Prime Minister's Office
azadi ka amrit mahotsav

Text of PM’s address during inauguration of Nitish Setu and launch of other development projects in Vaishali, Bihar

Posted On: 21 NOV 2026 4:22PM by PIB Delhi

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

मंच पर उपस्थित सभी वरिष्ठ महानुभाव, यहां इतनी विशाल संख्या में पधारे बिहार के मेरे प्यारे भाईयों और बहनों। मैं यहां मुख्यमंत्री जी का और एनडीए के सभी नेताओं का आभार व्यक्त करता हूँ, कि मुझे आप सबके बीच से गुजरने का मौका मिला, आप सबके दर्शन करने का मौका मिला, आप सबको प्रणाम करने का अवसर मिला। इतना विशाल जन समुदाय, मैं नहीं मानता हूँ ये कैमरा में कैद हो पाएगा। इतना बड़ा जन समुदाय। विकास के प्रति जागृति का ये जीता जागता सबूत है।

साथियों,

लोक आस्था का महापर्व छठ अभी संपन्न हुआ है। हमारी माताओं और बहनों ने कठिन निर्जला व्रत करके, परिवार, समाज और जगत के मंगल की कामना की है। अब छठी मईया के आशीर्वाद से हम यहां विकास का पर्व मना रहे हैं।

साथियों,

बिहार की इस विकास यात्रा में हम सबका साथ - सबका विकास का मंत्र लेकर के आगे बढ़े हैं। हमने लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया है। और इसलिए आज हम एनडीए सरकार, इस कार्यकाल का एक साल पूरा कर रही है। तो इस आयोजन के लिए ये लोकतंत्र की महान धरती वैशाली को चुना गया है। मैं इस अवसर पर वैशाली और बिहार की मिट्टी का नमन करता हूँ। मैं एनडीए के सभी घटक दलों को, लाखों कार्यकर्ताओं को और सभी बिहारवासियों को शुभकामनाएं देता हूं।

साथियों,

करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी थी। जिस बिहार को दशकों तक बदहाली झेलनी पड़ी, उसे आदरणीय नीतीश जी के नेतृत्व में सुशासन का नया भरोसा मिला। नीतीश जी ने इतने वर्षों तक मुख्यमंत्री के तौर पर बिहार की सेवा की। अब नीतीश जी के आशीर्वाद से इस अभियान को सम्राट चौधरी जी और उनकी पूरी टीम आगे बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में, आज यहाँ भी हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। और मुझे पूरा भरोसा है, मेरे मित्र रामविलास जी की आत्मा जहां भी होगी, वो अभी हमें, वो हम पर फूलों की वर्षा करती होगी क्योंकि उनके सपनों को भी हम साकार कर रहे हैं।

साथियों,

गंगा मैया पर बने दरगाह-बिदुपुर छह-लेन केबल ब्रिज को जनता के लिए समर्पित किया गया है। इस आधुनिक ब्रिज का नाम आदरणीय नीतीश जी के सम्मान में, ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। ये उनके सेवा समर्पण का बिहारवासियों की तरफ हो रहा सम्मान का प्रतीक है। इस पुल से पटना और वैशाली के बीच की दूरी और दिक्कतें कम हो गई हैं। अब फसल, फल और सब्ज़िया, दूध-दही को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान हो जाएगा। यहां के युवाओं को पढ़ाई में, बुजुर्गों को दवाई में बहुत आसानी हो जाएगी।

साथियों,

बिहार में तेजी से आधुनिक सड़कों का नेटवर्क भी तेज गति से तैयार हो रहा है। आज औरंगाबाद-चोरदाहा सिक्स लेन हाईवे का लोकार्पण हुआ है।

साथियों,

आपके प्यार के लिए मैं आपका बहुत-बहुत आभारी हूं। मुझे आगे के कार्यक्रम के लिए उत्तर प्रदेश पहुंचना है। आपका प्यार मेरे सर आंखों पर। मेरे पास बहुत कम समय है, बात आज पूरी करनी पड़ेगी। लेकिन मैं आभार व्यक्त करता हूँ। मैं आज देख रहा था, जो नौजवानों को मैंने आज देखा इस कार्यक्रम में, वो वाकई मन को प्रसन्न करने वाला था। मेरे देश के, मेरे बिहार के नौजवान, जिनको विकास का महात्म्य क्या होता है, इसकी पूरी पूरी समझ है और इसलिए इतना उत्साह, उमंग, मुझे नौजवानों में नजर आ रहा है।

साथियों,

आज अनेक हाइवे प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास भी किया गया है। इस परियोजनाओं पर सैकड़ों करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

साथियों,

रोड नेटवर्क के साथ-साथ, आज बिहार में ऊर्जा और शहरी विकास की तस्वीर भी तेजी से बदल रही है। इसी दिशा में, बक्सर थर्मल पावर प्लांट का निर्माण, पीरपैंती थर्मल पावर प्लांट के ट्रांसमिशन सिस्टम का शिलान्यास, फुलवरिया बांध, उस पर सोलर एनर्जी प्लांट, जैसे बड़े-बड़े काम भी हुये हैं। एक समय था जब बिहार में हजारों गाँवों में बिजली नहीं पहुंची थी, आज वही मेरा बिहार बिजली उत्पादन का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है।

भाइयों बहनों,

आज शहरी यातायात को सुविधाजनक बनाने के लिए 100 आधुनिक पीएम-ई-बसों को भी हरी झंडी दिखाई गई है। साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आज हजारों गरीब परिवारों को उनके पक्के घरों की चाबी भी सौंपी गई है। मैं इन सभी विकास कार्यों के लिए बिहार के लोगों को बधाई देता हूँ।

साथियों,

हमारा बिहार एक लंबी यात्रा करके आज यहाँ तक पहुंचा है। वरना, आप याद करिए, एनडीए का शासन आने के पहले समय कैसा होता था? तब गिनती घोटालों की होती थी। लेकिन आज बिहार में हो रहे निवेश के आंकड़े पेश किए जाते हैं। तब आंकड़ें अपराधों के आते थे। अब अपराधियों पर कार्रवाई की बात आती है चर्चा में। एनडीए के शासनकाल में विकास की होड़ दिखती है। उत्तर बिहार हो, नालंदा-गयाजी हो, शाहाबाद-कैमूर हो, या राजधानी पटना, हर इलाके में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है।

साथियों,

डबल इंजन सरकार में बिहार के विकास की रफ्तार क्या है, पिछले एक साल में हुए काम भी इसके उदाहरण हैं। आप देखिए, NDA सरकार में बिहार में 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के निवेश समझौते किए गए हैं। गयाजी में 6 हजार करोड़ रुपये की स्टील परियोजना पर काम शुरू हो रहा है। मोतिहारी सहित बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा चालू करने के लिए नई गन्ना प्रोत्साहन नीति लाई गई है। किसानों के लिए हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए 11 हजार नए नलकूप लगाने की पहल हुई है। सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली सुनिश्चित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। एक साल में 200 से ज्यादा नए डिग्री कॉलेज शुरू हुये हैं। हमारी बेटियों के लिए “मां सीता महिला विश्वविद्यालय” की स्थापना को मंजूरी दी गई है। बिहार के विकास की ये लिस्ट इतनी लंबी है कि, इसे किसी एक मंच से नहीं गिनाया जा सकता। बिहार के विकास को यहाँ आकर ही महसूस किया जा सकता है।

साथियों,

जब साफ नीयत से काम होता है, तो नतीजे भी दिखते हैं। जिस देश में काँग्रेस दशकों तक गरीबी हटाओ के नारे लगाती रही, गरीबों को गुमराह करती रही, वोट लुटाती रही, वहां 12 साल के भीतर-भीतर, हमने 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। ये सरकार की इच्छाशक्ति का परिणाम है, ये सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओँ का नतीजा है।

साथियों,

गरीबी के खिलाफ देश ये लड़ाई इसलिए जीत रहा है, क्योंकि, हमने करोड़ों गरीबों के जीवन को आसान बनाने, उन्हें सुविधाएं देने को प्राथमिकता दी है। हमने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया, करोड़ों परिवारों को पक्का मकान देकर उन्हें सुरक्षा का भाव दिया, मुफ्त इलाज की गारंटी देकर महंगे इलाज के बोझ से मुक्त किया। हमने शौचालय, बिजली और पानी पहुंचाकर करोड़ों-करोड़ों गरीबों को सम्मान-पूर्ण जीवन दिया। इसके कारण जो गरीब था, उसमें भी एक आत्मविश्वास जगा, और वो गरीबी को परास्त करके आगे बढ़ा है।

साथियों,

गरीबी के खिलाफ अभियान में बहुत बड़ा योगदान हमारे बिहार का है। बीते वर्षों में डबल इंजन सरकार ने पूरी मेहनत से यहां काम किया। केंद्र सरकार ने योजनाएँ बनाईं। राज्य में NDA सरकार ने उन्हें लागू किया। जनकल्याण की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाया। आप देखिए, यहाँ बिहार में तिरालीस लाख परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। अभी अगस्त में ही, 11 लाख और घरों को मंजूरी दी गई है। बिहार के करीब 75 लाख किसानों के खातों में हजारों करोड़ रुपए पीएम किसान सम्मान निधि के भेजे गए हैं। सरकार ने सेल्फ हेल्प ग्रुप को जो सहयोग किया, उसने यहां 50 लाख ग्रामीण महिलाएं को लखपति दीदी बना दिया है। ऐसे ही प्रयासों का परिणाम है, आज बिहार के करोड़ों लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, और, देश भी इस सफलता तक पहुंचा है।

साथियों,

अब हमें न रुकना है, न थकना है, NDA के सभी घटक दलों को मिलकर, समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार बनाने के लिए लगातार काम करना है। इसी संकल्प के साथ, एक बार फिर आप सबको इस अभूतपूर्व विकास यात्रा के लिए मैं बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। आप सबका बहुत-बहुत धन्यवाद!

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

बहुत-बहुत धन्यवाद!

***

MJPS/SS/SS/DK


(Release ID: 2339532) Visitor Counter : 58
Read this release in: हिन्दी