प्रविष्टि तिथि:
19 NOV 2026 6:26PM by PIB Raipur
भिलाई इस्पात संयंत्र ने अपनी सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली (Information Security Management System – ISMS) के लिए नवीनतम अंतरराष्ट्रीय मानक ISO/IEC 27001:2022 के अनुरूप प्रमाणन हासिल किया है। यह प्रमाणन टीयूवी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रदान किया गया है। इसके साथ ही संयंत्र ने अपनी सूचना परिसंपत्तियों की सुरक्षा, साइबर जोखिमों के प्रबंधन और डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है।

इस अवसर पर 19 नवंबर को कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम ने प्रमाणपत्र का औपचारिक अनावरण किया। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए संबंधित विभागों और टीम के सदस्यों के समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते डिजिटल परिवेश में सूचना सुरक्षा का महत्व लगातार बढ़ रहा है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence – AI) के उपयोग में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने सूचना सुरक्षा के प्रति निरंतर जागरूकता एवं सतर्कता बनाए रखने और संभावित खतरों की समय रहते पहचान कर उचित कार्रवाई करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सी एंड आईटी) श्रीमती शिवानी जत्रेले ने ISO/IEC 27001 मानक की प्रमुख विशेषताओं और भिलाई इस्पात संयंत्र में सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली के प्रमाणन की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने ऑडिट प्रक्रिया में ए एंड डी, बीई, सी एंड आईटी तथा एल एंड डी विभागों के योगदान और पुनः प्रमाणन की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने एल एंड डी विभाग में आयोजित सूचना सुरक्षा जागरूकता एवं आंतरिक ऑडिट प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की।
मुख्य महाप्रबंधक (ए एंड डी) श्री मधु पिल्लई ने संयंत्र की सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा इससे संबंधित पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं, महाप्रबंधक (सी एंड आईटी) श्रीमती नीना जायसवाल ने कहा कि वर्तमान प्रौद्योगिकी आधारित कार्य परिवेश में सूचना सुरक्षा प्रत्येक संगठन की अनिवार्य आवश्यकता बन गई है। इसे संगठन के प्रत्येक स्तर पर दैनिक कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सूचना सुरक्षा जागरूकता एवं आंतरिक ऑडिट प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों में सूचना सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में उनके योगदान की सराहना की गई।
अंत में उप महाप्रबंधक (सी एंड आईटी) श्री चंदू तेम्भुरने ने आभार व्यक्त किया। ISO/IEC 27001:2022 प्रमाणन भिलाई इस्पात संयंत्र की सूचना परिसंपत्तियों की सुरक्षा, साइबर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा संगठन के सभी स्तरों पर सूचना सुरक्षा के प्रति जागरूकता और सतर्कता की संस्कृति विकसित करने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।
******
आरडीजे/बीकेटी