प्रविष्टि तिथि:
19 NOV 2026 5:48PM by PIB Raipur
हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू), रायपुर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के उपलक्ष्य में मानवाधिकार, वैज्ञानिक नवाचार और स्वास्थ्य के अधिकार पर द्वितीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन 15 दिसंबर 2026 को ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर लॉ एंड ह्यूमन राइट्स, सेंटर फॉर लॉ एंड साइंसेज तथा सेंटर फॉर लॉ एंड पब्लिक हेल्थ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन का विषय “मानवाधिकार, वैज्ञानिक नवाचार और स्वास्थ्य का अधिकार: वैश्विक प्रतिबद्धताओं एवं राष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य नीतियों का समन्वय” निर्धारित किया गया है।

विज्ञान और चिकित्सा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास के बीच सम्मेलन में मानवाधिकारों, वैज्ञानिक नवाचार तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था के परस्पर संबंधों पर व्यापक विमर्श किया जाएगा। इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार मानकों और देश की सार्वजनिक स्वास्थ्य नीतियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उपायों पर विचार करना है। साथ ही, चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवाचारों का लाभ समाज के सभी वर्गों तक समान रूप से पहुंचाने तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणालियों को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने की रणनीतियों पर भी चर्चा होगी।
सम्मेलन में देशभर के शिक्षाविदों, संकाय सदस्यों, शोधकर्ताओं, विधि विशेषज्ञों और विद्यार्थियों को सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया है। इच्छुक प्रतिभागी अपने शोध सार (एब्स्ट्रैक्ट) आधिकारिक ऑनलाइन सबमिशन पोर्टल https://forms.gle/MFRB151pr1wmnQ56A के माध्यम से जमा कर सकते हैं। प्राप्त शोध सारों की समीक्षा के बाद चयनित प्रतिभागियों को 15 दिसंबर को आयोजित होने वाले ऑनलाइन तकनीकी सत्रों में अपने शोधपत्र प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा।
वर्ष 2003 में स्थापित हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, रायपुर देश के प्रमुख विधि शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों में शामिल है। विश्वविद्यालय विधि शिक्षा के साथ अंतःविषयक अनुसंधान, सामाजिक न्याय और नीतिगत विमर्श को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्यरत है।
*****
आरडीजे/बीकेटी