प्रविष्टि तिथि:
20 NOV 2026 8:30PM by PIB Raipur
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के अंतर्गत माई भारत (MY Bharat), रायपुर द्वारा 17 से 23 नवंबर तक आयोजित सात दिवसीय ‘वंदे मातरम् शिविर’ में देश के छह राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए युवाओं को छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीरों के योगदान और ग्रामीण विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से विभिन्न ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराया गया। इस शिविर में त्रिपुरा, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना तथा जम्मू-कश्मीर से आए युवा प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।

भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत नवा रायपुर स्थित जनजातीय संग्रहालय में युवाओं ने छत्तीसगढ़ की विभिन्न जनजातियों की जीवनशैली, पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, लोक कला, रीति-रिवाज और सांस्कृतिक परंपराओं का गहन अवलोकन किया। संग्रहालय में प्रदर्शित कलाकृतियों एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों ने प्रतिभागियों को राज्य की जनजातीय विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि को करीब से समझने का अवसर प्रदान किया।

इसके पश्चात, शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक एवं जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय के भ्रमण के दौरान युवाओं ने छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद माने जाने वाले वीर नारायण सिंह के अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। साथ ही, प्रतिभागियों ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के वीर सेनानियों की भूमिका और उनके ऐतिहासिक योगदान को जाना, जिससे उनमें देशभक्ति, राष्ट्र गौरव और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना और अधिक प्रबल हुई।

सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव की इसी कड़ी में युवाओं ने पुरखौती मुक्तांगन का भी भ्रमण किया, जहाँ उन्होंने प्रदेश की लोक संस्कृति, पारंपरिक शिल्प, जनजातीय स्थापत्य, ग्रामीण जीवन और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती जीवंत कलाकृतियों का अवलोकन किया। यह भ्रमण प्रतिभागियों के लिए छत्तीसगढ़ की परंपराओं, कला एवं ऐतिहासिक विरासत को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव करने का एक अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध हुआ।

पूरे भ्रमण के दौरान विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने अत्यंत उत्साहपूर्वक सहभागिता की और एक-दूसरे के राज्यों की संस्कृति, परंपराओं तथा अनुभवों को साझा किया। इस प्रकार के संवाद से युवाओं के बीच आपसी समझ और राष्ट्रीय एकता की भावना को निरंतर बढ़ावा मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि ‘वंदे मातरम् शिविर’ माई भारत की युवा सहभागिता एवं राष्ट्र निर्माण की व्यापक पहल का हिस्सा है, जिसका प्रमुख उद्देश्य युवाओं को देश की विविध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना, उनमें राष्ट्रीय गौरव की भावना विकसित करना तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करना है।
*********
एसके/पीजे