प्रविष्टि तिथि:
20 NOV 2026 6:14PM by PIB Raipur
सरकारी लेखांकन एवं लेखापरीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सटीक और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और डेटा एनालिटिक्स का उपयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह बात प्रधान महालेखाकार, छत्तीसगढ़, श्री यशवंत कुमार ने शुक्रवार को रायपुर में आयोजित कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर कही। भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (Comptroller and Auditor General of India–CAG) के कार्यालय की स्थापना के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 16 नवंबर को लेखापरीक्षा दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में कार्यालय प्रधान महालेखाकार, छत्तीसगढ़ द्वारा 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक लेखापरीक्षा पखवाड़ा–2026 का आयोजन किया जा रहा है।

पखवाड़े के अंतर्गत 20 नवंबर को महालेखाकार आवासीय परिसर स्थित सामुदायिक भवन में क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत ‘सीएजी के 101 नवाचार विचारों का प्रदर्शन’, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास के साथ सहयोग, लार्ज लैंग्वेज मॉडल (एलएलएम), भास्कराचार्य राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुप्रयोग एवं भू-सूचना विज्ञान संस्थान (बीआईएसएजी-एन) तथा सीएजी-भाषिणी एप्लीकेशन विषयों पर कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए श्री कुमार ने नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक की ‘नवाचार एवं उत्कृष्टता पुरस्कार’ तथा ‘101 नवाचार विचार पहल’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यप्रणाली को सरल, तेज और अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने विभाग की ओर से प्रकाशित पुस्तक ‘द कैटालिस्ट्स… इन परस्यूट ऑफ गुड गवर्नेंस’ के छठे संस्करण की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें 23 चयनित नवाचारों को शामिल किया गया है।
प्रधान महालेखाकार ने आईआईटी मद्रास, बीआईएसएजी-एन और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ सीएजी के तकनीकी सहयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईआईटी मद्रास के साथ सहयोग के तहत डेटा विश्लेषण, डिजिटल अवसंरचना और आधुनिक लेखापरीक्षा पद्धतियों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की क्षमता विकसित की जा रही है। इसी दिशा में सर्टिफिकेशन ऑन ऑडिट ऑफ डिजिटल सिस्टम्स (सीएडीएस) कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत कार्यालय के 10 अधिकारी एवं कर्मचारी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) अहमदाबाद, आईआईएम मुंबई, आईआईएम कोझिकोड, राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान (एनआईयूए) तथा भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) जैसे संस्थानों के साथ भी सहयोग स्थापित किया गया है।
उन्होंने 16 नवंबर 2026 को लॉन्च किए गए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित मॉडल एलएलएम 2.0 का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अनुपालन लेखापरीक्षा, वित्तीय लेखापरीक्षा और निर्माण कार्यों की लेखापरीक्षा में सहायक होगा। वहीं, बीआईएसएजी-एन के साथ तकनीकी सहयोग के माध्यम से भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस), रिमोट सेंसिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बिग डेटा जैसी आधुनिक तकनीकों को लेखापरीक्षा प्रक्रिया में उपयोग करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने दैनिक कार्यालयीन कार्यों और पत्राचार में हिंदी राजभाषिणी सॉफ्टवेयर को अपनाने पर भी विशेष जोर दिया।
‘सीएजी के 101 नवाचार विचारों का प्रदर्शन’ सत्र में वरिष्ठ लेखा अधिकारी श्री के. एस. कल्याण राम ने कार्यालय की ओर से प्रस्तुत नवाचार प्रस्तावों की जानकारी दी। उन्होंने ‘रिवाइज्ड एसएफएआर इन टू पार्ट्स’ तथा 13 भूमिका-आधारित डैशबोर्ड तैयार करने की पहल का उल्लेख किया। इन डैशबोर्ड के माध्यम से ई-अकाउंट्स, सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ), आहरण एवं संवितरण अधिकारी (डीडीओ) के बैंक खाते, उपयोगिता प्रमाण-पत्र, एसएनए-स्पर्श और लेखा मिलान जैसे महत्वपूर्ण विषयों से संबंधित सूचनाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे आहरण एवं संवितरण अधिकारियों से लेकर विभागाध्यक्षों तक संबंधित अधिकारियों को समय पर सटीक जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।
‘डेटा से इंटेलिजेंस तक : डेटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से लेखांकन और ऑडिट में परिवर्तन’ विषय पर आयोजित तकनीकी सत्र में वरिष्ठ लेखापरीक्षा अधिकारी श्री हरिकेश वर्मा तथा सहायक लेखा अधिकारी श्री रोहित राणा और श्री रितेश दिवान ने डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डेटा एनालिटिक्स की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने सरकारी लेखांकन और लेखापरीक्षा में इन तकनीकों के व्यावहारिक अनुप्रयोगों की जानकारी दी। सत्र में आईडीईए (इंटरएक्टिव डेटा एक्सट्रैक्शन एंड एनालिसिस) तथा पायथन जैसे तकनीकी टूल्स के माध्यम से संभावित अनियमितताओं की पहचान, लेखापरीक्षा प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने और डेटा आधारित निर्णय लेने में इनकी भूमिका समझाई गई। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि तकनीक लेखापरीक्षा कार्य को सशक्त बनाने का माध्यम है, लेकिन अंतिम सत्यापन और निर्णय में अधिकारियों का विवेक एवं विशेषज्ञता महत्वपूर्ण बनी रहेगी।
सीएजी-भाषिणी एप्लीकेशन पर आयोजित सत्र में सहायक निदेशक (राजभाषा) श्री यशवंत वर्मा ने सीएजी अनुवाद एप्लीकेशन के माध्यम से भारतीय भाषाओं में अनुवाद की सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने भाषिणी एप्लीकेशन के उपयोग से अनुवाद प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित, तेज और प्रभावी बनाने तथा विभिन्न भारतीय भाषाओं में कार्यालयीन कार्यों को सुगम बनाने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नवाचार, आधुनिक तकनीकी साधनों, डेटा आधारित लेखापरीक्षा तथा भारतीय भाषाओं में डिजिटल कार्यप्रणाली के व्यावहारिक उपयोग से परिचित कराना था। इन पहलों से कार्यालयीन कार्यों में दक्षता, सटीकता और समयबद्धता बढ़ाने के साथ लेखांकन एवं लेखापरीक्षा की गुणवत्ता को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि लेखापरीक्षा पखवाड़ा–2026 के दौरान 17 नवंबर से 1 दिसंबर तक विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, संवाद सत्रों और नवाचार संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य सार्वजनिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग, वित्तीय पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही को सुदृढ़ करना है। इस अवसर पर वरिष्ठ उपमहालेखाकार श्री एम. एस. डहरिया, उपमहालेखाकार श्री ए. वी. एन. पंतलु सहित दोनों कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
*****
एसके/बीकेटी