इस्‍पात मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लांट गैरेज में नवीनीकृत चेन लोडर-707 का शुभारंभ, परिचालन में लौटी मशीन

एसएमएस-2 के कन्वर्टर क्षेत्र में हॉट मेटल स्लैग और मलबे की निकासी होगी सुगम

प्रविष्टि तिथि: 19 NOV 2026 6:28PM by PIB Raipur

भिलाई इस्पात संयंत्र ने उपकरणों की उपलब्धता और परिचालन दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संयंत्र के प्लांट गैरेज की टीम ने आपसी समन्वय, तकनीकी दक्षता और समर्पित प्रयासों से स्टील मेल्टिंग शॉप-2 (एसएमएस-2) के कन्वर्टर क्षेत्र के जीरो मीटर लेवल पर कार्यरत चेन लोडर-707 का सफलतापूर्वक नवीनीकरण एवं पुनरुद्धार कर उसे पुनः परिचालन में ला दिया है। लंबे समय से अनुपलब्ध इस मशीन के दोबारा उपलब्ध होने से कन्वर्टर क्षेत्र में हॉट मेटल स्लैग और अन्य मलबे की निकासी का कार्य अधिक सुगम एवं प्रभावी होगा।

नवीनीकृत चेन लोडर-707 का शुभारंभ कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) एवं मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (मटेरियल्स एंड यूटिलिटीज) श्री बी.के. बेहेरा ने किया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-2) श्री राजीव श्रीवास्तव, कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक (यांत्रिकी) एवं महाप्रबंधक (प्लांट गैरेज) श्री बी.डी. बाबू तथा महाप्रबंधक (एमएआरएस) श्री एन.के. बंछोर सहित प्लांट गैरेज, सीबीडी और एसएमएस-2 के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि चेन लोडर-707 का उपयोग कन्वर्टर क्षेत्र में हॉट मेटल स्लैग और अन्य अपशिष्ट पदार्थों की निकासी के लिए किया जाता है। मशीन के पुनः परिचालन में आने से इस कार्य में तेजी आएगी तथा कन्वर्टर क्षेत्र की परिचालन गतिविधियों को अधिक सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और संबंधित विभागों के सहयोग से मशीन को दोबारा कार्यशील बनाने का चुनौतीपूर्ण कार्य पूरा किया गया।

इस अवसर पर श्री बी.के. बेहेरा ने प्लांट गैरेज की टीम और संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आपसी समन्वय, उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखने का आह्वान किया। साथ ही उपकरणों की विश्वसनीयता बढ़ाने और परिचालन उत्कृष्टता सुनिश्चित करने वाली ऐसी पहलों के लिए निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन का आश्वासन दिया।

चेन लोडर के नवीनीकरण एवं पुनरुद्धार का कार्य श्री बी.के. बेहेरा के मार्गदर्शन और सहयोग तथा श्री बी.डी. बाबू के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस कार्य में श्री प्रदीप्त भौमिक एवं श्री पार्थ घोष की देखरेख में प्लांट गैरेज की टीम और संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

चेन लोडर-707 का पुनः परिचालन में आना संयंत्र में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग, उपकरणों के प्रभावी रखरखाव और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे एसएमएस-2 के कन्वर्टर क्षेत्र में स्लैग एवं मलबे की निकासी संबंधी कार्यों को गति मिलने के साथ परिचालन दक्षता में भी सुधार होगा।

*****


आरडीजे/बीकेटी


(रिलीज़ आईडी: 2338668) आगंतुक पटल : 9
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English