Posted On:
15 NOV 2026 1:23PM by PIB Delhi
जोहार !
देश के कोने-कोने से जुड़े आप सभी लोगों को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की बहुत-बहुत बधाई। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती पर मैं उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। जनजातीय गौरव दिवस, देश का एक ऐसा पर्व है, जिससे जनजातीय समाज का गौरव जुड़ा है, जिससे भगवान बिरसा मुंडा की प्रेरणा जुड़ी है। इसी ऊर्जा के साथ आज देशभर में जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम हो रहे हैं। देश आज अपने आदिवासी नायक-नायिकाओं को गर्व से याद कर रहा है। खासकर, महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में इतना बड़ा आयोजन हो रहा है, मेरी नजर जहां पहुंचती है, लोग ही लोग दिख रहे हैं। और गढ़चिरौली में, वहां तो जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति रही है। राघोजी भांगरे, भागोजी नाईक और वीर बाबूराव शेडमाके, ऐसे वीरों की वीर गाथाएं इस धरती से जुड़ी हैं। मैं इस अवसर पर सभी आदिवासी वीरों को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। देशभर से इस आयोजन में सहभागी बन रहे सभी राज्यपालों का, सभी आदरणीय मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्रियों और प्रत्येक जनप्रतिनिधि का भी मैं अभिनंदन करता हूं।
साथियों,
15 नवंबर 2021 से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की जो शुरुआत हुई, आज वो एक राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। पिछले वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती पर देशभर में 2 लाख से अधिक कार्यक्रम हुए। करोड़ों देशवासी इन आयोजनों का हिस्सा बने। एक समय था, जब हमारे देश में अनेक दिवस और उत्सव विदेशी दृष्टिकोण से तय होते थे। लेकिन आज, भारत अपनी विरासत को, अपने इतिहास को, अपने नायकों को स्वदेशी स्वाभिमान के साथ गौरव पूर्वक याद कर रहा है। ये हमारी राष्ट्रीय चेतना में आए एक बड़े परिवर्तन का प्रतीक है।
साथियों,
आज़ादी की लड़ाई में, खासी पहाड़ियों में तिरोत सिंग का संघर्ष हो, छोटा नागपुर का कोल आंदोलन हो, या सिद्धो-कान्हू के नेतृत्व में संथाल क्रांति हो, जनजातीय समाज ने हमेशा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई। मानगढ़ की धरती पर गोविंद गुरु के अनुयायियों ने बलिदान दिया। रानी गाइदिन्ल्यू, तांत्या भील, ऐसे अनेक वीरों और वीरांगनाओं ने अपने साहस से देश को प्रेरणा दी। अल्लूरी सीताराम राजू और रानी दुर्गावती जैसे महान व्यक्तित्वों ने भी आदिवासी आंदोलनों को ऊर्जा दी। और इन सब गाथाओं के साथ-साथ भगवान बिरसा मुंडा का उलगुलान, युवा आयु में उनका संघर्ष, आज भी हम करोड़ों देशवासियों के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है।
साथियों,
आज जनजातीय गौरव दिवस के इस अवसर पर देश के अलग-अलग राज्यों में जनजातीय विकास से जुड़ी 170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से अधिक प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया गया है। मिजोरम में महान स्वतंत्रता सेनानी रोपु-इलियानी जी को समर्पित संग्रहालय का लोकार्पण हुआ है। अरुणाचल प्रदेश में जनजातीय अनुसंधान संस्थान के नए भवन का लोकार्पण भी हुआ है। इसके अलावा, लोकार्पण और शिलान्यास होने वालों में शिक्षा से जुड़े संस्थान हैं, स्वास्थ्य सेवाएं हैं, जनजातीय उत्पादों के लिए मार्केटिंग सेंटर हैं, और गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से जुड़े अनेक काम हैं। देश के अलग-अलग राज्यों में करीब 3 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। मैं इन सभी परियोजनाओं के लिए आप सबको, देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
साथियों,
आज का ये आयोजन ऐसे समय में हो रहा है, जब देश की दो बड़ी उपलब्धियों की चर्चा हर जगह हो रही है। पहली उपलब्धि है- देश के करीब 50 करोड़ लोगों का भीषण गरीबी को परास्त करना, गरीबी से बाहर निकलना, और दूसरी उपलब्धि है- देश का नक्सलवाद, माओवादी आतंक का खात्मा, माओवादी आतंक से मुक्ति पाना। ये दोनों उपलब्धियां हमारे जनजातीय भाई-बहनों के जीवन से, गहराई से जुड़ी हैं। इसलिए, कुछ ही हफ्ते पहले वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट आई है, और वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट में कहा गया है कि बीते 12-13 वर्षों में भारत के करीब 50 करोड़ लोग, ये आंकड़ा बहुत बड़ा है, 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर निकले हैं। मैं इसे आजादी के बाद देश की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मानता हूं। ये पूरे देश की उपलब्धि है, ये किसी एक सरकार का श्रेय नहीं है, इसके पीछे समाज की सामूहिक शक्ति है, इसके पीछे देश के हर नागरिक का प्रयास है, उनका परिश्रम है। बीते वर्षों में केंद्र सरकार ने जनजातीय कल्याण के लिए जो फैसले लिए, जो योजनाएं बनाईं, उनकी भी इस उपलब्धि में बहुत बड़ी भूमिका रही है। मैं इस उपलब्धि के लिए सभी देशवासियों को, विशेष रूप से अपने जनजातीय भाइयों और बहनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
साथियों,
इतनी बड़ी संख्या में लोगों का गरीबी से बाहर निकलना, अपने आप में बहुत बड़ा परिवर्तन है। ये परिवर्तन एक बड़े संकल्प के सिद्धि तक की यात्रा की सुदिर्ग कहानी है। संकल्प कैसे सिद्ध किया जा सकता है, वो आज भारत कर सकता है, हर भारतीय कर सकता है, ये आत्मविश्वास पैदा हुआ है। हमने एक संकल्प लिया था, जो दशकों से विकास की सुविधाओं से वंचित रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता देनी है। जैसे-जैसे हमारे संकल्प वास्तविकता बनकर जमीन पर उतरने लगे, सकारात्मक बदलावों की श्रृंखला बनने लगी। देश के वो आदिवासी इलाके, जो पिछड़ों में भी पिछड़े इलाके थे, जहां जिंदगी की मूलभूत सुविधाएं भी नहीं पहुँचीं, उन पर हमारी सरकार ने वहां अपना पूरा सामर्थ्य लगाया। पीएम-जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, इन दोनों योजनाओं के लिए हमने एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का बजट बनाया। हमारा प्रयास रहा कि आजादी के बाद जिन परिवारों तक सबसे देर से सुविधाएं पहुंचीं, अब उन तक सबसे तेज सुविधाएं पहुंचाई जाएं।
साथियों,
वंचितों को वरीयता, वंचितों को वरीयता, ये हमारी प्राथमिकता रही। हमने देश के गरीब परिवारों के लिए चार करोड़ से अधिक पक्के घर बनाए। देश के उन 18 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाई, जहां आजादी के इतने दशकों बाद भी बिजली नहीं पहुंची थी। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी। देशभर में एक लाख 75 हजार से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए गए, जिनकी वजह से दूर-दराज के जनजातीय क्षेत्रों तक भी स्वास्थ्य का लाभ पहुंचा। जब गरीब परिवारों को शौचालय मिले, स्वच्छता की सुविधाएं बढ़ीं, तो अनेक बीमारियों का भी खतरा कम हुआ।
साथियों,
गरीबी को परास्त करने के लिए गरीब परिवारों को कमाई के अवसर बढ़ाने भी उतने ही जरूरी थे। हमने मुद्रा योजना के माध्यम से बिना गारंटी के ऋण की सुविधा दी। इस योजना के तहत लाखों करोड़ रुपये की मदद दी गई। इस तरह की सारी योजनाओं का लाभ गरीबों को मिला, दलितों को मिला, पिछड़ों को मिला, हमारे जनजातीय भाई-बहनों को भी मिला। इससे उनके भीतर आगे बढ़ने का नया आत्मविश्वास पैदा हुआ।
साथियों,
हमने उन क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दिया, जो लंबे समय तक विकास में पीछे रह गए थे। देश के 100 से अधिक आकांक्षी जिलों और 500 से अधिक आकांक्षी ब्लॉकों में विकास का, सुविधा का, नागरिकों के अधिकारों की रक्षा का विशेष अभियान चलाया। इनमें बड़ी संख्या में जनजातीय आबादी वाले क्षेत्र शामिल हैं। अब पीएम कृषि धन धान्य योजना के तहत कृषि के क्षेत्र में पिछड़े 100 जिलों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि वहां के किसानों, गरीब परिवारों और जनजातीय समाज को आगे बढ़ाने के नए अवसर मिलें। इन सामूहिक प्रयासों ने ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मंत्र ने देश के गरीबों को नया आत्मविश्वास दिया, और करोड़ों गरीबों ने, गरीबी को परास्त करके दिखाया।
साथियों,
देश की दूसरी उपलब्धि, जिसकी मैंने चर्चा की थी, वो है- नक्सलवाद, माओवाद से मुक्ति। हमारा गढ़चिरौली, गढ़चिरौली समेत देश के तमाम आदिवासी इलाकों के लोग जानते हैं, नक्सली हिंसा ने सबसे ज्यादा नुकसान हमारे जनजातीय समाज का ही किया। 2014 में, देश के करीब सवा सौ जिले माओवाद-नक्सलवाद से पीड़ित थे। हर साल हिंसा की सैकड़ों घटनाएँ होती थीं। इन घटनाओं में हजारों निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इनमें बहुत बड़ी संख्या हमारे आदिवासी भाई-बहनों की थी।
लेकिन साथियों,
माओवाद-नक्सलवाद प्रभावित लोगों को, उस सरकारों के द्वारा, उस जमाने में, इन मेरे भाई-बहनों को उनके नसीब पर छोड़ दिया गया था, उनके अधिकार छीन लिए गए थे। और सब मुंह पर ताला लगाकर बैठे थे, सब चुप रहते थे। आप हैरान हो जाएंगे, मेरे इन जनजातीय समाज के भाई-बहनों को मतदान तक नहीं करने दिया जाता था। तब की सरकारें ऐसे ही मूकदर्शक बनी रहती थीं, आंख बंद करके बैठी रहती थीं। गरीब मां के सामने से, उनके छोटे-छोटे बच्चों को, ये माओवादी-नक्सलवादी छीन करके ले जाते थे, और कोई कुछ नहीं कर पाता था। नक्सली हमारे घर की बेटियों को उठाकर ले जाते थे, सब बेबसी में तड़पकर रह जाते थे।
साथियों,
आज जब वो माओवाद-नक्सलवाद खत्म हुआ, तो वो मां, मेरी जनजातीय समाज की माताएं-बहनें, आज हमें अनेक-अनेक आशीर्वाद दे रही हैं। वो बहन हमें आशीर्वाद दे रही है, जो आज अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रही है। जिसका बचपन छीन लिया गया था, वो अब युवा बनकर हमारे साथ जुड़ रहा है, उसको पढ़ाई के अवसर मिल रहे हैं, रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। छत्तीसगढ़ में बस्तर जैसा इलाका, जहां एक समय लोग जाने से डरते थे, अभी कुछ ही दिन पहले मैंने उस इलाके के केंद्र बिुंद, वहां हमारे सुरक्षाबलों के साथ दीवाली मनाई। गढ़चिरौली समेत सभी नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में इस बार दीवाली में दीयों के साथ-साथ उम्मीद की रोशनी भी लोगों तक पहुंची है।
साथियों,
आज हमारा आदिवासी समाज, हमारा जनजातीय समाज बढ़-चढ़कर देश की प्रगति में योगदान दे रहा है। आज देश का नेतृत्व भी आदिवासी समाज की एक बेटी के हाथ में है। हम सभी को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू जी पर गर्व है।
साथियों,
आज समय है, हम भगवान बिरसा मुंडा से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के सपने को पूरा करने में अपनी पूरी ऊर्जा लगाएँ। इसी आह्वान के साथ भगवान बिरसा मुंडा को प्रणाम करते हुए एक बार फिर आप सभी को जनजातीय गौरव दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। और मैं आपसे आग्रह करता हूं, हर वर्ष 15 नवंबर, उसका इंतजार होना चाहिए। भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती, उससे भी बढ़कर के जनजातीय गौरव दिवस, ये पूरे देश का गर्व है, पूरे देश का स्वाभिमान है। हर 15 नवंबर को पहले से अधिक ताकत से, पहले से अधिक उत्साह से, पहले से अधिक व्याप्त से, हम हर बार इसको मनाते चले, जनजातीय गौरव दिवस पर नए संकल्प लेते चले और उन संकल्पों को समय सीमा में सिद्ध करने के लिए हम सब पूरी ताकत लगा करके चल पड़े। आजादी के इतने सालों तक जो नहीं हुआ, वो हमें कम समय में करके दिखाना है। मैं फिर एक बार, मैं स्क्रीन पर देख रहा हूं, कितने स्थानों पर, कितने लोग बैठे हैं, और मैं देख रहा हूं उत्साह और उमंग से भरे हुए हैं। ये दृश्य ही जनजातीय गौरव दिवस की आन-बान-शान बन गया है। मेरी तरफ से इतने सफल प्रयास के लिए भी जनजातीय समाज के मेरे आप सभी बंधु अभिनंदन के अधिकारी हैं। मैं आप सबका बहुत अभिनंदन करता हूं। आप सबको बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं।
जोहार।
***
MJPS/SS/ST