प्रविष्टि तिथि:
20 NOV 2026 5:23PM by PIB Raipur
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (आईसीएआर-एनआईबीएसएम), रायपुर द्वारा संचालित ‘खेत बचाओ अभियान–रबी 2026’ के तहत शुक्रवार को बेमेतरा जिले के पेंड्रीतराई ग्राम पंचायत में किसान-वैज्ञानिक संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 37 किसानों ने भाग लिया। इस दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं पर चर्चा करते हुए रबी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने, फसल विविधीकरण और जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाने की जानकारी दी।

कार्यक्रम में संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. आशीष मराठे एवं डॉ. निरंजन प्रसाद, कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. लव कुमार तथा कृषि विभाग के डॉ. दर्शमेश कुमार ने किसानों से संवाद किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच श्री जमाधर साहू एवं श्री शुभम गंधर्व भी उपस्थित रहे।
वैज्ञानिकों ने रबी मौसम में दलहनी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने और उपलब्ध कृषि संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती की उत्पादकता बढ़ाने के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि की जा सकती है। हाल की चक्रवाती मौसमी परिस्थितियों के कारण तेज हवाओं एवं वर्षा से फसलों को होने वाले संभावित नुकसान पर चर्चा करते हुए किसानों को खड़ी फसलों की सुरक्षा, समय पर कटाई तथा कटाई के बाद उपज के सुरक्षित भंडारण के संबंध में आवश्यक सावधानियां बताई गईं।
संवाद के दौरान मृदा स्वास्थ्य कार्ड के महत्व और मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरकों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। वैज्ञानिकों ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने तथा कृषि लागत कम करने के लिए वैज्ञानिक अनुशंसाओं के अनुरूप खेती करने की सलाह दी। वहीं, प्राकृतिक आपदाओं एवं फसल क्षति की स्थिति में शासन द्वारा दिए जाने वाले मुआवजे, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया को लेकर किसानों ने सवाल पूछे, जिन पर आवश्यक जानकारी साझा की गई।
खेत बचाओ अभियान का उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण तथा जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के माध्यम से रबी फसलों की उत्पादकता एवं लाभप्रदता बढ़ाने, कृषि लागत कम करने और प्राकृतिक संसाधनों के सतत प्रबंधन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही फसलों एवं मृदा को जैविक और अजैविक तनावों से सुरक्षित रखने के लिए वैज्ञानिक तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
***
आरडीजे/बीकेटी