57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

“हास्य जीवन को देखने का एक बुद्धिमत्तापूर्ण नजरिया है”: स्पेन की फिल्म ‘लुकिंग फॉर माइकल’ का 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में वर्ल्ड प्रीमियर हुआ


एक महिला की वास्तविक जीवन की यात्रा से प्रेरित यह म्यूजिकल रोड फिल्म, जीवन की चुनौतियों का हंसते हुए सामना करने, मुश्किलों के बीच हौसला बनाए रखने और दोस्ती के महत्व को खूबसूरती से दर्शाती है

प्रविष्टि तिथि: 21 NOV 2026 6:54PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2339693Views: 11

जब जीवन की कठिनाइयों का सामना मुस्कान के साथ किया जाए, तो क्या होता है? स्पेन की वर्ष 2026 की कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘लुकिंग फॉर माइकल’ (पर्सिगिएंदो ए माइकल), जिसका निर्देशन जुआना मैकियास ने किया है, साहस, दोस्ती और विपरीत परिस्थितियों में हौसला बनाए रखने की भावना को एक दिल छू लेने वाली कहानी के माध्यम से प्रस्तुत करती है। इस फिल्म का आज गोवा के पणजी में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में विश्व प्रीमियर हुआ।

यह फिल्म सोनिया नाम की एक युवती की कहानी है, जिसे पार्किंसन रोग होने का पता चलता है। वह इस चुनौती का सामना हिम्मत और जीवन को नए नजरिए से देखने के संकल्प के साथ करने का फैसला करती है। अपने म्यूजिक थेरेपी ग्रुप के सदस्यों का साथ मिलने पर, जो स्वयं भी इस बीमारी से जूझ रहे हैं, वह प्रसिद्ध अभिनेता माइकल जे. फॉक्स से मिलने की यात्रा पर निकल पड़ती है। माइकल जे. फॉक्स सार्वजनिक रूप से पार्किंसन रोग के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा करते रहे हैं। संगीत और हास्य का अनूठा मेल प्रस्तुत करती यह रोड फिल्म विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपनी शर्तों पर जीवन जीने के जज्बे को बखूबी दर्शाती है।

पार्किंसन रोग से पीड़ित येस आंद्रेज की वास्तविक जीवन की यात्रा और उनके सपने से प्रेरित यह फिल्म उनकी जिंदगी के अनुभवों से आत्मीयता और प्रामाणिकता हासिल करती है। तीस के दशक के मध्य में इस बीमारी का पता चलने के बाद उनके जीवन में आई चुनौतियों और उनके सपनों को फिल्म में संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया है। रोजमर्रा के जीवन की बारीकियों को करीब से दर्शाती यह फिल्म अपने किरदारों के संघर्षों, उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरी भावनात्मक सच्चाई के साथ पर्दे पर उतारती है।

सत्र को संबोधित करते हुए फिल्म की निर्देशक जुआना मैकियास ने कहा, “हास्य जीवन को देखने का एक बुद्धिमत्तापूर्ण नजरिया है।” उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को जीवन में कभी न कभी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ये कठिनाइयां बीमारी, किसी गहरे नुकसान या जीवन में अचानक आई अन्य चुनौतियों के रूप में हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि जीवन के ये अनुभव हर व्यक्ति से जुड़े होते हैं और यही सार्वभौमिकता फिल्म को व्यापक अपील प्रदान करती है। इसकी मूल भावना और संदेश सीमाओं तथा पीढ़ियों से परे जाकर दर्शकों के दिलों तक पहुंचता है, जो 57वें इफ्फी की थीम के भी अनुरूप है।

अभिनेत्री लोरेना लोपेज़, जो फिल्म में डोरिस की भूमिका निभा रही हैं, ने बताया कि इस किरदार का हौसला, जीवंत व्यक्तित्व और सोनिया (नूरिया हेरेरो द्वारा अभिनीत) के साथ उसकी दोस्ती उन्हें इसकी ओर आकर्षित करती है। व्हीलचेयर का उपयोग करने वाली डोरिस, सोनिया की यात्रा में उसकी दोस्त और मार्गदर्शक दोनों बनती है। फिल्म के माध्यम से यह दर्शाया गया है कि जीवन की चुनौतियों का सामना करने में साथ, आपसी सहयोग और एक-दूसरे का सहारा कितना महत्वपूर्ण होता है।

मैसियास ने कलाकारों के निर्देशन के अपने तरीके के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि रिहर्सल और फिल्म की शूटिंग के दौरान कलाकारों को संवादों और दृश्यों में सहज बदलाव तथा अपनी ओर से कुछ नया करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उनके अनुसार, कॉमेडी में इस तरह का सहज अभिनय विशेष रूप से उपयोगी होता है, क्योंकि इससे किरदारों के बीच स्वाभाविक संबंध और संवाद विकसित होते हैं, जिससे उनकी आपसी बातचीत और अभिनय अधिक सहज व प्रभावी बनता है।

फिल्म में संगीत के महत्व पर चर्चा करते हुए मैकियास ने बताया कि इसके गीत सोनिया के बीमारी के साथ बदलते अनुभवों और भावनाओं को अभिव्यक्त करते हैं। संगीत को कहानी और किरदारों की भावनाओं के साथ इस तरह पिरोया गया है कि वह उनके अनुभवों को और प्रभावी ढंग से सामने लाता है। फिल्म के शुरुआती गीत का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इसमें सोनिया की रोजमर्रा की दिनचर्या, जिसमें अपनी बीमारी को नियंत्रित रखने के लिए रोजाना आठ गोलियां लेना भी शामिल है, को संगीत के माध्यम से कहानी की भावनात्मक अभिव्यक्ति से जोड़ा गया है।

फिल्म की पृष्ठभूमि में किए गए शोध के बारे में बताते हुए मैकियास ने येस आंद्रेज और पार्किंसन रोग से पीड़ित अन्य लोगों के साथ किए गए विस्तृत साक्षात्कारों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की कहानियों को पर्दे पर उतारने के लिए उनके अनुभवों को प्रामाणिकता और ईमानदारी के साथ समझना बेहद जरूरी है, ताकि उनकी वास्तविक भावनाओं और जीवन के अनुभवों को सही ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।

स्पेनिश फिल्मों की भारतीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंच बनाने के सवाल पर मैकियास ने कहा कि संगीत और विपरीत परिस्थितियों पर विजय पाने की कहानियां ऐसी सार्वभौमिक अपील रखती हैं, जो हर देश और संस्कृति के लोगों को जोड़ती हैं। उन्होंने व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचने के लिए स्पेनिश और अंतरराष्ट्रीय ओटीटी प्लेटफॉर्म के साथ सहयोग की योजनाओं के बारे में भी बताया।

इफ्फी में फिल्म के वर्ल्ड प्रीमियर के साथ महोत्सव में ऐसी कहानी प्रस्तुत की गई, जो भौगोलिक और सांस्कृतिक सीमाओं से परे है। यह दर्शकों को याद दिलाती है कि जीवन की अनिश्चितताओं के बीच आगे बढ़ने और चुनौतियों का सामना करने में हास्य, संगीत और मानवीय जुड़ाव की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।

इस सत्र का संचालन श्री कुलदीप मीणा ने किया।

IFFILOID यहां पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

********

पीके/केसी/आरटी/डीवी/डीए


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2339693
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026