प्रविष्टि तिथि:
22 NOV 2026 9:06PM by PIB Jaipur
अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले में केंद्रीय संचार ब्यूरो, जयपुर की अजमेर इकाई की ओर से आयोजित 5 दिवसीय वृहद मल्टीमीडिया प्रदर्शनी के तहत आज केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित संगोष्ठियों के अलावा प्रश्नोत्तरी एवं कुर्सी दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी, श्री नंदराम ने बताया कि कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के रामराज ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वरोजगार से जुड़े विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। इसी क्रम में पशुपालन विभाग के डॉ. रिपु मधुकर एवं डॉ. सपन ने पशुपालन तथा पशुधन से जुड़े विभिन्न उत्पादों के माध्यम से स्वरोजगार एवं रोजगार के उपलब्ध अवसरों के बारे में विस्तार से बताया।
प्रदर्शनी में महिलाओं एवं पुरुषों के लिए कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। वहीं, संगोष्ठी में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विभाग के पंजीकृत दल बाड़मेर के गौतम परमार एंड पार्टी तथा अजयमेरू लोक कला मंडल के कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन किया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ तथा सबका साथ, सबका विकास का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया। भारत@2047 थीम पर आधारित केंद्रीय संचार ब्यूरो की यह मल्टीमीडिया प्रदर्शनी 20 से 24 नवंबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को केंद्र में रखा गया है। इसके अलावा प्रदर्शनी में युवाओं के मनोरंजन के लिए एआर, वीआर गेम्स, 360 डिग्री सेल्फी प्वाइंट आदि को भी रखा प्रमुखता से गया है।




