प्रविष्टि तिथि:
18 NOV 2026 5:37PM by PIB Jaipur
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), राजस्थान अंचल की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन आज आंचलिक कार्यालय, निधि भवन, ज्योति नगर, जयपुर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता राजस्थान अंचल के प्रभारी एवं अपर केंद्रीय आयुक्त श्री अजीत कुमार ने की। बैठक में राजस्थान के सभी 5 क्षेत्रीय एवं 7 जिला कार्यालयों के प्रभारी अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर भविष्य निधि दावों के त्वरित निष्पादन, पेंशन, वसूली, डिजिटल सेवाओं, संतोषप्रद शिकायत निवारण, निधि आपके निकट तथा सदस्य सुविधा सुधार से संबंधित विषयों पर समीक्षा की गई। बैठक में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोज़गार योजना (PMVBRY), विश्वास एवं अमनेस्टी योजना के प्रचार-प्रसार एवं इनके लाभ अधिकाधिक कर्मचारियों एवं नियोक्ताओं तक पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अपर केंद्रीय आयुक्त श्री अजीत कुमार ने कहा कि ईपीएफओ अपने अंशदाताओं, नियोक्ताओं एवं पेंशनभोगियों को सरल, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण, विशेषकर उच्चतर वेतन पर पेंशन (Pension on Higher Wages) से संबंधित लंबित दावों के शीघ्र निपटान के निर्देश दिए। साथ ही 01 नवंबर, 2026 से आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान के अंतर्गत अधिकाधिक पेंशनभोगियों के जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करवाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सदस्यों की शिकायतों का समयबद्ध, संवेदनशील एवं संतोषप्रद समाधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
_20261118173907_df88be.jpeg)