विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

धात्विक नैनोवायर को मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क में शामिल कर विकसित की गई नई उन्नत सामग्री सूर्य के प्रकाश से प्रदूषकों को नष्ट करने में सक्षम

प्रविष्टि तिथि: 23 NOV 2026 3:49PM by PIB Delhi

वैज्ञानिकों ने मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क में धात्विक नैनोवायर को शामिल करके एक नई उन्नत सामग्री विकसित की है। यह सामग्री प्रकाश की विभिन्न तरंगदैर्ध्य का उपयोग करके पर्यावरणीय प्रदूषकों, जैसे पायरीन, को प्रभावी ढंग से नष्ट कर सकती है। पायरीन एक ऐसा पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन है, जो पर्यावरण में लंबे समय तक बना रहता है।

पायरीन एक स्थायी प्रदूषक है, जो गंभीर पर्यावरणीय समस्याएं पैदा करता है। यह जीवों के लिए विषैला होता है और इसका निपटान करना भी कठिन है। वैज्ञानिक मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क के माध्यम से पायरीन के निपटान के उपाय तलाश रहे हैं। एमओएफ अणुओं से बनी ऐसी संरचनाएं हैं, जिनमें बड़े-बड़े रिक्त स्थान होते हैं और जिनसे गैसें तथा अन्य रासायनिक पदार्थ प्रवाहित हो सकते हैं। वर्ष 2026 में रसायन विज्ञान के नोबेल पुरस्कार के माध्यम से भी इनकी महत्ता को मान्यता दी गई।

एक-आयामी धात्विक नैनोवायर प्रकाश को ग्रहण करने और उसका उपयोग करने के लिए आशाजनक सामग्री हैं। ये विद्युत का कुशलतापूर्वक संचालन कर सकते हैं और प्रकाश के साथ प्रभावी ढंग से परस्पर क्रिया करते हैं। इनकी विशिष्ट संरचना इन्हें अधिक मात्रा में प्रकाश अवशोषित करने में सक्षम बनाती है। ये गुण इन्हें प्रकाश आधारित उन्नत प्रौद्योगिकियों के विकास के लिए उपयोगी बनाते हैं। विशेष रूप से, प्लास्मोनिक फोटोकैटेलिसिस टिकाऊ ऊर्जा और पर्यावरणीय अनुप्रयोगों के लिए एक आशाजनक दृष्टिकोण है, क्योंकि इसमें दृश्य प्रकाश और निकट-अवरक्त प्रकाश, दोनों का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा सकता है। इस प्रकार, एमओएफ में धात्विक नैनोवायर को शामिल करने से दोनों घटकों के गुणों का समन्वित लाभ प्राप्त किया जा सकता है।

भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत स्वायत्त संस्थान, गुवाहाटी स्थित विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी उन्नत अध्ययन संस्थान के शोधकर्ताओं ने एक हाइब्रिड सामग्री विकसित की है। इसमें आइसोरिटिक्युलर मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क-8 में कॉपर नैनोवायर को समाहित किया गया है तथा प्रकाश अवशोषण और फोटोकैटेलिटिक गतिविधि को बढ़ाने के लिए इसमें पैलेडियम की नैनोसंरचनाएं शामिल की गई हैं। आइसोरिटिक्युलर का अर्थ है ऐसी संरचना, जिसका मूल नेटवर्क विन्यास समान हो।

इसके साथ ही, पैलेडियम के विकल्प के रूप में एल्युमीनियम (एआई) का चयन किया गया, क्योंकि यह प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है, किफायती है और इसमें उत्कृष्ट ऊर्जावान प्लास्मोनिक गुण हैं। छिद्रयुक्त आईआरएमओएफ-8 संरचना नैनोवायर के लिए एक सीमित परिवेश उपलब्ध कराती है। इससे विभिन्न घटकों के बीच निकट संपर्क स्थापित होता है और आवेश का कुशल स्थानांतरण संभव हो पाता है।

पैलेडियम को शामिल करने से प्लास्मोनिक परस्पर क्रियाओं के माध्यम से व्यापक तरंगदैर्ध्य क्षेत्र में प्रकाश अवशोषण में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। वहीं, पृथ्वी पर प्रचुर मात्रा में उपलब्ध एल्युमीनियम आधारित प्रणाली ने एक आशाजनक एंटीना-रिएक्टर प्लेटफॉर्म तैयार किया। इससे अंतरापृष्ठीय आवेश स्थानांतरण को बढ़ावा मिला और पॉलीबेंजेनॉइड हाइड्रोकार्बन प्रदूषकों का प्रकाश-उत्प्रेरित विघटन संभव हुआ।

अनुसंधान में अनुकूलित परिस्थितियों के अंतर्गत मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क-8 में कॉपर नैनोवायर के साथ पैलेडियम को शामिल करने वाली सामग्री ने पायरीन को 99 प्रतिशत तक हटाने में सफलता प्राप्त की। वहीं, इसी संरचना में पैलेडियम के स्थान पर एल्युमीनियम (एआई) का उपयोग करने वाली सामग्री ने पायरीन को 85 प्रतिशत तक हटाया। ये परिणाम निर्धारित प्रकाश विकिरण और अल्ट्रासोनिक परिस्थितियों में प्राप्त किए गए।

 

चित्र: अल्ट्रासोनिक आवृत्तियों के साथ सौर ऊर्जा का उपयोग करके पायरीन के विघटन के उद्देश्य से विकसित फोटोकैटेलिटिक सामग्रियों का योजनाबद्ध चित्रण

 

प्रो. देवाशीष चौधरी की देखरेख में किए गए इस अध्ययन में उनके पीएचडी शोधार्थी सुश्री नेत्रा प्रोवा बरुआ के साथ-साथ प्रो. मुजीबुर आर. खान, सुश्री मंदीरा ठाकुर, सुश्री इप्सा अख्तर, श्री राहुल सोनकर और प्रो. अरुंधति देवी ने सहयोग किया। इस अध्ययन के निष्कर्ष हाल ही में एसीएस एप्‍लाइड एनर्जी मटीरियल्‍स पत्रिका में प्रकाशित हुए हैं। यह शोध सौर ऊर्जा का उपयोग कर प्रकाश-उत्प्रेरण और पर्यावरणीय प्रदूषण के निवारण, विशेष रूप से जलीय पारिस्थितिकी तंत्रों में, के लिए एमओएफ में समाहित प्लास्मोनिक नैनो-सामग्रियों के विकास की एक महत्वपूर्ण रणनीति प्रस्तुत करता है।

प्रो. चौधरी ने कहा, “यह शोध एल्युमीनियम आधारित प्रणाली विकसित करने का भी एक प्रयास है। इस प्रणाली ने उल्लेखनीय फोटोकैटेलिटिक प्रदर्शन किया है, जो उत्कृष्ट धातुओं (नॉबल मेटल्स) पर निर्भरता कम करने की इसकी क्षमता को रेखांकित करता है।”

प्रकाशन लिंक: https://doi.org/10.1021/acsaem.6c02080

 

***

पीके/केसी/आरटी/जेके/एमपी


(रिलीज़ आईडी: 2340398) आगंतुक पटल : 33
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu