उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
प्रविष्टि तिथि:
19 NOV 2026 7:54PM by PIB Bhopal
भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), भोपाल शाखा कार्यालय के अधिकारियों द्वारा दिनांक 19 नवम्बर 2026 को मेसर्स गणपति ज्वेलर्स (M/s Ganpati Jewellers), वार्ड क्रमांक 29, रामपुरा वार्ड, कोतवाली रोड, सागर, मध्य प्रदेश में तलाशी एवं जब्ती की कार्यवाही की गई।

उक्त कार्यवाही के दौरान प्रतिष्ठान में नकली हॉलमार्क एवं बिना हॉलमार्क के स्वर्ण आभूषण पाए गए। तलाशी के दौरान ब्यूरो के अधिकारियों द्वारा कुल 36 स्वर्ण आभूषण जब्त किए गए, जिनमें 19 आभूषणों पर नकली हॉलमार्क अंकित था तथा 17 आभूषण बिना हॉलमार्क के पाए गए।
जब्त किए गए आभूषणों का विवरण निम्नानुसार है:
1. नकली हॉलमार्क वाले 18 मिश्रित स्वर्ण आभूषण, जिनका कुल वजन लगभग 148.82 ग्राम था।
2. बिना हॉलमार्क के 16 मिश्रित स्वर्ण आभूषण, जिनका कुल वजन लगभग 90.190 ग्राम था।
3. एक नकली हॉलमार्क वाली अंगूठी (वजन लगभग 6.070 ग्राम) तथा एक बिना हॉलमार्क का पेंडेंट (वजन लगभग 3.690 ग्राम)।
इस प्रकार, कुल लगभग 248.77 ग्राम स्वर्ण आभूषण जब्त किए गए। जब्त सामग्री को नियमानुसार सीलबंद कर लिया गया है तथा प्रकरण में भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के अंतर्गत आगे वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

ब्यूरो के अधिकारियों श्री हरिओम मीना उपनिदेशक एवं श्री आशुतोष राय उपनिदेशक द्वारा बताया कि स्वर्ण आभूषणों पर नकली हॉलमार्क का उपयोग करना तथा अनिवार्य हॉलमार्किंग के दायरे में आने वाले जिलों में स्वर्ण आभूषणों का बिना वैध हॉलमार्क के विक्रय करना कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 2016 के अंतर्गत दंडात्मक प्रावधान किए गए हैं।
ब्यूरो ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे स्वर्ण आभूषण खरीदते समय हॉलमार्क की प्रामाणिकता अवश्य जांचें। इसके लिए BIS Care App के माध्यम से HUID (Hallmark Unique Identification) नंबर का सत्यापन करें तथा खरीदारी के समय वैध बिल अवश्य प्राप्त करें। हॉलमार्क की प्रामाणिकता अथवा गुणवत्ता के संबंध में किसी भी प्रकार का संदेह होने पर भारतीय मानक ब्यूरो की वेबसाइट www.bis.gov.in अथवा BIS Care App के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
***