प्रविष्टि तिथि:
11 NOV 2026 5:46PM by PIB Delhi
श्री मुकेश (बदला हुआ नाम) की यात्रा दर्शाती है कि एनएपीडीडीआर के माध्यम से सुलभ नशामुक्ति सेवाएं, चिकित्सा देखभाल, परामर्श और निरंतर पुनर्वास सहायता किस प्रकार व्यक्तियों को अपना जीवन फिर से संवारने और आर्थिक आत्मनिर्भरता प्राप्त करने में मदद करती हैं।
नशीली दवाओं की मांग में कमी लाने के लिए राष्ट्रीय कार्ययोजना (एनएपीडीडीआर) के माध्यम से भारत सरकार नशामुक्ति और पुनर्वास सेवाओं को निरंतर सुदृढ़ कर रही है तथा एक स्वस्थ समाज और नशामुक्त भारत की परिकल्पना को आगे बढ़ा रही है।
राजस्थान के राजसमंद जिले के अनुसूचित जनजाति समुदाय से आने वाले 39 वर्षीय मुकेश को नशीले पदार्थों के सेवन के कारण गंभीर शारीरिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। लंबे समय तक नशीले पदार्थों का सेवन करने से उनका शारीरिक स्वास्थ्य प्रभावित हुआ था, जिससे उन्हें शरीर में तकलीफ तथा जोड़ों और हाथों में दर्द होने लगा था।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले मुकेश ने हाई स्कूल तक शिक्षा प्राप्त की थी। उनके परिवार को पर्याप्त आवास की व्यवस्था करने और बुनियादी जरूरतें पूरी करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इन चुनौतियों के बावजूद वह कामकाज के क्षेत्र में स्वयं को स्थापित करना और अपने परिवार की जीवन-स्थितियों में सुधार लाना चाहते थे।
उनके जीवन में एक महत्वपूर्ण मोड़ 5 मार्च 2026 को आया, जब उन्हें भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की एनएपीडीडीआर कार्ययोजना के अंतर्गत शुभदीप ग्रुप सेवा संस्थान द्वारा संचालित जिला नशामुक्ति केंद्र, राजसमंद से सहायता मिली। इस पहल के तहत उन्हें चिकित्सा परामर्श, काउंसलिंग, योग सत्र, पौष्टिक भोजन, कपड़े और आवास सहित समग्र सहायता प्रदान की गई।
पुनर्वास सहायता के हिस्से के रूप में केंद्र ने नियमित रूप से समय पर भोजन, प्रतिदिन सुबह योग सत्र तथा सुबह, दोपहर और शाम निर्धारित समय पर दवाएं देना सुनिश्चित किया। कपड़े और अन्य आवश्यक वस्तुएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इस सुव्यवस्थित देखभाल और सहायता ने उन्हें अपने स्वास्थ्य में सुधार पर ध्यान केंद्रित करने तथा धीरे-धीरे अपना जीवन फिर से संवारने की दिशा में काम करने में सक्षम बनाया।

केंद्र से मिली सहायता के बल पर वह अधिक स्वस्थ जीवनशैली और बेहतर आर्थिक स्थिरता की ओर बढ़े। स्वस्थ होने के बाद उन्होंने स्वरोजगार अपनाया और अब वह प्रति माह ₹12,000 कमाते हैं, जो उपचार से पहले की उनकी आय से ₹5,000 अधिक है। बेहतर आर्थिक स्थिति ने उन्हें घरेलू खर्चों में योगदान देने और गरिमा के साथ अपने परिवार का भरण-पोषण करने में सक्षम बनाया है।
एनएपीडीडीआर के अंतर्गत की गई इस पहल ने नशे पर निर्भरता से जुड़ी चुनौतियों से उबरने और सामाजिक व आर्थिक पुनर्वास की ओर बढ़ने में उनकी महत्वपूर्ण मदद की है। चिकित्सा सहायता के अतिरिक्त, केंद्र द्वारा प्रदान किए गए समग्र सहयोग ने उन्हें जीवन में फिर से स्थिरता प्राप्त करने, स्वरोजगार अपनाने और अपने परिवार के लिए अधिक सुरक्षित भविष्य की दिशा में काम करने में सहायता की है।
****
पीके/ केसी / आरटी / एमएम /डीए