पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद सीएक्यूएम ने ग्रैप के तीसरे चरण के प्रतिबंध हटाए, दूसरे चरण के उपाय जारी रहेंगे

प्रविष्टि तिथि: 17 NOV 2026 7:46PM by PIB Delhi

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) संबंधी उप-समिति ने आज 17 नवंबर 2026 के आदेश के माध्यम से दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप के तीसरे चरण के प्रतिबंध हटाने का निर्णय लिया है। दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार को देखते हुए ग्रैप उप-समिति ने आज क्षेत्र में वायु गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक की। समिति ने आईएमडी/आईआईटीएम की ओर से उपलब्ध कराए गए मौसम संबंधी आंकड़ों और वायु गुणवत्ता के पूर्वानुमानों की भी समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान समिति ने पाया कि दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार हुआ है और 17 नवंबर 2026 को यह 204 दर्ज किया गया। आईएमडी/आईआईटीएम के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता सूचकांक खराब और बहुत खराब श्रेणी में रहने की संभावना है। इसके मद्देनजर समिति ने ग्रैप के मौजूदा कार्यक्रम के तीसरे चरण के अंतर्गत छह नवंबर 2026 को जारी प्रतिबंधों को तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्णय लिया।

हालांकि आयोग की ओर से 30 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश लागू रहेगा। इसमें छूट प्राप्त परियोजनाओं को छोड़कर पूरे एनसीआर में धूल पैदा करने वाली तोड़फोड़ और खुले स्थानों पर निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया था। यह आदेश सीएक्यूएम की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इस आदेश के अनुसार दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के जिलों में राज्य सरकार तथा निजी कार्यालयों को पांच नवंबर से 20 नवंबर तक अपने कुल कर्मचारियों में से अधिकतम 50 प्रतिशत की उपस्थिति के साथ काम करने का निर्देश दिया गया था। यह व्यवस्था आदेश के पैरा 6(i) और 6(ii) के अनुसार लागू की गई थी।संबंधित एजेंसियों को स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने और ग्रैप के पहले तथा दूसरे चरण के उपायों को विशेष रूप से तेज करने को कहा गया है, ताकि एनसीआर में तीसरे चरण के प्रतिबंध दोबारा लागू करने की आवश्यकता न पड़े।

समिति ने नागरिकों से भी ग्रैप के पहले और दूसरे चरण के नागरिक चार्टर में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने और क्षेत्र में वायु गुणवत्ता बनाए रखने तथा उसमें सुधार लाने के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की है। ये दिशा-निर्देश इस प्रकार हैं:

समीर ऐप से वायु गुणवत्ता सूचकांक और सीएक्यूएम की वेबसाइट से लागू ग्रैप चरण की जानकारी प्राप्त करें।

अपने वाहनों के इंजन की नियमित जांच कराएं।

टायरों में हवा का उचित दबाव बनाए रखें।

वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र की वैधता सुनिश्चित करें।

वाहन को बेवजह चालू न रखें और लाल बत्ती पर इंजन बंद कर दें।

अपनी निर्धारित आयु पूरी कर चुके या स्पष्ट रूप से प्रदूषण फैलाने वाले डीजल और पेट्रोल वाहनों का इस्तेमाल न करें।

आवागमन के लिए सार्वजनिक परिवहन या साझा वाहनों को प्राथमिकता दें और निजी वाहनों का उपयोग कम करें।

वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता दें।

नगर निगम के ठोस कचरे को अलग-अलग करें और उसका उचित निपटान सुनिश्चित करें।

खुले स्थानों पर कूड़ा-कचरा न फैलाएं और न ही फेंकें।

कचरे का निपटान केवल नगर निकायों की ओर से निर्धारित स्थानों पर करें, विशेष रूप से बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर।

निर्माण और तोड़फोड़ से निकलने वाले कचरे को तुरंत हटाएं और धूल कम करने के उपायों का पालन करें।

अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और खाली स्थानों पर घास तथा झाड़ियां उगाएं।

आवश्यक गतिविधियों को छोड़कर डीजल जनरेटर सेट का उपयोग न करें।

त्योहारों को पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाएं और पटाखों से बचें।

वायु प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों की सूचना 311 ऐप, ग्रीन दिल्ली ऐप और समीर ऐप के माध्यम से दें।

सूचना, शिक्षा और संचार गतिविधियों में शामिल हो और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से लोगों को वायु प्रदूषण कम करने के उपायों के प्रति जागरूक करें।

तकनीक का उपयोग करें और जरूरत पड़ने पर थोड़ा लंबा लेकिन कम भीड़भाड़ वाला रास्ता चुनें।

वाहनों की उचित पार्किंग, लेन में चलने और पैदल यात्रियों के रास्तों को खाली रखने का ध्यान रखें।

अपने वाहनों के एयर फिल्टर को निर्धारित समय पर बदलें।

अक्टूबर से जनवरी के दौरान धूल पैदा करने वाली निर्माण गतिविधियों से बचें।

रसोई की चिमनी के फिल्टर की नियमित सफाई करें।

आवासीय क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर धुआं पैदा करने वाली खुले में खाना पकाने और गर्म करने की गतिविधियों से बचें।

ठोस कचरे और जैविक पदार्थों को जमा न होने दें और उन्हें खुले में न जलाएं।

जिन लोगों के कार्य की प्रकृति घर से काम करने की अनुमति देती है, वे घर से काम कर सकते हैं।

आयोग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता की नियमित समीक्षा करेगा। ग्रैप का मौजूदा आदेश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसे दिए गए लिंक के माध्यम से देखा जा सकता है।

https://caqm.nic.in/FileUploadDomain/WebsiteDocument/GRAP/GRAP%20Orders/b91570de-8cc1-4735-8879-28f2bc1550f2.pdf

 

*****

 

पीके/केसी/आरटी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2337679) आगंतुक पटल : 67
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu