प्रविष्टि तिथि:
23 NOV 2026 5:37PM by PIB Raipur
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर ने अस्पताल में भर्ती होने और डिस्चार्ज (अस्पताल से छुट्टी) की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से आज एकीकृत रोगी सुविधा केंद्र (इंटीग्रेटेड पेशेंट फैसिलिटेशन सेंटर) का उद्घाटन किया। इस केंद्र के माध्यम से मरीजों से संबंधित कई महत्वपूर्ण सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को विभिन्न काउंटरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे तथा उनके समय और श्रम की बचत होगी। विशेष रूप से अस्पताल से छुट्टी के समय होने वाली प्रशासनिक एवं अन्य औपचारिकताओं को त्वरित व सुगम बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

इस केंद्र का उद्घाटन एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) ने किया। इस अवसर पर संस्थान में उपचाराधीन मरीज श्री बृजमोहन ने इसे औपचारिक रूप से मरीजों की सेवा के लिए समर्पित किया। कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक, अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक, उप निदेशक (प्रशासन), अस्पताल प्रशासन एवं नर्सिंग प्रबंधन के प्रतिनिधि तथा मरीज उपस्थित थे।
इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक ने कहा, “एकीकृत रोगी सुविधा केंद्र हमारी स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और मरीजों के अनुकूल बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। एक ही स्थान पर कई सेवाएं उपलब्ध होने से अस्पताल की प्रक्रियाएं आसान होंगी, मरीजों और उनके परिजनों को अनावश्यक रूप से इधर-उधर नहीं जाना पड़ेगा और विशेष रूप से डिस्चार्ज के समय उन्हें सुविधा मिलेगी। हमारा प्रयास है कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो और हर पहल में मरीजों को प्राथमिकता दी जाए।”
चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि इस नई एकल-खिड़की व्यवस्था के लागू होने से आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों की डिस्चार्ज प्रक्रिया में लगने वाले समय में कमी आई है। उद्घाटन के दिन यूरोलॉजी विभाग में भर्ती एक मरीज इस केंद्र के माध्यम से डिस्चार्ज की औपचारिकताएं पूरी करने वाला पहला आयुष्मान भारत लाभार्थी बना।
इस एकीकृत केंद्र में एम्स फार्मेसी, अमृत फार्मेसी, केंद्रीय पंजीकरण डेस्क और आयुष्मान भारत हेल्पडेस्क के प्रतिनिधि एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगे। यहां आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत मरीजों के भर्ती और डिस्चार्ज से संबंधित कार्यों के साथ-साथ डे-केयर मरीजों तथा कर्मचारी स्वास्थ्य योजना (ईएचएस) के लाभार्थियों के डिस्चार्ज से जुड़ी औपचारिकताएं भी सुचारू रूप से पूरी की जाएंगी।
*************
आरडीजे/पीजे