सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

आकाशवाणी ने युवा संगीत प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने के लिए ‘एआईआर उभरते सितारे’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया


17 से 30 नवंबर 2026 तक देश भर में 26 संगीत कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा

आकाशवाणी के 90 वर्षों के जश्न के हिस्से के रूप में, ‘एआईआर उभरते सितारे’ कार्यक्रम 30 वर्ष से कम आयु के युवा संगीत कलाकारों को बढ़ावा देगा

प्रविष्टि तिथि: 15 NOV 2026 8:56PM by PIB Delhi

युवा संगीत प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और भारत की समृद्ध व विविध संगीत विरासत को आगे बढ़ाने की एक बड़ी पहल के तहत, आकाशवाणी ‘एआईआर उभरते सितारे’ (एआईआर राइजिंग स्टार्स) का पहला सीज़न शुरू कर रहा है। यह विशेष संगीत कार्यक्रमों की एक राष्ट्रव्यापी श्रृंखला है, जिसमें केवल 30 वर्ष से कम आयु के युवा कलाकार ही अपनी प्रस्तुति देंगे। इस संगीत श्रृंखला का पहला सीज़न 17 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक देश भर के 26 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। ये कार्यक्रम युवा और उभरते संगीत कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने और अधिक दर्शकों तक पहुँचने के लिए एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच प्रदान करेंगे।

यह पहल आकाशवाणी के 90 वर्षों के जश्न के हिस्से के रूप में की जा रही है। यह कार्यक्रम अलग-अलग पीढ़ियों की संगीत प्रतिभाओं को खोजने, उन्हें निखारने और बढ़ावा देने के प्रति आकाशवाणी की निरंतर प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है। ‘एआईआर उभरते सितारे’ का उद्देश्य अगली पीढ़ी के कलाकारों को मंच पर लाकर इस विरासत को आगे बढ़ाना है।

युवा मान्यता प्राप्त और उभरते कलाकारों पर विशेष ध्यान

इन संगीत कार्यक्रमों में मुख्य रूप से आकाशवाणी से जुड़े 30 वर्ष से कम आयु के मान्यता प्राप्त युवा कलाकार शामिल होंगे, जो विभिन्न संगीत शैलियों और परंपराओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। यदि किसी विशेष श्रेणी में उपयुक्त मान्यता प्राप्त युवा कलाकार उपलब्ध नहीं हैं, तो निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार और संबंधित आकाशवाणी केंद्र द्वारा चयन किए जाने पर, योग्य गैर-मान्यता प्राप्त युवा कलाकारों को भी अवसर दिए जा सकते हैं।

इन कार्यक्रमों में भारत की संगीत विरासत की विविधता देखने को मिलेगी। इसमें हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत (गायन और वादन), कर्नाटक शास्त्रीय संगीत (गायन और वादन), सुगम संगीत और लोक संगीत, पश्चिमी संगीत तथा संबंधित आकाशवाणी केंद्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप अन्य क्षेत्रीय संगीत शैलियाँ शामिल होंगी।

26 स्थानों पर राष्ट्रव्यापी उत्सव

ये संगीत कार्यक्रम आकाशवाणी के 26 केंद्रों द्वारा आयोजित किए जाएंगे। ये केंद्र हैं: शिमला, देहरादून, दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, जयपुर, जालंधर, सूरतगढ़, हैदराबाद, विजयवाड़ा, धारवाड़, बेंगलुरु, मैसूरु, मदुरै, तिरुवनंतपुरम, तिरुचिरापल्ली, कोलकाता, इंफाल, मुंबई, अहमदाबाद, सांगली, नागपुर, पुदुचेरी, जम्मू, गुवाहाटी और रामपुर।

प्रत्येक केंद्र अपने क्षेत्र के होनहार युवा कलाकारों को शामिल करते हुए, किसी उपयुक्त स्थान पर एक संगीत कार्यक्रम आयोजित करेगा। इन कलाकारों का उत्साह बढ़ाने और इस पहल को युवा संगीत प्रतिभाओं के एक राष्ट्रव्यापी उत्सव के रूप में मनाने के लिए, प्रतिष्ठित हस्तियों, संगीत प्रेमियों, युवाओं के आदर्श व्यक्तियों (आइकन्स), छात्रों और आम जनता को भी आमंत्रित किया जाएगा।

विभिन्न प्लेटफ़ॉर्म पर प्रसारण और डिजिटल पहुंच

'एआईआर उभरते सितारे’: सीजन-1' की एक मुख्य विशेषता विभिन्न प्लेटफ़ॉर्म पर इसका व्यापक प्रसारण और डिजिटल पहुंच है, जो युवा कलाकारों की प्रस्तुतियों को कार्यक्रम स्थल से आगे जाकर देश भर के दर्शकों तक पहुंचाएगा।

इन संगीत कार्यक्रमों का प्रसारण आकाशवाणी केंद्रों के नेटवर्क के माध्यम से किया जाएगा। साथ ही, इन्हें दूरदर्शन, आकाशवाणी के 'रागम्' यूट्यूब चैनल, 26 आकाशवाणी केंद्रों के यूट्यूब चैनलों, 'न्यूज़ऑनएयर' मोबाइल ऐप और प्रसार भारती के 'वेव्स ओटीटी' प्लेटफॉर्म पर भी दिखाया जाएगा। प्रसारण की यह एकीकृत रणनीति रेडियो, टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवा कलाकारों को व्यापक पहुँच दिलाएगी।

सर्वश्रेष्ठ तीन प्रस्तुतियों के लिए नकद पुरस्कार

युवा कलाकारों को प्रोत्साहित करने और डिजिटल जुड़ाव को बढ़ावा देने के लिए, उन तीन कलाकारों को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे, जिनकी प्रस्तुतियों को 15 जनवरी 2027 तक यूट्यूब पर सबसे अधिक बार देखा जाएगा।

प्रथम पुरस्कार: ₹20,000

द्वितीय पुरस्कार: ₹15,000

तृतीय पुरस्कार: ₹10,000

यह पहल युवा कलाकारों को अतिरिक्त पहचान दिलाएगी और उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेगी।

उल्लेखनीय है कि आकाशवाणी में 'आकाशवाणी संगीत सम्मेलन' आयोजित करने की एक लंबी परंपरा रही है, जिसके अब तक 67 संस्करण सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं। आकाशवाणी संगीत सम्मेलन, शीर्ष श्रेणी और 'ए' श्रेणी के प्रतिष्ठित कलाकारों को अपनी संगीत प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करता है। वहीं, 'एआईआर उभरते सितारे' एक विशिष्ट पहल है, जिसका उद्देश्य युवा मान्यता-प्राप्त कलाकारों को एक समर्पित मंच देना है। इन कलाकारों को आकाशवाणी द्वारा आयोजित ऐसे प्रतिष्ठित संगीत कार्यक्रमों में अपनी कला दिखाने के अक्सर सीमित अवसर ही मिल पाते हैं।

'एआईआर उभरते सितारे' के माध्यम से, आकाशवाणी का लक्ष्य संगीतकारों की अगली पीढ़ी के लिए एक विशिष्ट राष्ट्रीय मंच तैयार करना तथा भारत की स्थायी संगीत परंपराओं और युवाओं के बीच के जुड़ाव को भी मजबूत करना है। यह पहल भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और संगीत विरासत को बढ़ावा देने में तथा उभरती हुई संगीत प्रतिभाओं को निखारने की आकाशवाणी की लंबे समय से चली आ रही भूमिका को और सुदृढ़ करेगी।

***

पीके/केसी/आरटी/जेके/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2336700) आगंतुक पटल : 28
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Kannada