Print
XClose
Press Information Bureau
Government of India
कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय
01 JUN 2019 2:30PM by PIB Delhi
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने आधिकारिक रूप से किसान कल्याण मंत्रालय का पदभार संभाला

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001KI0J.jpg

 

केंद्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने आज आधिकारिक रूप से किसान कल्याण मंत्रालय का पदभार संभाला। राज्यमंत्री श्री पुरुषोत्तम रूपाला और श्री कैलाश चौधरी ने भी इस मंत्रालय में राज्य मंत्रियों के रूप में कार्यभार संभाला। मंत्रालय के सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री और राज्य मंत्रियों का स्वागत किया।

केंद्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कार्यभार संभालने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व और किसानों की भलाई के लिए उनकी फिक्र की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपनी पहली ही मंत्रिमंडल बैठक में मोदी सरकार ने चुनावी वादों पर कार्यवाही करते हुए प्रधानमंत्री-किसान आय सहायता योजना को सभी किसानों के लिए लागू करने की मंजूरी दी। इसके लिए 2 हेक्टेयर जमीन सीमा को हटा दिया गया है। इसके अलावा किसानों के लिए पेंशन योजना को भी मंजूरी दी गई है। पशु पालन करने वाले किसानों की मदद के लिए पशुओं में फैलने वाले रोगों की रोकथाम के लिए एक नई पहल शुरू की गई है।

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0027WVT.jpg

 

श्री तोमर ने कहा कि नई पेंशन योजना हमारे देश का भरण-पोषण करने के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले किसानों को पेंशन सुरक्षा उपलब्ध कराएगी। स्वतंत्रता के बाद यह पहली बार हो रहा है कि किसानों को पेंशन कवर देने की कल्पना की गई है। इस योजना से पहले तीन वर्षों में ही लगभग 5 करोड़ छोटे और सीमांत किसानों को लाभ पहुंचने का अनुमान है। पीएम-किसान के बारे में उन्होंने कहा कि संशोधित योजना के तहत लगभग 2 करोड़ अन्य किसानों के इसके दायरे में आने की उम्मीद है। इससे पीएम-किसान योजना के तहत लाभार्थियों की संख्या बढ़ कर लगभग 14.5 करोड़ हो जाएगी।

कार्यभार संभालने के बाद मंत्रालय के अधिकारियों को संबोधित करते हुए श्री तोमर ने कहा कि मेहनती किसानों को सशक्त बनाने के लिए अनेक उपाय किये जा रहे हैं। उन्होंने कृषि मंत्रालय के अधिकारियों से कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों के कल्याण के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में स्थायी योगदान करने का अनुरोध किया।     

 

*****

आर.के.मीणा/आरएनएम/एएम/आईपीएस/सीएस–1379