वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत ने टोगो में आयोजित 21वें लोमे अंतरराष्ट्रीय मेले में अपनी विनिर्माण क्षमता और विविध उत्पाद पोर्टफोलियो का प्रदर्शन किया


28 नवंबर को ‘इंडिया डे’ मनाया गया; एपीडा ने कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा दिया

प्रविष्टि तिथि: 29 NOV 2026 3:48PM by PIB Delhi

27 नवंबर से 13 दिसंबर 2026 के दौरान आयोजित होने वाले 21वें लोमे अंतरराष्ट्रीय मेले (फोयर इंटरनेशनले दे लोमे-एफआईएल) में ‘विशिष्ट अतिथि’ देश के रूप में भारत की भागीदारी, टोगो और व्यापक पश्चिम अफ्रीकी क्षेत्र के साथ द्विपक्षीय व्यापार, निवेश एवं आर्थिक सहयोग को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है। यह मेला लोमे स्थित ‘सेंट्रे टोगोलेस डेस एक्सपोजिशन एट फोयर्स' (सीईटीईएफ टोगो 2000) में आयोजित किया जा रहा है।

इस मेले का उद्घाटन 27 नवंबर 2026 को टोगो के अर्थव्यवस्था एवं रणनीतिक निगरानी मंत्री महामहिम श्री बादनाम पातोकी द्वारा किया गया। इसका विषय “लोमे, अफ्रीका में व्यापार एवं निवेश का केन्द्र” है। इसमें लगभग 20 देशों के 1,000 से अधिक प्रदर्शकों और प्रतिनिधिमंडलों के भाग लेने की उम्मीद है। यह मेला टोगो और पूरे पश्चिम अफ्रीकी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निवेश, व्यावसायिक साझेदारी एवं आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने का एक मंच प्रदान करता है।

‘इंडिया पैवेलियन’ में भारत की विनिर्माण क्षमताओं, तकनीकी विशेषज्ञता और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों व सेवाओं को प्रदर्शित किया गया है। इसमें कृषि एवं कृषि-प्रसंस्करण, फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य सेवा, नवीकरणीय ऊर्जा, इंजीनियरिंग, वस्त्र, विनिर्माण और डिजिटल समाधान जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को शामिल किया गया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग के अंतर्गत आने वाला ‘कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण’ (एपीडा) भी इस मेले में हिस्सा ले रहा है। एपीडा टोगो और व्यापक पश्चिम अफ्रीका के बाजारों में भारत के कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों को बढ़ावा दे रहा है। साथ ही, इन बाजारों तक पहुंच बनाने और व्यावसायिक साझेदारी के अवसरों की तलाश भी कर रहा है।

28 नवंबर 2026 को ‘इंडिया डे’ मनाया गया, जिसमें टोगो के कारोबार जगत तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के सामने भारत की आर्थिक ताकत, औद्योगिक क्षमताओं, उत्पादों की विविधता, तकनीकी प्रगति और निवेश के अवसरों को प्रदर्शित किया गया। इस आयोजन ने भारतीय और टोगो की कंपनियों के बीच आपसी व्यापारिक बातचीत (बी2बी) एवं व्यावसायिक संबंध स्थापित करने में भी मदद की।

भारत और टोगो के बीच एक मजबूत व्यापारिक साझेदारी है। जहां वित्त वर्ष 2025–26 में दोनों देशों के बीच व्यापार 3.36 बिलियन अमेरिकी डॉलर का रहा, वहीं वित्त वर्ष 2024–25 में यह व्यापार 3.45 बिलियन अमेरिकी डॉलर का था। वित्त वर्ष 2025–26 के दौरान, भारत से टोगो को 2.51 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निर्यात हुआ, जबकि टोगो से भारत का आयात 851.27 मिलियन अमेरिकी डॉलर का रहा। बाजार तक बेहतर पहुंच, कंपनियों के बीच आपसी जुड़ाव और साझा हितों वाले क्षेत्रों में सहयोग के जरिए, दोनों देशों के बीच व्यापार को और बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं।

इस मेले के दौरान, वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव श्री अमित कुमार ने टोगो के अर्थव्यवस्था एवं रणनीतिक निगरानी मंत्री महामहिम श्री बादनाम पातोकी से मुलाकात की। इस दौरान  उन्होंने बाजार तक पहुंच बढ़ाने, साझेदारी कायम करने और द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा की। श्री कुमार ने बताया कि टोगो के निर्यात के लिए भारत सबसे बड़ा गंतव्य है और उन्होंने व्यापार की वस्तुओं (ट्रेड बास्केट) में विविधता लाने की आवश्यकता पर जोर दिया। टोगो द्वारा घरेलू स्तर पर मूल्यवर्धन पर दिए जा रहे जोर की सराहना करते हुए, उन्होंने काजू, सोयाबीन और शिया प्रसंस्करण में संलग्न छोटे एवं मध्यम उद्यमों के लिए किफायती भारतीय प्रसंस्करण मशीनरी की उपलब्धता का उल्लेख किया। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापार नीतियों में अधिक स्पष्टता एवं स्थिरता होने से टोगो में प्रसंस्करण सुविधाओं के क्षेत्र में भारतीय निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

.https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image001_20261129154958_eb8cdd.jpg

21वें लोमे अंतरराष्ट्रीय मेले में ‘विशिष्ट अतिथि’ देश के रूप में भारत की भागीदारी, टोगो के साथ आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और अफ्रीका में भारत की व्यावसायिक उपस्थिति का विस्तार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लोमे, इकोवास और साहेल बाजारों के एक प्रवेश द्वार का काम करता है। भारत की यह भागीदारी द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने, निजी क्षेत्र की साझेदारियों को प्रोत्साहित करने और निवेश के प्रवाह को सुगम बनाने से संबंधित दोनों देशों की प्रतिबद्धता को फिर से पुष्ट करती है। यह मेला 13 दिसंबर 2026 तक चलेगा और इससे भारतीय कंपनियों तथा टोगो के उनके समकक्षों को साझेदारी की संभावनाएं तलाशने एवं स्थायी व्यावसायिक संबंध स्थापित करने के और अवसर मिलेंगे।

***

पीके/केसी/आरटी/आर


(रिलीज़ आईडी: 2343504) आगंतुक पटल : 49
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati