महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

श्री शिवराज सिंह चौहान और श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने ‘नई चेतना 5.0’ अभियान का किया शुभारंभ; हिंसा मुक्त गांव बनाने के लिए चतुष्पक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर


महिलाओं की सुरक्षा, लैंगिक समानता और सशक्तिकरण के लिए 15 मंत्रालयों और विभागों ने मिलाया हाथ

25 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में चलेगा महीने भर का राष्ट्रीय अभियान

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 6:16PM by PIB Delhi

केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि और किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने आज नई दिल्ली के पूसा स्थित एनएएससी परिसर में ‘नई चेतना : पहल बदलाव की’ के पांचवें संस्करण का शुभारंभ किया। यह अभियान लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए चलाया जा रहा है। इस अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री रोहित कंसल, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव श्री अनिल मलिक और न्याय विभाग के सचिव श्री नीरज वर्मा सहित विभिन्न मंत्रालयों और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा देशभर से आई महिला प्रतिनिधि उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण हिंसा मुक्त गांव पहल को लेकर हुआ चतुष्पक्षीय समझौता रहा। इस पर ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, न्याय विभाग और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) ने हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत DAY-NRLM के जेंडर रिसोर्स सेंटर को वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, दिशा 2.0 और कानूनी सहायता सेवाओं से जोड़ा जाएगा। इससे हिंसा का सामना करने वाली महिलाओं को सुरक्षा, कानूनी सहायता और पुनर्वास की सुविधा एक साथ मिल सकेगी। इस पहल को शुरुआती तौर पर 9 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हिंसा से प्रभावित किसी भी महिला को मदद के लिए भटकना न पड़े।

इस अवसर पर श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, सम्मान और गरिमा विकसित भारत के संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था में लगभग 3.75 करोड़ लखपति दीदियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करना भी जरूरी है। इसके लिए समाज की पुरानी सोच में बदलाव लाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि यह समझौता महिलाओं की सुरक्षा, न्याय, पुनर्वास और आजीविका को एक साथ जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने राज्यों, स्वयं सहायता समूहों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय समुदायों से अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान को भी इससे जोड़ने और नशा मुक्त एवं हिंसा मुक्त गांव बनाने पर जोर दिया।

श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि इस अभियान को हर घर तक पहुंचाने में सामुदायिक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से महिला सहायता सेवाओं के बारे में जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 को अपने फोन में सुरक्षित रखें और दूसरों के साथ भी साझा करें, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाओं को समय पर मदद मिल सके।

श्री रोहित कंसल ने कहा कि ‘नई चेतना’ अभियान ने जागरूकता कार्यक्रम से आगे बढ़कर देशव्यापी जन आंदोलन का रूप ले लिया है। अब तक इस अभियान से 5.3 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं और करीब 7,000 जेंडर रिसोर्स सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस बार अभियान के माध्यम से जागरूकता के साथ महिलाओं को प्रभावी सहायता, कानूनी मदद और समय पर न्याय उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

श्री अनिल मलिक ने महिला हेल्पलाइन, कानूनी सेवाओं और सहायता केंद्रों के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समय पर सहायता मिले और उनकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अभियान के 16 दिवसीय कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा परिवार, समाज और सभी संस्थाओं की साझा जिम्मेदारी है।

श्री नीरज वर्मा ने कहा कि महिलाओं के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों की जानकारी और उनका लाभ ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने नालसा, टेली-लॉ, न्याय बंधु, पैरा लीगल वॉलंटियर्स और जेंडर रिसोर्स सेंटर की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। इनके माध्यम से महिलाओं को कानूनी जानकारी और मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

इस अवसर पर 15 मंत्रालयों और विभागों की ज्वाइंट एडवाइजरी

भी जारी की गई। इसका उद्देश्य महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव और हिंसा को रोकने तथा उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए मिलकर काम करना है। इसमें ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता, गृह, पंचायती राज, कृषि एवं किसान कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, युवा कार्यक्रम एवं खेल, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, सूचना एवं प्रसारण, न्याय, श्रम एवं रोजगार, राजस्व तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय/विभाग शामिल हैं।

दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के नेतृत्व में यह अभियान 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में चलाया जाएगा। अभियान के चार प्रमुख विषय हैं—महिलाओं की पहचान और सम्मान, संपत्ति में अधिकार, आवागमन की स्वतंत्रता और घर के कामों तथा देखभाल की जिम्मेदारी में समान भागीदारी। स्वयं सहायता समूहों और सामुदायिक संस्थाओं के माध्यम से गांवों में जागरूकता अभियान, रैलियां, बैठकें, नुक्कड़ नाटक और पुरुषों एवं युवाओं के साथ संवाद आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में ‘नई चेतना 4.0’ की मूल्यांकन रिपोर्ट और अभियान का गीत भी जारी किया गया। इस अवसर पर जेंडर चैंपियंस और वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशनों के प्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस आयोजन ने लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण के लिए ‘नई चेतना’ को जन आंदोलन बनाने के संकल्प को और मजबूत किया।

***

PU


(रिलीज़ आईडी: 2341440) आगंतुक पटल : 27
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English