Prime Minister's Office
azadi ka amrit mahotsav

Text of PM’s address during Closing Ceremony of Birth Centenary Celebrations of Dr. Bhupen Hazarika

Posted On: 29 NOV 2026 9:04PM by PIB Delhi

असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य जी, असम के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा जी, केंद्रीय मंत्रिमंडल के मेरे सहयोगी सर्बानंद सोनोवाल जी, पबित्रा मार्गेरिटा जी, मेरी बड़ी दीदी आदरणीय उषा मंगेशकर जी, भारत रत्न भूपेन हज़ारिका जी के परिवार के सभी सदस्यगण, कला जगत से जुड़े सभी महानुभाव, देवियों और सज्जनों! आप सबको नमस्कार!

मोइ भुपेन दा लोई गोभीर श्रोद्धा जोनाइसू, एइ ओइतिहासिक अनुस्थानत उपस्थित थाकि, मोइ खुबेइ आनोन्दितो होइसू। आज का यह आयोजन, असम और नॉर्थ ईस्ट के साथ-साथ, भारत की कला और हमारी सामूहिक चेतना का भी उत्सव है। ये भी सुखद है, कि भारत रत्न भूपेन हज़ारिका जी की जन्मशती का ये समारोह गुवाहाटी से शुरु हुआ था, लेकिन इसका समापन देश की राजधानी में हो रहा है। और मुझे याद है, इससे पहले महान योद्धा, वीर लचित बरफुकन जी की 400वीं जयंती का बहुत भव्य कार्यक्रम दिल्ली में हुआ था। ये एक भारत-श्रेष्ठ भारत की बहुत सुंदर मिसाल है।

साथियों,

भूपेन दा के जन्मशती समारोह में, पूरे राष्ट्र ने अपने इस महान सपूत को नमन किया है, अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। और ये मेरे लिए सौभाग्य की बात है, कि मुझे जन्मशती वर्ष के आरंभ और समापन, दोनों ही समारोह में, शामिल होने का अवसर मिला है। भूपेन दा के प्रति मेरी आत्मीयता एक और वजह से भी विशेष है। वे असम की महान संतान तो थे ही, लेकिन वे गुजरात के दामाद भी थे। और आज भी मैं उनके सुपुत्र जीत से गुजराती में ही बात करता हूं। और इसीलिए, मुझे जब इन कार्यक्रमों में बुलाया गया, तो एक अलग प्रसन्नता महसूस हुई। मैं भूल नहीं सकता, जब 11 हजार कलाकारों ने एक साथ बीहू प्रस्तुत किया था, तो पूरी दुनिया ने असम की सांस्कृतिक शक्ति को देखा था। जब बोडो बहनों-भाइयों ने बागुरुम्बा की मनमोहक प्रस्तुति की, तब दुनिया ने हमारी विविधता का एक अद्भुत रंग देखा था। जब चाय बागानों से जुड़े हजारों कलाकारों ने, झुमोइर के रंग बिखेरे, तो चाय वाला तो खुश होगा ही होगा, तब पूरे समुदाय की प्रतिभा दुनिया के सामने आई। और आज, असम के अनेक जिलों के कलाकार एक बार फिर, राजधानी दिल्ली में वही रंग, वही उत्साह लेकर आए हैं।

साथियों,

मैं हेमंता जी और उनकी पूरी टीम और असम की जनता को, एक और ऐतिहासिक पहल करने के लिए बधाई देना चाहता हूं। भूपेन हज़ारिका जी की स्मृति में, असम सरकार ने नया पुरस्कार शुरु किया है। और आदरणीय उषा मंगेश्कर जी के सम्मान के साथ ये शुभ शुरुआत हुई है। और संयोग देखिए, मेरे गांव में दो बेटी ताना और रीरी, अकबर के जमाने में संगीत की दुनिया में उनका बहुत बड़ा नाम था। जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री बना तो मैंने इस ताना रीरी संगीत समारोह को प्रारंभ किया, और उस समय जहां दो लोग एक साथ जोड़ी पहचानी जाती है, उनको अवार्ड देने की परंपरा शुरू की। और पहला अवार्ड ऊषा दीदी और लता दीदी को दिया था और उस समय ऊषा दीदी मेरे गांव आई थी। और आज ये भी अवार्ड का प्रारंभ हो रहा है, और आज भी मुझे ऊषा दीदी को प्रणाम करने का अवसर मिल रहा है। ऊषा दीदी का ये सम्मान, भूपेन दा की विरासत और संगीत जगत, दोनों का सम्मान है। असम और देश की अनेक पीढ़ियां, भूपेन दा और ऊषा दीदी के गीतों को सुनकर बड़ी हुई हैं। मुझे विश्वास है, आज लता दीदी, आशा दीदी भी, जहां भी होंगे, हमें बहुत आशीर्वाद दे रही होंगी।

साथियों,

अक्सर जब हम किसी व्यक्ति की महानता की चर्चा करते हैं, तो हम उसके नाम, उसके काम, उसकी उपलब्धियां देखते हैं। लेकिन कुछ लोग ऐसे होते हैं, जिनकी पहचान इन सबसे भी बहुत बड़ी होती है। भूपेन दा ऐसे ही विरले व्यक्तित्व थे। वे गाते थे, संगीत के सुरों को आत्मा देने के लिए, वे लिखते थे शब्दों को नया जीवन देने के लिए, वे संगीत रचते थे, समाज को जोड़ने के लिए। मैं मानता हूं, भूपेन दा ने केवल गीत नहीं लिखे, उन्होंने अपने गीतों में एक युग लिखा है। उन्होंने गंगा और ब्रह्मपुत्र के विस्तार को समेटा, भारत के विविध समाज को जोड़ा, लोकगीतों को नई पीढ़ी के लिए पिरोया, उन्हें भाषा की सीमाओं से निकाला, भारत की विरासत के लिए, उनकी प्रतिबद्धता अद्भुत थी, और इसी प्रतिबद्धता से, उन्होंने भारत की अगली पीढ़ी को हमारी सांस्कृतिक विरासत सौंपी।

साथियों,

भूपेन दा, जितने आधुनिक थे, उतने ही अपनी मिट्टी से जुड़े हुए थे। उनकी प्रतिभा वैश्विक थी, उनका दिल हिंदुस्तानी था। इसलिए पिछले वर्ष मैंने गुवाहाटी में भी कहा था, भूपेन दा ने भारत की भावनाओं को अपनी आवाज दी है। उन्होंने भारत के सपनों को अपने गीतों में पिरोया है। और इसलिए, ये हमारा सौभाग्य है कि उनकी इस विरासत को, भारत सरकार ने भारत रत्न के रूप में देश का सर्वोच्च सम्मान दिया है।

साथियों,

भूपेन हजारिका जी प्रखर राष्ट्रवादी और सच्चे देशभक्त थे। वो कहते थे, एक अच्छा भारतीय बनने के लिए हर असमिया को अच्छा अहोमिया बनना भी जरूरी है। “आमी अहोमिया, आमी भाल भारोतिया"। 1962 में युद्ध के माहौल में उन्होंने देश के युवाओं का आह्वान किया था, बुकु हुम हुम करे, मोर आई। जब देश का चंद्रमा काल-अंधकार से ढक जाए, तब युवा मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्योछावर करने को तैयार रहें। और नदियों से उनका प्रेम पुत्रवत था, और जुड़ाव ऐसा कि वो ब्रह्मपुत्र से शिकायत भी कर डालते थे, झगड़ा कर देते थे। अन्याय, शोषण और भेदभाव देखकर भी वह मौन क्यों बहती है? “बिस्तीर्णो पारोरे, अखोन्ख्यो जनोरे, हाहाकार खुनियू, निहोब्दे निरोबे, बुरहा लुइत तुमि, बुरहा लुइत बुवा कियो?”

साथियों,

इसी भावना के साथ, युवा भूपेन हजारिका ने एक नए असम और नए भारत के निर्माण का संकल्प लिया था। “अग्निजुगोर फिरींगोति मोई, नोतुन अहोम गोढ़िम, नोतुन भारोत गोढ़िम” और आज हम अपनी आंखों से नए भारत का निर्माण होते देख रहे हैं। आज की युवा शक्ति Startup बना रही है, अंतरिक्ष में रॉकेट भेज रही है। एग्रीकल्चर, Finance, Sports और Science में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।

साथियों,

भूपेन दा ने पूरी मानव जाति को संबोधित करते हुए मानवता को प्रेरित करने वाला सुंदर गीत गाया था। उन्होंने कहा था- हम सभी एक ही जीवन नौका के सहयात्री हैं, “आमी एकेखोन नावोरे जात्री, हहोजात्री एकेखोन नावोरे। वो नाव आज सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ सच्चाई में बदल चुकी है। आज हर भारतीय की मेहनत और सहभागिता देश की  प्रगति की पतवार बनी है। हमारा संकल्प है, कोई पीछे न छूटे, सब साथ चलें, सब साथ बढ़ें, और इसी का नतीजा, अभी हमने वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट में देखा है। वर्ल्ड बैंक ने कहा है कि बीते वर्षों में 50 करोड़ भारतीय भीषण गरीबी से बाहर आए हैं। बड़ी संख्या में असम में भी लोगों का जीवन सुधरा है। ये सबका साथ-सबका विकास के मंत्र की ताकत है।

साथियों,

भूपेन दा का एक और गीत है, मानुहे मानुहोर बाबे, इस गीत में उन्होंने एक सवाल पूछा। अगर इंसान ही इंसान के दुख-दर्द के बारे में नहीं सोचेगा, तो फिर कौन सोचेगा? सोचिए! कितना सरल सवाल है, लेकिन कितना बड़ा संदेश है? जब हम अपनी नीतियों में, अपनी रीतियों में, मानवता को सर्वोपरि रखते हैं, तो समाज बनते हैं, सेतु बनते हैं। पिछले 12 वर्षों में हम सभी का यही प्रयास रहा है। असम हो, पूरा नॉर्थ ईस्ट, अष्टलक्ष्मी हो, सरकार ने मानवीय संवेदना को सर्वोपरि रखते हुए पूरे सेवा भाव से काम किया है। हमारा निरंतर प्रयास है, कि नॉर्थ ईस्ट में हमारा हर एक परिवार, समन्वय से, सद्भाव से, सकारात्मक ऊर्जा से आगे बढ़े। मुझे बहुत खुशी है, कि बीते वर्षों में असम के हज़ारों साथियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ा है। मानवता का, विकास का, विश्वास का नया रास्ता चुना है। और मैं समझता हूं, आज हम नॉर्थ ईस्ट के हर राज्य तक, अष्टलक्ष्मी के हर एक रूप तक, पूर्वोत्तर के कोने कोने तक, विकास के जितने काम कर रहे हैं, हर वो काम, भूपेन दा के आशीर्वाद से, उनकी प्रेरणा से हो रहा है।

साथियों,

हम सभी भारतीय, विकसित भारत का संकल्प लेकर निकले हैं। भाषा अलग हो सकती है, परिवेश, खानपान, जीवन शैली, बहुत कुछ अलग हो सकता है। लेकिन हमारा संकल्प एक है। और ये संकल्प, विकसित भारत के निर्माण का है। हां, ऐसी बातें उनको पसंद नहीं आती, जो विवाद में, सत्ता के सपने देखते हैं। जो भारत को भी टुकड़ों में देखते हैं, जो देश की उपलब्धियों पर नाराज फूफा बने घूमते रहते हैं। मैं तो कहूंगा कि ऐसे नाराज फूफाओं को भूपेन दा के गीत बार-बार सुनने चाहिए। शायद उन्हें सद्बुद्धि आए।

साथियों,

मुझे एक और बात का गर्व है। भूपेन दा ने काशी से पढ़ाई की थी, और मेरा सौभाग्य है, मुझे उस काशी के सांसद के नाते सेवा करने का अवसर मिला है। वो मॉस कम्यूनिकेशन में पीएचडी करने वाले पहले भारतीयों में से एक थे। भूपेन दा की जन्म शताब्दी के कार्यक्रमों का भले आज समापन हो रहा है, लेकिन उनकी विरासत चिरंतर है। इसलिए हमें उनकी स्मृतियों से प्रेरणा लेकर, नए संकल्पों को आकार देना है। भूपेन दा के गीत, हमारी शिक्षा का हिस्सा बनें, वे नई पीढ़ी तक पहुंचें। उनकी रचनाओं का संरक्षण हो। उनके विचारों पर रिसर्च हो। देश की अलग-अलग भाषाओं में उनके साहित्य का प्रसार हो, ये बहुत आवश्यक है।

साथियों,

भूपेन दा ने नए असम का सपना देखा था। मैं गर्व के साथ कह सकता हूं, कि बीते दशक में असम अभूतपूर्व संभावनाओं का प्रदेश बनकर उभरा है। और मैंने कुछ साल पहले कहा था, वो दिन दूर नहीं, जब देश का बच्चा-बच्चा ये कहना शुरू करेगा, ए फॉर असम। आधुनिक कनेक्टिविटी से लेकर, टेक्नोलॉजी के नए हब तक, भूपेन दा के नाम पर बने ब्रह्मपुत्र के विशाल सेतु से लेकर, गुवाहाटी में लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई जी के नाम पर बने आधुनिक एयरपोर्ट्स तक़ असम का नया अवतार सामने आ रहा है। और असम के विकास की ये रफ्तार और तेज़ होने वाली है। इसी विश्वास के साथ़ एक बार फिर आप सभी को और विशेष रूप से आदरणीय उषा मंगेशकर जी को मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं। बहुत-बहुत धन्यवाद।

***

NKR/KP/DK


(Release ID: 2343591) Visitor Counter : 87
Read this release in: हिन्दी , Gujarati