प्रविष्टि तिथि:
18 NOV 2026 3:14PM by PIB Raipur
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज लोक भवन, रायपुर में 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat), रायपुर द्वारा आयोजित "वंदे मातरम्" राज्य युवा शिविर (17 से 23 नवंबर 2026) के तहत देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा स्वयंसेवकों को संबोधित किया। इस सात दिवसीय शिविर में महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं। राज्यपाल ने इस आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह मंच युवाओं को सीखने, सेवा करने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है।

राष्ट्रगीत "वंदे मातरम्" के 150 वर्ष पूर्ण होने का विशेष उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह गीत मातृभूमि के प्रति अगाध प्रेम, समर्पण और राष्ट्रीय एकता का शक्तिशाली मंत्र है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आज का युवा भारत ही 'विकसित भारत 2047' के हमारे महान सपने को वास्तविकता में बदलेगा। युवाओं को सफलता के अनमोल जीवन-मंत्र देते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में मुकाम हासिल करने के लिए धैर्य और दृढ़ता बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से एक स्पष्ट उद्देश्य अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जिनके पास जीवन का स्पष्ट लक्ष्य होता है, वे हर कठिनाई का सामना करते हुए अपना मार्ग स्वयं खोज लेते हैं। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को टालमटोल से बचने की सख्त सीख देते हुए कहा कि आज का काम कल पर टालना हमें हमारे लक्ष्यों से दूर करता है, इसलिए समय का सदुपयोग कर हर कार्य समय पर पूरा करें।

राज्यपाल ने युवाओं से अपने उज्ज्वल करियर के निर्माण के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा से निभाने का आग्रह किया। विभिन्न राज्यों से पधारे युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने "एक भारत, श्रेष्ठ भारत" की भावना को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने शिविर के सातों दिनों का भरपूर लाभ उठाने, नए मित्र बनाने और एक नशामुक्त, सशक्त व विकसित भारत के निर्माण का दृढ़ संकल्प लेने का आह्वान किया। उल्लेखनीय है कि इस राज्य युवा शिविर के दौरान युवा स्वयंसेवक सिरपुर के ऐतिहासिक भ्रमण, संविधान जागरूकता सत्र, नेतृत्व विकास सत्र, स्वास्थ्य शिविर और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति से परिचय कराने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

*********
एसके/पीजे