
तिरुपति में आयोजित किया जा रहा महिला सशक्तीकरण संबंधी समितियों का यह पहला सम्मेलन, महिला सशक्तीकरण पर राष्ट्रीय संवाद का प्रतीक है, जिसका मुख्य उद्देश्य तकनीकी परिवर्तन के युग में महिलाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करना है।
***
AM
(Release ID: 2166131)
Visitor Counter : 2