गृह मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स समारोह - 2026 को संबोधित किया


रामोजी राव जी जैसे कुछ ही लोग होते हैं, जो अपने जीवनकाल में ही संस्था बन जाते हैं; उनका योगदान हमेशा देश को प्रेरणा देता रहता है

देश के कोने-कोने की जानकारी उनके पास होती थी और हर समस्या के समाधान पर रामोजी राव जी की राय स्पष्ट व बेबाक होती थी

एक गरीब किसान परिवार में जन्मे रामोजी राव जी ने बिना किसी सहारे के 'ईनाडु' शुरू कर हर तेलुगु घर तक सुबह की पहली आवाज सच की पहुंचाई

रामोजी राव जी ने हर दौर की तकनीक से कदम मिलाया, तेलुगु के साथ अनेक भारतीय भाषाओं में ETV नेटवर्क खड़ा किया और चैनल को मोबाइल तक भी पहुंचा दिया

करियर के लिए संघर्ष करने वाले बहुत लोग होते हैं, पर मूल्यों के लिए संघर्ष करने वाले ही महान बनते हैं, और रामोजी राव जी ने मूल्यों को स्थापित किया

पद्म विभूषण उनका ही नहीं, पत्रकारिता, साहित्य और तेलुगु अस्मिता का सम्मान था, उन्होंने अपने उद्यम से ऐसी संस्था खड़ी की, जो उनके न रहने पर भी उनके मूल्यों पर चल रही है

उन्होंने मुनाफे के लिए न्यूज चैनल और अखबार नहीं चलाए, बल्कि आर्थिक नुकसान और तमाम दबाव उठाकर भी पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बनाए रखा

फिल्मों में भी उनका बड़ा योगदान रहा, रामोजी फिल्म सिटी के बिना किसी भी स्थानीय भाषा के फिल्म स्टूडियो की कल्पना नहीं की जा सकती

मोदी जी के नेतृत्व में देश ने लंबे समय बाद निर्णायक नेतृत्व देखा है और पॉलिसी पैरालिसिस की जगह पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस ने ले ली है

दुनिया की सबसे लंबी और सबसे ताकतवर हाइड्रोजन ट्रेन पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से भारत में बनी और पटरी पर दौड़ने भी लगी है

मोदी जी के नेतृत्व में 98% पंचायतें 4जी कनेक्टिविटी से जुड़ चुकी हैं, 12 वर्षों में 50 करोड़ भारतीय गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जिसे विश्व बैंक ने भी स्वीकार किया है

आंध्र प्रदेश आने वाले 10 वर्षों में देश का सबसे विकसित राज्य बनेगा

विशाखापट्टनम में बन रहा गूगल का 15 अरब डॉलर का एआई हब अमेरिका के बाहर उसका सबसे बड़ा हब होगा, जो पूरे देश के लिए गर्व की बात है

ढाई वर्षों में 30 लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतारने का काम श्री चंद्रबाबू नायडू जी ने किया है, जो गौरव की बात है

प्रविष्टि तिथि: 16 NOV 2026 9:42PM by PIB Delhi

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स समारोह - 2026 को संबोधित किया। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के राज्यपाल श्री सैयद अब्दुल नज़ीर, मुख्यमंत्री श्री चंद्रबाबू नायडू, केन्द्रीय मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी और श्री के. राम मोहन नायडू, राज्य के उप-मुख्यमंत्री श्री के. पवन कल्याण सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 21.26.06.jpeg

अवार्ड समारोह को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि आज रामोजी राव जी की 90वीं जयंती है, लेकिन वह आज हमारे बीच नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कई व्यक्ति ऐसे होते हैं जो अपने जीवनकाल में काम करते-करते एक संस्था बन जाते हैं और उनके द्वारा स्थापित की गई संस्था देश को हमेशा प्रेरणा देने का काम करती है। श्री शाह ने कहा कि वह रामोजी राव जी से चार बार मिले और उन्हें आश्चर्य है कि उनके पास देश के कोने-कोने की खबरें होती थीं। वह देश की हर समस्या और उनके समाधान को लेकर बहुत स्पष्ट थे, उनके अपने दृढ़ विचार थे जिसे वह बेबाक तरीके से जाहिर करने का साहस भी रखते थे। उन्होंने कहा कि रामोजी राव की जमीनी स्तर की समझ बहुत अच्छी थी। उन्होंने कहा कि कृषि, शिक्षा, फिल्म निर्माण और मीडिया जैसे अनेक क्षेत्रों में रामोजी राव आज भी युवाओं के आदर्श बने हुए हैं।

केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि पूर्वोत्तर की भौगोलिक स्थिति, आबादी, वहाँ की समस्याएं और उग्रवाद का मूल कारण उन्हें बहुत अच्छी तरह पता था। श्री शाह ने कहा कि जैसे-जैसे रामोजी राव जी के बारे में उन्हें जानकारी मिलती गई, उनके प्रति उनका सम्मान बढ़ता ही गया।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 21.26.15.jpeg

श्री अमित शाह ने कहा कि जब रामोजी राव के 90 साल के जीवन को पीछे मुड़ कर देखते हैं, तो लगता है कि इतने बड़े फलक पर कोई व्यक्ति देश के लिए रामोजी राव की तरह योगदान दे ही नहीं सकता। उन्होंने कहा कि रामोजी राव ने कृष्णा जिले के एक गरीब परिवार में जन्म लिया, उनकी न कोई विरासत थी, न उनके पास संसाधन थे, और न ही पत्रकारिता की कोई डिग्री थी, लेकिन उनकी आँखों और मन में विजन तथा अटूट संकल्प था। श्री शाह ने कहा कि रामोजी राव ने ‘ईनाडु’ नाम का अखबार शुरू कर पाठकों को सच की गूंज सुनाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि आज अगर रामोजी राव के योगदान का आकलन किया जाए, तो सिर्फ यही कहा जा सकता है कि पत्रकारिता जगत में किसी भी मीडिया समूह के अध्यक्ष के रूप में उनकी तुलना सिर्फ राम नाथ गोयनका जी के साथ की जा सकती है। 

गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि रामोजी राव जी ने बदलते समय और बदलती तकनीक के साथ हमेशा कदम मिलाया। उन्होंने कहा कि जब प्राइवेट न्यूज़ चैनलों की शुरुआत हुई, तब रामोजी राव जी के अलावा कोई ऐसा सोच ही नहीं सकता था कि क्षेत्रीय भाषाओं में 24 घंटे के न्यूज़ चैनल चल सकते हैं। उन्होंने कहा कि रामोजी राव जी ने न केवल तेलुगु, बल्कि देश की लगभग सभी क्षेत्रीय भाषाओं में ETV की शुरुआत की। उन्होंने न केवल देश की सभी भाषाओं को समृद्ध किया, बल्कि ETV नेटवर्क के माध्यम से उन्होंने देश के हर भाषा भाषी लोगों को सच की गूंज सुनाने की अभिनव पहल की।

श्री अमित शाह ने कहा कि जब एक बार उन्होंने उनसे सवाल किया कि वह अपने बचे हुए समय में क्या करना चाहते हैं, तो उन्होंने कहा था कि वह मोबाइल पर टीवी चैनल की शुरुआत करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आज उनके मोबाइल चैनल सभी भाषाओं में उपलब्ध हैं। योगदान देने का यह जुनून और संघर्ष करने की यह ललक ही रामोजी राव जी को महान बनाती है।

गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि जब हम आज के अखबारों और न्यूज चैनलों के मालिकों तथा उनके व्यावसायिक उद्देश्यों और मुनाफे पर नजर डालते हैं, तो समझ आता है कि रामोजी राव कितने बड़े व्यक्तित्व थे। श्री शाह ने कहा कि निश्चित रूप से रामोजी राव के मन में यह दृढ़ मान्यता रही होगी कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ वास्तविक अर्थों में पत्रकारिता ही है। इसके लिए उन्होंने अपने जीवन में अनेक संघर्ष किए।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 21.26.26.jpeg

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि रामोजी राव ने अपने जीवन के दो बड़े कालखंड संघर्ष में बिताए। काफी आर्थिक नुकसान और अनेक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने अपने समाचार चैनल को निष्पक्ष बनाए रखा और लोकतंत्र का सच्चा चौथा स्तंभ बनाए रखा। उन्होंने कहा कि करियर के लिए संघर्ष करने वाले लोग भी बड़े होते हैं। संघर्ष एक ऐसा अनूठा गुण है, जो व्यक्ति को महान बनाता है। लेकिन मूल्यों के लिए संघर्ष करने वाले लोग उससे भी अधिक महान होते हैं। रामोजी राव ने मूल्यों के लिए हमेशा संघर्ष किया और उन्हें स्थापित किया।

श्री अमित शाह ने कहा कि 2016 में जब रामोजी राव को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया, तब गुजरात के एक प्रसिद्ध गुजराती समाचार पत्र ने लिखा था कि यह सम्मान केवल श्री रामोजी राव का नहीं, बल्कि पत्रकारिता, साहित्य, शिक्षा और तेलुगु गौरव का सम्मान है। श्री शाह ने कहा कि रामोजी राव ने केवल न्यूज इंडस्ट्री नहीं बनाई थी। उन्होंने उद्यमों के स्थान पर संस्थान बनाए। संस्थान वही होते हैं, जो किसी व्यक्ति के न रहने के बाद भी उन्हीं मूल्यों पर चलते रहते हैं।

गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि रामोजी राव का योगदान फिल्म इंडस्ट्री में भी रहा है। रामोजी राव फिल्म सिटी के बिना किसी भी भाषा की फिल्म इंडस्ट्री की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि रामोजी राव ने फिल्म निर्माताओं को यह भरोसा दिलाया कि पैसा और कला लेकर आने पर बाकी सब कुछ उनके स्टूडियो में उपलब्ध है और उन्हें कहीं और जाने की जरूरत नहीं है।

केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि आज एक्सीलेंस अवॉर्ड के लिए कुछ लोगों का चयन किया गया है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, युवा आइकन, मानवता की सेवा, कला एवं संस्कृति, शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा, ग्रामीण विकास, पत्रकारिता और महिला उपलब्धि जैसे क्षेत्रों में देश के लिए योगदान देने वाले लोगों को यहाँ सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण इन नौ क्षेत्रों में योगदान देने के लिए सम्मानित होने वाले सभी नौ लोगों से वह कहना चाहते हैं कि हो सकता है कि उन्हें जीवन में और भी पुरस्कार मिलें, लेकिन रामोजी राव के नाम से जुड़े हुए अवॉर्ड का अपना विशेष महत्व है।

श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदीजी के यशस्वी नेतृत्व में आज भारत आगे बढ़ रहा है। पिछले 13 वर्षों में देश ने लंबे समय के बाद स्थिरता, निरंतरता और निर्णायक नेतृत्व का परिचय दिया है। पहले जिस पॉलिसी पैरालिसिस की चर्चा होती थी, उसकी जगह अब परफॉर्मेंस की राजनीति और नीतियों पर आधारित विकास ने ले ली है। गृह मंत्री ने कहा कि अनुच्छेद 370 को समाप्त करना, पाँच दशक पुरानी नक्सलवाद की समस्या को समाप्त करना, देश का आर्थिक विकास करना और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करना—इन सभी क्षेत्रों में बहुत अच्छा काम हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदीजी के नेतृत्व में देश का आर्थिक विकास बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसके साथ-साथ हर क्षेत्र में संभावनाएँ भी तेजी से बढ़ रही हैं।

केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि रूस और यूक्रेन तथा अमेरिका और अन्य देशों के बीच लंबे समय से चल रहे युद्धों के बावजूद भारत की विकास दर को लेकर सकारात्मक अनुमान सामने आए हैं। मूडीज ने हाल ही में 2026-27 के लिए भारत की विकास दर का अनुमान 6.5% से बढ़ाकर 7% कर दिया है। वर्ष 2025-26 में भारत ने 863 बिलियन डॉलर का रिकॉर्ड निर्यात किया और अब हमारा लक्ष्य 1 ट्रिलियन डॉलर का है। उन्होंने विश्वास जताया कि हम इसे पूरा कर लेंगे। श्री शाह ने कहा कि इस्पात उत्पादन में भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक बन गया है और अमेरिका तथा जापान के कुल उत्पादन से भी अधिक इस्पात बना रहा है। 2014 की तुलना में इस्पात उत्पादन में 90 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि 2014 में जहां केवल 58 ग्राम पंचायतें भारतनेट से जुड़ी थीं, वहीं आज यह संख्या बढ़कर 2 लाख 15 हजार हो गई है और देश के 98 प्रतिशत गांवों तक 4G कनेक्टिविटी पहुंच चुकी है।

श्री अमित शाह ने कहा कि अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में भी हमने बहुत बड़ी प्रगति की है। दुनिया की सबसे लंबी और सबसे अधिक क्षमता वाली हाइड्रोजन ट्रेन का निर्माण भारत में पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से किया गया है और उसका संचालन भी शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि 2014 में देश में केवल 76 हवाई अड्डे थे, जबकि आज भारत 150 हवाई अड्डों के साथ बड़ी छलांग लगाकर आगे बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, मोदीजी के 12 वर्षों के कार्यकाल में 50 करोड़ भारतीय गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जो सभी के लिए बहुत प्रसन्नता का विषय है।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 21.26.36.jpeg

गृह मंत्री ने कहा कि हर साल लगभग 40 वर्षों तक देश में 2,000 से अधिक नक्सली हमले होते थे। लेकिन आज यह कहते हुए संतोष है कि अब एक भी नक्सली हमला नहीं होता है। यह हम सभी की सामूहिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश भी श्री चंद्रबाबू नायडू जी के नेतृत्व में दिन-रात प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि वह लगातार चंद्रबाबू नायडू जी के दूसरे कार्यकाल के आँकड़ों का अध्ययन कर रहे हैं और यह विश्वास के साथ कहते हैं कि आने वाले 10 वर्षों में आंध्र प्रदेश देश का सबसे विकसित राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि गूगल का 15 अरब डॉलर का AI हब बनना केवल आंध्र प्रदेश के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। विशाखापत्तनम में गूगल द्वारा 15 बिलियन डॉलर का AI हब स्थापित किया जाना केवल आंध्र प्रदेश के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के लोगों के लिए भी गर्व की बात है। एक गीगावाट का डेटा सेंटर और अमेरिका के बाहर गूगल का सबसे बड़ा AI हब, ये दोनों ही देश के लिए गर्व का विषय हैं। समुद्र के नीचे बिछी केबल का नया गेटवे भी आंध्र प्रदेश की भूमि पर ही उपलब्ध होने वाला है। उन्होंने कहा कि राज्य की पहली सेमीकंडक्टर इकाई का शिलान्यास हुआ है। बड़े-बड़े इस्पात कारखाने स्थापित हुए हैं। मोदीजी ने अभी अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का लोकार्पण किया है और उसी दिन 18,000 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास भी हुआ। इन सभी पहलों को यदि बारीकी से देखें, तो श्री चंद्रबाबू नायडू जी ने ढाई वर्षों में 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश को आंध्र प्रदेश में धरातल पर उतारने का काम किया है।

श्री अमित शाह ने कहा कि जब पोलवरम बांध का काम पूरा होकर पूरे आंध्र प्रदेश में पानी पहुँचेगा, तब राज्य के किसानों के लिए इससे बेहतर अवसर कुछ और नहीं हो सकता। दृढ़ संकल्प और समयबद्ध कार्यक्रम के साथ परियोजना को आगे बढ़ाना बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई का पानी उपलब्ध कराकर सिंचाई की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए मुख्यमंत्री जी का प्रयास सराहनीय है।

****

RK/RR/PR/PS


(रिलीज़ आईडी: 2337202) आगंतुक पटल : 45
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English