कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

मोदी सरकार की नीतियों से देश में अब तक 49.60 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर: वर्ल्ड बैंक रिपोर्ट


गरीबी उन्मूलन में कृषि और ग्रामीण विकास की भूमिका पर 23 नवंबर को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में होगा महामंथन

कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालयों की कार्यशाला में आगे की रणनीति होगी तय: शेष गरीब परिवारों का जीवन स्तर तेजी से ऊंचा उठाने के लिए होगा विमर्श- शिवराज सिंह

अधिकारियों-कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करेंगे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प

प्रविष्टि तिथि: 22 NOV 2026 6:14PM by PIB Bhopal

नई दिल्ली,  ​प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। वर्ल्ड बैंक की हालिया रिपोर्ट (अक्टूबर 2026) के अनुसार, वर्ष 2011 से 2023 के बीच देश में करीब 49.60 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं और गरीबी की दर 57.70 प्रतिशत से घटकर 16.10 प्रतिशत पर आ गई है। इस बड़ी उपलब्धि में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के साथ-साथ कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय की योजनाओं का भी अहम योगदान रहा है। इसी ऐतिहासिक सफलता को आगे बढ़ाने और शेष गरीब परिवारों को तेजी से गरीबी रेखा से ऊपर उठाने के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर कल, 23 नवंबर (सोमवार) को नई दिल्ली स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।  

​केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली इस कार्यशाला का विषय "भारत में गरीबी कम करने में कृषि एवं ग्रामीण विकास की भूमिका और योगदान" रखा गया है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में दोनों मंत्रालयों के राज्य मंत्रीगण श्री रामनाथ ठाकुर, श्री भागीरथ चौधरी, श्री चंद्रशेखर पेम्मासानी और श्री कमलेश पासवान तथा चारों सचिवों सहित दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

​इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य गरीबी उन्मूलन में अब तक मिली सफलता में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करना है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस अवसर पर सभी कर्मचारियों की मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें आगे के लक्ष्यों के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यशाला में इस बात पर गहन मंथन किया जाएगा कि वर्तमान में जो लोग गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे हैं, उन्हें कृषि और ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से और अधिक तेजी से गरीबी के दुष्चक्र से बाहर कैसे निकाला जाए।

​बैठक के दौरान योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को और प्रभावी बनाने, किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण आजीविका को सशक्त करने और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए ठोस रोडमैप तैयार किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 'गरीब कल्याण' और 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह कार्यशाला एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

***


(रिलीज़ आईडी: 2339974) आगंतुक पटल : 16