इस्‍पात मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

हिर्री खदान अस्पताल में ई-सुश्रुत प्रणाली शुरू, स्वास्थ्य सेवाओं का होगा डिजिटल प्रबंधन

भिलाई इस्पात संयंत्र ने स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में बढ़ाया कदम, मरीजों को मोबाइल पर मिलेगी ओपीडी पर्ची, दवाइयों और जांच रिपोर्ट की जानकारी

जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र और सी-डैक के सहयोग से लागू हो रही अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली, कागजी प्रक्रिया में आएगी कमी

प्रविष्टि तिथि: 13 NOV 2026 5:22PM by PIB Raipur

भिलाई इस्पात संयंत्र ने अपनी स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण और डिजिटलीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, भिलाई से संबद्ध हिर्री खदान अस्पताल में ई-सुश्रुत अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम-एचएमआईएस) का क्रियान्वयन प्रारंभ किया है। इस प्रणाली के लागू होने से अस्पताल की विभिन्न चिकित्सा सेवाओं का डिजिटल प्रबंधन संभव होगा तथा मरीजों को उपचार और जांच से संबंधित जानकारियां अधिक सहजता से उपलब्ध हो सकेंगी।

इस परियोजना का क्रियान्वयन उन्नत संगणना विकास केंद्र (सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग-सी-डैक) द्वारा किया जा रहा है। भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत सी-डैक की परियोजना प्रबंधन इकाई (प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट-पीएमयू) की टीम जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र के सहयोग से इसके तकनीकी समन्वय और क्रियान्वयन का कार्य कर रही है।

यह पहल मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी एवं प्रमुख चिकित्सा सेवाएं डॉ. संबिता पंडा के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाई जा रही है। परियोजना के क्रियान्वयन और समन्वय में महाप्रबंधक प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) श्री संजय कुमार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. गुरमीत सिंह और डॉ. अमित अग्रवाल ने सी-डैक के साथ समन्वय करते हुए एचएमआईएस के विभिन्न मॉड्यूल के विकास में योगदान दिया है।

ई-सुश्रुत प्रणाली के तहत अस्पताल की प्रमुख सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा रहा है। इसके अंतर्गत बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) के चिकित्सक कक्ष, औषधालय, सेवा क्षेत्र और इंजेक्शन कक्ष को इस व्यवस्था में शामिल किया जा रहा है। इससे अस्पताल के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित बनेगी और मरीजों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुगम होगी।

इस प्रणाली का एकीकरण भिलाई इस्पात संयंत्र के स्वास्थ्य साथी मोबाइल एप्लिकेशन के साथ भी किया गया है। इसके माध्यम से मरीज अपने मोबाइल फोन पर ओपीडी की चिकित्सकीय पर्ची, निर्धारित दवाइयों और प्रयोगशाला जांच से संबंधित विवरण प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा, सेक्टर-9 स्थित प्रयोगशाला में कराई गई जांचों की रिपोर्ट भी मोबाइल एप्लिकेशन पर उपलब्ध होगी। इससे मरीजों को चिकित्सा संबंधी जानकारियों के लिए बार-बार अस्पताल आने और कागजी दस्तावेजों पर निर्भर रहने की आवश्यकता कम होगी।

उल्लेखनीय है कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के क्रम में पिछले सप्ताह प्रत्येक कर्मचारी के लिए अलग-अलग क्यूआर कोड (क्विक रिस्पांस कोड) की सुविधा भी शुरू की गई थी। इसके माध्यम से कर्मचारी अपनी चिकित्सा पहचान से संबंधित जानकारी तक डिजिटल रूप से पहुंच सकेंगे। इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए हिर्री खदान अस्पताल में ई-सुश्रुत प्रणाली का क्रियान्वयन संयंत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

ई-सुश्रुत प्रणाली से अस्पताल की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ने के साथ मरीजों को अपनी चिकित्सा संबंधी जानकारी तक आसान पहुंच मिलेगी। साथ ही, कागजी पर्चियों और जांच रिपोर्टों पर निर्भरता कम होगी तथा चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाना अधिक सुविधाजनक बनेगा। जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, भिलाई इस्पात संयंत्र और सी-डैक के संयुक्त प्रयासों से संचालित यह पहल आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में संयंत्र की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

******

एसके/बीकेटी


(रिलीज़ आईडी: 2335898) आगंतुक पटल : 10
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English