प्रविष्टि तिथि:
28 NOV 2026 4:59PM by PIB Delhi
भारतीय रेलवे ने 27 नवंबर 2026 को सिवोक-रंगपो नई रेल लाइन परियोजना में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस मार्ग की सबसे लंबी सुरंग, 'सुरंग नंबर 10' में खुदाई का काम पूरा हो गया है। 5.3 किलोमीटर लंबी इस सुरंग में खुदाई पूरी होने के साथ ही, परियोजना की सभी 14 सुरंगों में खुदाई का काम संपन्न हो गया है। इससे सिक्किम अपनी पहली रेल कनेक्टिविटी के और करीब पहुंच गया है।
https://www.instagram.com/reel/DgRdPeeyt8X/?hvrq=MWM0bDdsY2pubzRmYg==
कुल 5.3 किलोमीटर लंबी 'सुरंग नंबर 10', इस परियोजना की 14 सुरंगों में सबसे लंबी है। इसकी खुदाई दोनों सिरों से और दो एक्सेस सुरंगों के जरिए की गई थी। अब खुदाई के दोनों हिस्से आपस में जुड़ गए हैं, जिससे खुदाई का काम सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। इसके बाद अब बाकी बचे काम किए जाएंगे, जिनमें सुरंग की लाइनिंग, ट्रैक बिछाना और रेलवे सुरक्षा प्रणालियों को स्थापित करना शामिल है।

45 किलोमीटर लंबी सिवोक-रंगपो ब्रॉड गेज नई रेल लाइन परियोजना, पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों तथा सिक्किम के पाकयोंग जिले से होकर गुजरती है। भौगोलिक रूप से कठिन हिमालयी पहाड़ी इलाकों से गुजरने वाली इस रेल लाइन में 14 सुरंगें हैं, जो कुल मार्ग की लंबाई का लगभग 86 प्रतिशत हिस्सा हैं।

इस परियोजना में 23 पुल भी शामिल हैं। यह सिवोक, रियांग, मेल्ली और रंगपो स्टेशनों को जोड़ेगी, और साथ ही तीस्ता बाजार में एक अंडरग्राउंड हॉल्ट भी होगा। सिवोक में, यह लाइन मौजूदा न्यू जलपाईगुड़ी-अलीपुरद्वार रेलवे रूट से जुड़ जाएगी, जिससे सिक्किम राष्ट्रीय रेलवे नेटवर्क से जुड़ जाएगा।
एक बार चालू हो जाने पर, सिवोक-रंगपो रेलवे लाइन सिक्किम को सीधी रेल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। यह स्थानीय लोगों और पर्यटकों को नेशनल हाईवे 10 के मुकाबले एक सुरक्षित, तेज़ और अधिक भरोसेमंद विकल्प देगी। इस रेल लिंक से ज़रूरी सामानों की आवाजाही आसान होने, स्थानीय व्यवसायों की बाज़ारों तक पहुँच बेहतर होने और राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की भी उम्मीद है।
*****
पीके/केसी/एनएम