स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय
गुर्दे की दुर्लभ बीमारियों पर बेंगलुरु में एम्स भोपाल की डॉ. तान्या शर्मा का व्याख्यान
प्रविष्टि तिथि:
20 NOV 2026 3:45PM by PIB Bhopal
मरीजों के बेहतर इलाज के लिये एम्स भोपाल के पैथोलॉजी एवं प्रयोगशाला चिकित्सा विभाग की डॉ. तान्या शर्मा अतिरिक्त प्रोफेसर ने (गुर्दे की नलिकाओं, उनके आसपास के ऊतकों तथा रक्त वाहिकाओं में होने वाली विकृतियाँ) विषय पर "ट्यूबुलोइंटरस्टीशियल एंड वैस्कुलर लीजन्स ऑफ द किडनी" शीर्षक से महत्वपूर्ण व्याख्यान दिया। उन्हें इंडियन सोसाइटी ऑफ रीनल एंड ट्रांसप्लांटेशन पैथोलॉजी (आईएसआरटीपीकॉन) 2026 की 19वीं वार्षिक बैठक में आमंत्रित संकाय (फैकल्टी) के रूप में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। पैथोलॉजी चिकित्सा की वह शाखा है, जिसमें शरीर के ऊतकों और नमूनों की जांच कर बीमारी की सही पहचान की जाती है। डॉ. शर्मा ने एम्स भोपाल के पैथोलॉजी एवं प्रयोगशाला चिकित्सा विभाग में जांच के लिए आए गुर्दे की दुर्लभ और रोचक विकृतियों के मामलों पर चर्चा की। उन्होंने यह भी बताया कि सही निदान तक पहुंचने के लिए क्लिनिको-पैथोलॉजिकल कोरिलेशन (रोगी के लक्षणों और प्रयोगशाला जांच के नतीजों का मिलान) और संपूर्ण जांच प्रक्रिया बहुत जरूरी है। सही निदान से गुर्दे के रोगियों के उपचार की सही दिशा तय करने में मदद मिलती है।
सम्मेलन में देश-विदेश के कई जाने-माने विशेषज्ञ जुटे और उन्होंने समृद्ध वैज्ञानिक कार्यक्रम के माध्यम से अपने अनुभव और विचार साझा किए। कई कार्यशालाएं और विशेषज्ञ व्याख्यान हुए, साथ ही गुर्दा रोगों से जुड़ी ताजा जानकारियां भी साझा की गईं। प्रतिभागियों ने आयोजन को बेहद ज्ञानवर्धक बताया। संकाय सदस्यों और प्रतिभागियों ने डॉ. शर्मा के व्याख्यान की स्पष्टता, गहराई और चिकित्सकीय उपयोगिता के लिए व्यापक सराहना की। डॉ. शर्मा ने एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ) नरेन्द्र कोतवाल (रि) तथा अपनी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) वैशाली वालके (विभागाध्यक्ष, पैथोलॉजी एवं प्रयोगशाला चिकित्सा विभाग) के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने वयस्क एवं बाल नेफ्रोलॉजी (गुर्दा रोग) विभाग के सतत सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया।
***
(रिलीज़ आईडी: 2339045)
आगंतुक पटल : 19