उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय मानक ब्यूरो, भोपाल शाखा कार्यालय द्वारा पीडियाट्रिक पंचकर्म उपकरण: द्रोणी से संबंधित भारतीय मानक पर मानक मंथन कार्यक्रम का आयोजन


विशेषज्ञों एवं हितधारकों ने IS 19960:2026 पर विचार-विमर्श कर मानक के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उपयोगिता पर अपने विचार साझा किए

प्रविष्टि तिथि: 13 NOV 2026 8:02PM by PIB Bhopal

भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), भोपाल शाखा कार्यालय (BPBO) द्वारा “पीडियाट्रिक पंचकर्म उपकरण – भाग 1: द्रोणी (IS 19960:2026)” विषय पर मानक मंथन कार्यक्रम का आयोजन 13 नवंबर 2026 को पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान, भोपाल में किया गया। कार्यक्रम में लगभग 45 प्रतिभागियों, जिनमें चिकित्सक, स्नातकोत्तर (PG) विद्यार्थी एवं अन्य हितधारक शामिल थे। कार्यक्रम का उद्देश्य संबंधित भारतीय मानक के प्रावधानों के संबंध में विशेषज्ञों एवं हितधारकों के बीच तकनीकी संवाद को प्रोत्साहित करना तथा इसके व्यावहारिक उपयोग एवं प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विचार-विमर्श करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री आशुतोष राय, वैज्ञानिक-सी/उप निदेशक, भारतीय मानक ब्यूरो, भोपाल शाखा कार्यालय द्वारा डॉ. उमेश शुक्ला, प्राचार्य एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, पंडित खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान, भोपाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर औपचारिक स्वागत के साथ हुआ।

तत्पश्चात कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. उमेश शुक्ला ने उद्घाटन संबोधन दिया। उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आयुर्वेद के क्षेत्र में गुणवत्ता एवं मानकीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने आयुर्वेदिक चिकित्सा उपकरणों के क्षेत्र में मानकीकरण को बढ़ावा देने के लिए भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा की गई इस पहल की सराहना की।

इसके उपरांत श्री आशुतोष राय ने भारतीय मानक ब्यूरो एवं मानकीकरण के क्षेत्र में इसकी भूमिका पर प्रस्तुति दी। उन्होंने भारतीय मानकों के विकास एवं क्रियान्वयन में हितधारकों की सक्रिय भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही, उन्होंने Standards National Action Plan (SNAP) 2027–2032 के संबंध में जानकारी दी तथा राष्ट्रीय कार्ययोजना के निर्माण हेतु प्रतिभागियों से अपने बहुमूल्य सुझाव एवं विचार साझा करने का आग्रह किया।

इसके पश्चात IS 19960:2026 – पीडियाट्रिक पंचकर्म उपकरण – भाग 1: द्रोणी विषय पर विस्तृत प्रस्तुति एवं चर्चा की गई। इस दौरान संबंधित भारतीय मानक के विभिन्न प्रावधानों एवं तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रतिभागियों को मानक के विभिन्न पहलुओं को समझने तथा अपने अनुभव, व्यावहारिक टिप्पणियाँ एवं सुझाव साझा करने का अवसर प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम ने भारतीय मानक ब्यूरो एवं पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान के बीच तकनीकी संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान किया। इस अवसर पर आयुर्वेदिक उपकरणों के क्षेत्र में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं मानकीकरण के महत्व तथा चिकित्सा विशेषज्ञों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य हितधारकों की सक्रिय सहभागिता पर बल दिया गया।

कार्यक्रम का समापन डॉ. उमेश शुक्ला, प्राचार्य एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा समापन संबोधन के साथ हुआ। इसके पश्चात श्री दीपक जोशी, कंसल्टेंट (मानकीकरण गतिविधियाँ), भारतीय मानक ब्यूरो, भोपाल शाखा कार्यालय द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने संस्थान द्वारा कार्यक्रम के आयोजन में प्रदान किए गए सहयोग एवं सभी प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।

इस मानक मंथन कार्यक्रम ने आयुर्वेद के क्षेत्र में समावेशी एवं सहभागी मानकीकरण के प्रति भारतीय मानक ब्यूरो की प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित किया। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से शैक्षणिक एवं तकनीकी संस्थानों, चिकित्सा विशेषज्ञों तथा अन्य हितधारकों को भारतीय मानकों के विकास, प्रभावी क्रियान्वयन एवं निरंतर सुधार की प्रक्रिया में सक्रिय योगदान देने का अवसर प्राप्त होता है।

***

 


(रिलीज़ आईडी: 2336009) आगंतुक पटल : 37
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English