प्रविष्टि तिथि:
28 NOV 2026 4:55PM by PIB Bhopal
मथुरा/नई दिल्ली- केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को मथुरा पहुंचे और गौ ग्राम परखम स्थित गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित धर्मगुरु भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भगवान श्रीकृष्ण की भूमि ब्रज के महत्व, गोसेवा, प्राकृतिक खेती, किसानों की आय, पशुपालन, ग्रामीण विकास और नशामुक्त गांवों के निर्माण पर विस्तार से संवाद किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का गायों के प्रति प्रेम हमें गोसेवा और गोपालन की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि, कृषि मंत्री के रूप में छोटे किसानों को लाभकारी खेती से जोड़ना और ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में गांवों को गरीबी से मुक्त बनाना मेरी प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से खेती के साथ पशुपालन अपनाने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और गांवों को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया।

भगवान श्रीकृष्ण की भूमि ब्रज में आकर मन श्रद्धा और आनंद से भर गया
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि ब्रज में आकर मन आनंद और श्रद्धा से भर गया है। यह भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं की भूमि है। भगवान श्रीकृष्ण का गायों के प्रति प्रेम उनके बचपन की एक घटना से समझा जा सकता है। जब कन्हैया ने गोचारण के लिए जाने की जिद की, तो यशोदा मैया ने उन्हें जंगल में कांटे, कंकड़ और पत्थर होने की बात कहकर जूते पहनने को कहा। लेकिन कन्हैया ने जूते पहनने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि जिन गायों को लेकर वे जंगल जाएंगे, उनके पैर भी नंगे हैं। यह भगवान श्रीकृष्ण का गोप्रेम था। उन्होंने कहा कि ब्रज की भूमि हमें गोसेवा, करुणा और सभी प्राणियों के प्रति प्रेम का संदेश देती है।

दीनदयाल उपाध्याय जी का एकात्म मानववाद पूरी दुनिया को एक ही चेतना का संदेश देता है
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मथुरा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्मभूमि भी है। उन्होंने भारत ही नहीं, पूरी दुनिया को एकात्म मानववाद का दर्शन दिया। इसका मूल भाव है कि हम सबमें एक ही चेतना है। तुलसीदास जी ने कहा है, “सियाराम मय सब जग जानी।” हमारे यहां कहा गया है, “आत्मवत् सर्वभूतेषु।” इसी विचार से भारत ने दुनिया को “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश दिया। हमारी संस्कृति का मंत्र है- धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो। उन्होंने कहा कि जब सभी जीवों में एक ही चेतना है, तो यह केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं है। पशुओं में भी वही चेतना है। गोमाता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना गया है। इसलिए गोसेवा हमारी संस्कृति, संवेदना और जीवन मूल्यों का अभिन्न हिस्सा है।

पंचगव्य और गौमाता के सुपरफूड पर हो रहे प्रयोग अद्भुत
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के साथ दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति की प्रयोगशाला का उद्घाटन करने का अवसर मिला। दीनदयाल कामधेनु गौशाला सचमुच में अद्भुत काम कर रही है। गौशाला के माध्यम से अनेक प्रयोग किए जा रहे हैं। आज जो हमने देखा, वह अद्भुत और अभूतपूर्व है। प्रयोगशाला में पंचगव्य पर शोध हो रहा है और उसके लाभों के वैज्ञानिक प्रमाण जुटाए जा रहे हैं। पंचगव्य यानी दूध, घी, दही, गोबर और गोमूत्र को अधिक गुणकारी बनाने और उनके लाभों को वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित करने पर प्रयोग किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गौमाता के लिए वनस्पतियों से सुपरफूड तैयार करने का प्रयोग भी प्रयोगशाला में होगा। यह सुपरफूड गायों को खिलाया जाएगा, जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर होगा। गौमाता न केवल स्वस्थ रहे, बल्कि प्रसन्न भी रहे, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गाय स्वस्थ और प्रसन्न रहेंगी, तो दूध, दही, घी, गोमूत्र और गोबर जैसे पंचगव्य उत्पाद भी अधिक गुणकारी होंगे। उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के सभी साथियों को अकल्पनीय और सराहनीय काम के लिए बधाई देते हुए कहा कि इन प्रयोगों में जहां भी सहयोग की जरूरत होगी, हम सहयोग करने का प्रयास करेंगे।

प्राकृतिक खेती गाय के बिना संभव नहीं
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्राकृतिक खेती एक महत्वपूर्ण प्रयास है। प्राकृतिक खेती के लिए गोबर, गोमूत्र, छाछ, गुड़ और मिट्टी जैसी चीजों की जरूरत होती है। इसके साथ एकीकृत खेती और गो-आधारित खेती भी किसानों के लिए उपयोगी रास्ते हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती गाय के बिना संभव नहीं है, इसलिए किसानों के घरों में गोपालन होना चाहिए। इसके लिए कई तरह की योजनाएं भी बनाई गई हैं। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे अपने घर में गाय जरूर पालें और अपनी खेती के छोटे से हिस्से में प्राकृतिक खेती शुरू करें। उन्होंने कहा कि, मैं दावे से कहता हूं कि प्राकृतिक खेती सही तरीके से की जाए, तो उत्पादन घटेगा नहीं और मुनाफा बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों से मुक्त खेती को भविष्य में आगे बढ़ाना होगा, ताकि खेती आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उपयोगी बनी रहे।
कामधेनु गौशाला जैसे प्रयोग किसानों और ग्रामीण परिवारों को आजीविका से जोड़ने में सहायक होंगे
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गांवों को गरीबी मुक्त बनाने के लिए खेती और पशुपालन को मजबूत करना आवश्यक है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में गरीबी कम करने के लिए निरंतर प्रयास हो रहे हैं। जो परिवार आज आजीविका से वंचित हैं, उन्हें खेती, पशुपालन और ग्रामीण विकास की गतिविधियों से जोड़ने का काम किया जा रहा है। कामधेनु गौशाला जैसे प्रयोग इस दिशा में बहुत सहायक होंगे। उन्होंने गौशाला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
गांवों को गरीबी मुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में मेरी प्राथमिकता गांवों को गरीबी से मुक्त बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में देश के 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। अभी जो 2.7 प्रतिशत लोग गरीबी में बचे हुए हैं, उन्हें भी गरीबी से बाहर निकालना है। इसके लिए खेती, पशुपालन और ग्रामीण विकास के माध्यम से हर परिवार को आजीविका से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिन परिवारों के पास आजीविका का साधन नहीं है, उन्हें रोजगार और आजीविका से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कामधेनु गौशाला जैसे प्रयोग इस दिशा में बहुत सहायक होंगे।
****