लोकसभा सचिवालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और लोक सभा अध्यक्ष ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की


भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष सिद्ध करता है कि सांस्कृतिक जड़ें और एकजुटता ही किसी समाज की वास्तविक शक्ति हैं : लोक सभा अध्यक्ष

भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों ने सामूहिक उत्तरदायित्व और आत्मसम्मान की भावना को सुदृढ़ किया : लोक सभा अध्यक्ष

प्रविष्टि तिथि: 15 NOV 2026 1:52PM by PIB Delhi

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु; भारत के उपराष्ट्रपति और राज्य सभा के सभापति, श्री सी. पी. राधाकृष्णन; प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी; लोक सभा अध्यक्ष, श्री ओम बिरला; विधि एवं न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री, श्री अर्जुन राम मेघवाल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने आज संसद भवन परिसर स्थित 'प्रेरणा स्थल' पर भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। देश भर में आज का दिन 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाया जा रहा है।

'धरती आबा' के रूप में पूजनीय भगवान बिरसा मुंडा एक महान स्वतंत्रता सेनानी और जनजातीय अधिकारों के प्रबल पक्षधर के रूप में भारतीय इतिहास में विशिष्ट स्थान रखते हैं। 'उलगुलान' आंदोलन के माध्यम से उन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समुदायों को संगठित किया तथा जल, जंगल और जमीन पर उनके अधिकारों को बुलंद किया। उनके नेतृत्व ने स्वतंत्रता संग्राम को जनजातीय अस्मिता, सांस्कृतिक गरिमा और आत्मसम्मान की रक्षा के साथ जोड़ा। उनका साहस, त्याग और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है और उनकी विरासत राष्ट्र की सामूहिक स्मृति में सम्मान का स्थान रखती है।

जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सम्मान देने तथा भारत के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय जीवन में जनजातीय समुदायों के योगदान को मान्यता देने के लिए वर्ष 2021 से 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्र उनके समृद्ध इतिहास, संस्कृति और विरासत का उत्सव मनाता है तथा भारत की स्वतंत्रता और प्रगति में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता को पुनः पुष्ट करता है।

समारोह के दौरान, विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय लोक कलाकारों ने प्रेरणा स्थल पर प्रस्तुति दी, अपनी कला से गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया और भारत की जनजातीय सांस्कृतिक परंपराओं की समृद्धि को प्रदर्शित किया।

इससे पूर्व, लोक सभा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपने संदेश में कहा:

जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के ओजस्वी प्रतीक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती पर कोटिशः नमन एवं समस्त देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ।

अल्पायु में ही उन्होंने अपने अदम्य साहस, दूरदर्शी चिंतन और विलक्षण नेतृत्व क्षमता से जनजातीय समाज में नवजागरण की अलख जगाई। उनके नेतृत्व में हुआ ‘उलगुलान’ अंग्रेजी हुकूमत की शोषणकारी व्यवस्था, अन्याय और दमन के विरुद्ध एक सशक्त जनांदोलन बनकर उभरा। यह संघर्ष केवल राजनीतिक प्रतिरोध नहीं था, बल्कि जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समुदायों के अधिकारों, सांस्कृतिक अस्मिता और सामाजिक न्याय की रक्षा का व्यापक संकल्प था। उन्होंने समाज को अपनी परंपराओं, विरासत और स्वाभिमान के प्रति जागरूक करते हुए एकता, संगठन और आत्मनिर्भरता का मार्ग दिखाया।

भगवान बिरसा मुंडा जी ने सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास और शोषण के विरुद्ध भी जनचेतना का प्रसार किया। उनके विचारों ने जनजातीय समाज में आत्मसम्मान, सामूहिक उत्तरदायित्व और अपने अधिकारों के प्रति सजगता का भाव सुदृढ़ किया। उनका संघर्ष इस सत्य को रेखांकित करता है कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी सांस्कृतिक जड़ों, सामुदायिक एकजुटता और अपने अस्तित्व की रक्षा के संकल्प में निहित होती है।

उनका जीवन त्याग, तप, संघर्ष और जनसेवा की ऐसी प्रेरणादायी गाथा है, जो पीढ़ियों तक राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता और न्याय के मूल्यों को आलोकित करती रहेगी। भगवान बिरसा मुंडा जी का अद्वितीय योगदान भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उनके आदर्श हमें जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों और सर्वांगीण विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देते रहेंगे।

 

 

***

AM


(रिलीज़ आईडी: 2336479) आगंतुक पटल : 32
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English