इस्‍पात मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एनएसएल के नगरनार स्टील प्लांट ने कोक उत्पादन में हासिल की 5 मिलियन टन की उपलब्धि

ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण अनुकूल तकनीक के साथ उत्पादन क्षमता एवं परिचालन दक्षता को मिल रही मजबूती

प्रविष्टि तिथि: 26 NOV 2026 6:37PM by PIB Raipur

एनएमडीसी स्टील लिमिटेड (NSL) के नगरनार स्टील प्लांट ने कोक उत्पादन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 25 नवंबर 2026 को 5 मिलियन टन कोक उत्पादन का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि प्लांट की स्थापना के बाद से उसकी कोक ओवन बैटरियों द्वारा किए गए कुल उत्पादन को दर्शाती है।

एनएसएल की कोक ओवन बैटरी नंबर-1 को 28 अक्टूबर 2022 को परिचालन में लाया गया था। यह प्लांट की शुरुआती परिचालन इकाइयों में से एक थी। इसके बाद 25 अप्रैल 2023 को बैटरी नंबर-2 भी शुरू की गई। दोनों बैटरियों के कुशल संचालन से उत्पादन दक्षता बढ़ाने, लागत नियंत्रण और कंपनी की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।

एनएसएल का कोक ओवन संयंत्र ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इसमें 67-67 ओवन वाली दो बैटरियां हैं। प्रत्येक ओवन की ऊंचाई 7 मीटर है और ये चौबीसों घंटे कच्चे कोयले को मेटलर्जिकल कोक में परिवर्तित करते हैं। इस कोक का उपयोग संयंत्र की 3 मिलियन टन क्षमता वाली ब्लास्ट फर्नेस में इस्पात उत्पादन के लिए किया जाता है।

इस संयंत्र की प्रमुख विशेषताओं में पर्यावरण अनुकूल कोक ड्राई कूलिंग प्लांट (CDCP) भी शामिल है। इस तकनीक में गर्म कोक को ठंडा करने के लिए पानी के स्थान पर अक्रिय नाइट्रोजन गैस का उपयोग किया जाता है। इस प्रक्रिया से उत्पन्न अपशिष्ट ऊष्मा (वेस्ट हीट) को पुनः प्राप्त कर बिजली का उत्पादन किया जाता है। साथ ही, यह तकनीक कोयले की धूल से होने वाले पर्यावरण प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी सहायक है।

एकीकृत इस्पात संयंत्रों में कोकिंग कोल इस्पात निर्माण प्रक्रिया का महत्वपूर्ण घटक है। कोकिंग कोल से प्राप्त कोक ब्लास्ट फर्नेस में आवश्यक ऊष्मा उत्पन्न करने और लौह अयस्क के प्रसंस्करण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कच्चे कोयले को सीधे ब्लास्ट फर्नेस में उपयोग करने के बजाय कोक ओवन में इसे कठोर एवं छिद्रपूर्ण मेटलर्जिकल कोक में परिवर्तित किया जाता है, जिससे ब्लास्ट फर्नेस की परिचालन प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनती है।

5 मिलियन टन कोक उत्पादन का आंकड़ा पार करना एनएसएल नगरनार स्टील प्लांट की परिचालन दक्षता, तकनीकी क्षमता और निरंतर उत्पादन प्रयासों का महत्वपूर्ण प्रमाण है।
 

 

****


(रिलीज़ आईडी: 2342492) आगंतुक पटल : 4
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English