वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने कहा, भारत मोबिलिटी एक्सपो को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल रही है, इसका तीसरा संस्करण दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा एक्सपो होगा


श्री पीयूष गोयल ने मोबिलिटी उद्योग जगत से वैश्विक बाजारों का लाभ उठाने और भारत की विनिर्माण पहुंच का विस्तार करने का आग्रह किया

श्री गोयल ने वैश्विक साझेदारियों और निर्यात-आधारित विकास के माध्यम से भारत को दुनिया का विनिर्माण केंद्र (मैन्युफैक्चरिंग हब) बनाने का आह्वान किया

भारत इस साल 1 ट्रिलियन डॉलर के निर्यात लक्ष्य को पाने करने की राह पर है; इंजीनियरिंग क्षेत्र ने 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है : श्री गोयल

प्रविष्टि तिथि: 10 NOV 2026 9:48PM by PIB Delhi

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने आज नई दिल्ली में भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो के तीसरे संस्करण के शुरुआती कार्यक्रम को संबोधित करते इस आयोजन की बढ़ती लोकप्रियता और भारत की विनिर्माण तथा वैश्विक आर्थिक महत्वाकांक्षाओं के लिए मोबिलिटी क्षेत्र के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने मोबिलिटी वैल्यू चेन से जुड़े उद्योग जगत के हितधारकों से आग्रह किया कि वे घरेलू बाजार से आगे देखें और वैश्विक बाजारों तथा निर्यात के अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि भारत के विशाल घरेलू बाजार को अंतरराष्ट्रीय बाजारों के साथ जोड़ने से व्यवसायों को बड़े पैमाने पर काम करने का लाभ मिलेगा और वे कीमतों के मामले में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे। भारतीय निर्माताओं की क्षमताओं पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि जो कंपनियां जापानी और यूरोपीय ऑटोमोबाइल निर्माताओं के साथ-साथ एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्रों को आपूर्ति करती हैं, उनमें विश्व-स्तरीय गुणवत्ता मानकों को पूरा करने की क्षमता है।

भारत मोबिलिटी की अवधारणा पर प्रारंभिक चर्चाओं को याद करते हुए श्री गोयल ने कहा कि इस पहल से मोबिलिटी पारिस्थितिकी तंत्र के विभिन्न क्षेत्रों को एक साथ लाया गया, जो पारंपरिक रूप से अलग-अलग समय और स्थानों पर अलग-अलग प्रदर्शनियों का आयोजन करते थे, जो अक्सर एक ही समूह के आगंतुकों को आकर्षित करते थे। उन्होंने कहा कि पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को एक छत के नीचे लाना भारत मंडपम और यशोभूमि की उपलब्धता से संभव हुआ है, जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के भारत को एक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी स्थल बनाने के दृष्टिकोण के साथ विकसित किया गया है।

मंत्री ने कहा कि भारत मोबिलिटी ने विभागों, मंत्रालयों और राज्यों के बीच की बाधाओं को दूर करके तथा मोबिलिटी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न उद्योगों को एक साथ लाकर संपूर्ण-सरकार दृष्टिकोण की ताकत को प्रदर्शित किया है। इनमें इस्पात, रसायन, इलेक्ट्रॉनिक्स, दोपहिया, तिपहिया, चार पहिया, वाणिज्यिक और यात्री वाहन, निर्माण उपकरण और टायर शामिल हैं।

दूसरे संस्करण की सफलता पर उद्योग से जुड़े लोगों को बधाई देते हुए श्री गोयल ने विश्वास जताया कि तीसरा संस्करण और भी बड़ा और बेहतर होगा। यह आकार और आगंतुकों (जिसमें देश-विदेश के लोग शामिल होंगे) की संख्या, दोनों ही मामलों में दुनिया की सबसे बड़ी मोबिलिटी प्रदर्शनी के रूप में उभर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी स्थल की मांग और सुविधाओं के विस्तार के आधार पर भारत मोबिलिटी संभावित रूप से वैश्विक पर अपनी तरह का सबसे बड़ा आयोजन बन सकता है।

मंत्री ने आयोजकों और उद्योग जगत से आग्रह किया कि वे इस कार्यक्रम का दुनिया भर में व्यापक प्रचार-प्रसार करें और कुल 10 लाख संभावित आगंतुकों में से कम से कम 25,000 अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों को आकर्षित करने का लक्ष्य रखें। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला  कि यह आयोजन केवल ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (ओईएम) तक ही सीमित न रहे, बल्कि व्यापक वैश्विक इकोसिस्टम तक पहुंचे। इसमें टायर डीलर, सप्लायर, ऑटो कंपोनेंट निर्माता और एक बड़ा आफ्टर-सेल्स मार्केट भी शामिल हो।

श्री गोयल ने कहा कि भारत मोबिलिटी में शामिल हर क्षेत्र भारत के साथ अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव और भारत से सोर्सिंग के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। उन्होंने उद्योग जगत से जुड़े लोगों से आग्रह किया कि वे अलग-अलग क्षेत्रों और देशों में अवसरों की पहचान करें और पूरी वैश्विक मूल्य शृंखला (ग्लोबल वैल्यू चेन) पर नजर डालें। उन्होंने कहा कि यदि वैश्विक स्तर की सोच विकसित नहीं की गई तो भारत मोबिलिटी के आयोजन में होने वाली मेहनत बेकार जा सकती है।

श्री गोयल ने कहा कि भारत की प्रगति में एकमात्र संभावित बाधा यहां की सोच है न कि देश की क्षमताएं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उद्योग जगत को भारत की संभावनाओं को पहचानना और समझना चाहिए।

विदेशों में प्रतिनिधिमंडल दौरों के दौरान अंतरराष्ट्रीय उद्योग जगत के दिग्गजों के साथ हुई बातचीत का अपना अनुभव साझा करते हुए मंत्री ने कहा कि भारत के प्रति उनकी रुचि और उत्साह असाधारण रहा है। जापान की अपनी हालिया यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जापानी उद्योग की ओर से मिली प्रतिक्रिया काफी उत्साहजनक रही है। कई कंपनियों ने वैश्विक बाजारों के लिए भारतीय निर्माताओं के साथ साझेदारी करने में रुचि दिखाई है। उन्होंने बताया कि यह दिलचस्पी केवल छोटे निवेशों तक सीमित नहीं है, बल्कि कई कंपनियां दुनिया के लिए उत्पाद बनाने के उद्देश्य से भारत में अरबों डॉलर के निवेश पर विचार कर रही हैं।

 उन्होंने कहा कि यूरोपीय निर्माता, जिन्होंने पारंपरिक रूप से अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर ध्यान केंद्रित किया है, यूरोप की विनिर्माण लागत और नियामक बोझ को देखते हुए वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा की चुनौतियों को तेजी से समझ रहे हैं। मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) वार्ताओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि भारत में बाजार पहुंच शुरू में यूरोपीय वाहन निर्माताओं को भारतीय बाजार में सीमित संख्या में मॉडल पेश करके मांग का परीक्षण करने की अनुमति देगी। एक बार जब वे पर्याप्त मांग वाले मॉडलों की पहचान कर लेते हैं, तो निर्माता भारत में उत्पादन शुरू कर सकते हैं—न केवल घरेलू बाजार की जरूरतों को पूरा करने के लिए, बल्कि दुनिया के बाकी हिस्सों में निर्यात करने के लिए भी।

श्री गोयल ने कहा कि भारत में विनिर्माण से कंपनियों को बड़े पैमाने पर उत्पादन का लाभ मिलेगा, वे विशाल घरेलू बाजार तक पहुंच सकेंगी और वैश्विक बाजारों के लिए प्रतिस्पर्धी कीमतों पर वाहनों का निर्माण कर पाएंगी। इससे भारतीय कंपोनेंट निर्माताओं, स्टार्टअप्स, स्टील और रबर उद्योगों तथा मोबिलिटी इकोसिस्टम से जुड़े अन्य लोगों के लिए बड़े अवसर सृजित होंगे। उन्होंने उद्योग से जुड़े लोगों से आग्रह किया कि वे अन्य देशों के ऐसा करने से पहले ही इन अवसरों का लाभ उठा लें।

मंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत का विशाल घरेलू बाजार वैश्विक विनिर्माण निवेश को आकर्षित करने के लिए एक बड़ा फायदा है। त्योहारी मौसम के दौरान कारों की बिक्री का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अकेले नवरात्रि के दौरान 10 लाख कारें बिकीं, जबकि धनतेरस के दो दिनों में लगभग 70,000 कारें बिकीं। उन्होंने कहा कि भारतीय बाजार का पैमाना वैश्विक निर्माताओं के लिए भारत में उत्पादन इकाइयां स्थापित करने और इस देश को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सेवा देने के लिए एक आधार के रूप में इस्तेमाल करने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करता है।

श्री गोयल ने उद्योग जगत से आग्रह किया कि वे पहले दो संस्करणों की सफलता को आगे बढ़ाएं और तीसरे संस्करण को बड़े पैमाने पर, अधिक कुशल और तकनीकी रूप से और अधिक उन्नत बनाएं। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी के पहले दो दिन व्यवसायों, व्यावसायिक शुरुआत और नए उत्पादों की लॉन्चिंग के लिए आरक्षित रखे गए थे, जिससे कंपनियों को दुनिया के सामने अपनी गुणवत्ता और क्षमताओं को प्रदर्शित करने का मौका मिला।

उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि पूरी मोबिलिटी वैल्यू चेन को एक ही जगह पर लाने से यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों के लिए विशेष रूप से आकर्षक बन गया, क्योंकि वे एक ही यात्रा में उद्योग के विभिन्न हिस्सों से जुड़ सकते थे। लगभग 40 साल पहले एक उद्यमी के रूप में अपने अनुभव को याद करते हुए जब उन्होंने पूरे इंजीनियरिंग पारिस्थितिकी तंत्र के साथ जुड़ने के लिए हनोवर का दौरा किया था, मंत्री ने कहा कि भारत अब भारत मोबिलिटी, भारत टेक्स, स्टार्टअप महाकुंभ और भारत बिल्डकॉन के माध्यम से इसी तरह के बड़े प्रारूप वाले प्लैटफॉर्म बना रहा है।

उन्होंने कहा कि ये प्लैटफॉर्म, जो पूरी वैल्यू चेन को एक साथ लाते हैं, भारत को दुनिया के सामने अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने में सक्षम बनाते हैं। भारत के दूरसंचार और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योगों के बड़े प्रदर्शनों की ओर बढ़ने का जिक्र करते हुए श्री गोयल ने कहा कि भारत दुनिया के सामने अपनी ऐसी क्षमताओं का प्रदर्शन कर रहा है, जिसे उसने पहले कभी नहीं देखा था। उन्होंने कहा कि 'सीमाओं से आगे' विषय भारत की भावना और भारतीय उद्योग के लिए परिकल्पित भविष्य को दर्शाता है।

श्री गोयल ने दोहराया कि इस साल निर्यात के जरिए 1 ट्रिलियन डॉलर हासिल करने का भारत का लक्ष्य अटल है। साथ ही उन्होंने कहा कि देश इसे हासिल करने की राह पर सही ढंग से आगे बढ़ रहा है। सितंबर के निर्यात आंकड़ों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने पहले छह महीनों में ही लगभग 480 अरब डॉलर का आंकड़ा हासिल कर लिया है, जो सालाना लक्ष्य का 48 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि साल की दूसरी छमाही में आमतौर पर निर्यात में तेजी आती है और उन्होंने देश के निर्यात प्रदर्शन को लेकर सकारात्मक भरोसा जताया।

मंत्री ने कहा कि अक्टूबर के निर्यात के आंकड़े 15 तारीख को वाणिज्य सचिव द्वारा साझा किए जाएंगे। उन्होंने संकेत दिया कि ये आंकड़े उत्साहजनक होंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि इसके बाद पीछे मुड़कर देखने की नौबत नहीं आएगी और उद्योग जगत से आग्रह किया कि वे केवल मामूली वृद्धि तक सीमित न रहें, बल्कि बड़े विस्तार का लक्ष्य रखें।

निर्यात वृद्धि में इंजीनियरिंग क्षेत्र के योगदान को रेखांकित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि इस क्षेत्र ने लगभग 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने उद्योग जगत से आग्रह किया कि वे इस विकास को बनाए रखें और इसे केवल एक बार की उपलब्धि मानने के बजाय भविष्य के लिए एक मानक (बेंचमार्क) बनाएं।

मंत्री ने कहा कि यूरोपीय संघ के 27 देशों के समूह के मार्च या अप्रैल तक भारतीय व्यवसायों के लिए शून्य शुल्क (जीरो ड्यूटी) पर खुलने की उम्मीद है, जिससे आने वाले साल में भारतीय निर्यातकों को और अधिक अवसर मिलेंगे। उन्होंने आगे कहा कि भारत सात-आठ अन्य देशों के साथ भी बातचीत कर रहा है, जिससे बाजार तक पहुंच और बढ़ेगी। एक बार जब ये संभव हो जाएगा तब भारत को उन बाजारों तक विशेष पहुंच मिल जाएगी जो वैश्विक जीडीपी के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं।

श्री गोयल ने उद्योग जगत से आग्रह किया कि वे उभरते अंतरराष्ट्रीय अवसरों का लाभ उठाने के लिए जल्द कदम उठाएं। उन्होंने बताया कि दुनिया भर के देश वैश्विक बाजारों और निवेश को हासिल करने के लिए आपस में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने बाजार तक पहुंच का विस्तार करके और विभिन्न पहलों के माध्यम से सहयोग प्रदान करके उद्योग जगत की आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास किया है।

उन्होंने ऑटो कंपोनेंट उद्योग के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना और विशेष इस्पात के लिए पीएलआई योजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन का भी जिक्र किया और उद्योग जगत से जुड़े लोगों से आग्रह किया कि वे निर्यात को सुदृढ़ करने, अपने उत्पादों की मार्केटिंग करने और अपने उद्योग के ब्रांड बनाने के लिए इस पहल का पूरा लाभ उठाएं।

मोबिलिटी सेक्टर के व्यापक महत्व पर जोर देते हुए श्री गोयल ने कहा कि मोबिलिटी का मतलब केवल आर्थिक आंकड़े, उत्पादन संख्या या अर्थव्यवस्था में इस क्षेत्र का योगदान नहीं है, बल्कि यह लोगों के जीवन को बदलने और उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के बारे में भी है। उन्होंने विश्व बैंक के आंकड़ों का हवाला दिया जिसमें बताया गया है कि भारत में 12 वर्षों के दौरान 50 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकल आए हैं, उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से ऊपर उठने वाले लोगों की पहली इच्छाओं में से एक यह होती है कि वे अपने आवागमन और परिवहन के साधनों को बेहतर बनाएं।

उन्होंने कहा कि यह बदलाव साइकिल से दोपहिया वाहनों और दोपहिया वाहनों से शुरुआती स्तर की चार पहिया गाड़ियों की ओर जाने में दिखाई देता है। जैसे-जैसे परिवारों और व्यक्तियों की आर्थिक स्थिति बेहतर होती गई, वैसे-वैसे उनका आत्म-सम्मान, आत्म-गौरव और राष्ट्र-निर्माण में योगदान देने की इच्छा भी बढ़ती गई। उन्होंने नए मध्यम वर्ग के विकास, पहली बार यात्री वाहन खरीदने वालों की बढ़ती संख्या और देश भर में राजमार्गों व सड़कों के विस्तार का उल्लेख किया।

मंत्री ने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के बढ़ते आकर्षण और किफायती होने पर भी जोर दिया और कहा कि भारत के सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था होने का सबसे ज्यादा फायदा मोबिलिटी सेक्टर को मिलेगा। उन्होंने उद्योग जगत से भारत में पूरा मोबिलिटी इकोसिस्टम तैयार करने और देश को वाहनों, कलपुर्जों तथा मोबिलिटी तकनीकों के मामले में दुनिया का मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने का आह्वान किया।

श्री गोयल ने कहा कि भारत को तकनीक विकसित करने और डिज़ाइन तैयार करने के एक केंद्र के रूप में उभरना चाहिए, जहां प्रतिभा पर आधारित सभी समाधान इसी देश में केंद्रित हों। उन्होंने भरोसा जताया कि मोबिलिटी सेक्टर में विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि भारत को जल्द ही घरेलू बाजार में 1 करोड़ यात्री वाहन बेचने का लक्ष्य रखना चाहिए और इसके अलावा निर्यात भी फोकस होना चाहिए।

दोपहिया क्षेत्र का जिक्र करते हुए मंत्री ने बताया कि निर्यात को छोड़कर, सालाना बिक्री पहले ही लगभग 25 मिलियन यूनिट तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि मोबिलिटी इकोसिस्टम के सभी क्षेत्रों में काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया। इसके लिए उन्होंने बड़े सपने देखने, महत्वाकांक्षी योजनाएं बनाने, आपसी सहयोग बढ़ाने, नई तकनीकें लाने और स्टार्टअप्स को सपोर्ट करने का सुझाव दिया, ताकि वे अपने बिजनेस में कुछ नया जोड़ सकें।

मंत्री ने यह भी संकेत दिया कि भारत मोबिलिटी की बढ़ती मांग को देखते हुए भारत मंडपम और यशोभूमि में इन्फ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने और विस्तार की आवश्यकता पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी स्थल के पूरी तरह बुक हो जाने की संभावना है और अस्थायी हैंगर सुविधाओं की ओर वापस लौटने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि तीसरे संस्करण के दौरान मांग का आकलन किया जाएगा, ताकि दोनों स्थानों पर विस्तार के अगले चरण की योजना बनाई जा सके। इसका उद्देश्य यह होगा कि जब भारत मोबिलिटी का चौथा संस्करण आयोजित हो, तब तक प्रदर्शनी के लिए उपलब्ध जगह को कम से कम डेढ़ गुना अगर दोगुना न भी हो सके तो बढ़ा दिया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि तब तक मोबिलिटी उद्योग भी वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ काफी हद तक जुड़ जाएगा, जिससे व्यवसायों को अपनी अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति बढ़ाने और बाजार में पैठ बनाने में मदद मिलेगी।

श्री गोयल ने कहा कि भारत मोबिलिटी भारत की क्षमताओं को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। देश को मोबिलिटी क्षेत्र में खुद को तेजी से एक वैश्विक अग्रणी के रूप में स्थापित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ अन्य बाजारों में उत्पादन क्षमता और प्रतिस्पर्धा में गिरावट के साथ, भारत को उन व्यवसायों के लिए एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करनी चाहिए जो अपने परिचालन और विनिर्माण को स्थानांतरित करना चाहते हैं।

अपने संबोधन का समापन करते हुए मंत्री ने कहा कि भारत अच्छी खबरों का अग्रदूत और एक समृद्ध तथा विकसित राष्ट्र का मशाल-वाहक बनेगा। उन्होंने मोबिलिटी सेक्टर के सकारात्मक भविष्य पर भरोसा जताया और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों से आग्रह किया कि वे अपने इस सकारात्मक नजरिए को बड़े पैमाने, तेजी और कौशल के जरिए असल काम में बदलें।

उन्होंने भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 के तीसरे संस्करण के सफल आयोजन के लिए सभी हितधारकों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही भारत की विकास यात्रा में उनके निरंतर योगदान की सराहना की।

भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 का तीसरा संस्करण अब तक का सबसे बड़ा वैश्विक मोबिलिटी इवेंट होने जा रहा है। भारत मंडपम और यशोभूमि में 2.5 लाख वर्ग मीटर से अधिक के प्रदर्शनी क्षेत्र में आयोजित होने वाले इस इवेंट में 1,750 से अधिक प्रदर्शक और 11 एक साथ चलने वाले शो शामिल होंगे और यहां 10 लाख से अधिक आगंतुकों के आने की उम्मीद है। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय और भारी उद्योग मंत्रालय ने आज भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 के लिए शुरुआती कार्यक्रम का आयोजन किया। इसके साथ ही, भारत के इस प्रमुख वैश्विक मोबिलिटी इवेंट के तीसरे और सबसे बड़े संस्करण की नींव रखी गई।

भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 का आयोजन 4 से 9 फरवरी 2027 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम और दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि में किया जाएगा।

पिछले संस्करणों की सफलता को आगे बढ़ाते हुए भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 का पैमाना और दायरा काफी व्यापक होने वाला है। आगामी संस्करण में स्थापित ऑटोमोटिव क्षेत्रों के साथ-साथ एडवांस्ड मोबिलिटी टेक्नोलॉजी, एयर मोबिलिटी, शहरी मास ट्रांजिट, एग्री-मोबिलिटी, बैटरी और एनर्जी सॉल्यूशंस तथा अगली पीढ़ी के परिवहन सिस्टम जैसे उभरते हुए क्षेत्रों को भी एक साथ लाया जाएगा।

यह विस्तार भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो के एक मोबिलिटी प्रदर्शनी से विकसित होकर एक व्यापक वैश्विक मंच बनने को दर्शाता है, जो पूरे मोबिलिटी इकोसिस्टम का प्रतिनिधित्व करता है। 'बेहतर कल के लिए स्मार्ट मोबिलिटी' विषय के तहत बीएमजीई का तीसरा संस्करण विनिर्माण, इंजीनियरिंग, तकनीक, नवाचार और स्थायी मोबिलिटी के क्षेत्रों में भारत की क्षमताओं को प्रदर्शित करेगा। साथ ही, यह उद्योग जगत, सरकार, स्टार्टअप्स, तकनीक प्रदाताओं, शिक्षा जगत और अंतरराष्ट्रीय हितधारकों के बीच सहयोग को बढ़ावा देगा।

इस एक्सपो में दो स्थानों पर कई तरह के विशेष शो आयोजित किए जाएंगे।

भारत मंडपम में बीएमजीई 2027 में ऑटो एक्सपो-द मोटर शो 2027, इंडिया इंटरनेशनल टायर शो 2027, भारत बैटरी शो 2027, मोबिलिटी टेक पवेलियन, इंडिया साइकिल शो 2027 और स्टील एंड एडवांस्ड मैटेरियल्स पवेलियन शामिल होंगे। यशोभूमि में होने वाले इस एक्सपो में 'द कंपोनेंट्स एंड टेक्नोलॉजी शो 2027', 'भारत कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट एक्सपो 2027', 'एग्री मोबिलिटी एंड टेक्नोलॉजी एक्सपो 2027', 'एयर मोबिलिटी एक्सपो 2027' और 'मेट्रो एंड अर्बन मास ट्रांजिट एक्सपो 2027' एक साथ आएंगे। दोनों ही जगहों पर राज्यों और मंत्रालयों की भागीदारी, सम्मेलन, विशेष पैवेलियन और अनुभव क्षेत्र, स्टार्टअप शोकेस, बैठकें, मीडिया सुविधाएं और मोबिलिटी से जुड़ी अन्य प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।

भारत मोबिलिटी के दायरे में इन विविध क्षेत्रों को एक साथ लाने से आगंतुकों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों को पूरे मोबिलिटी इकोसिस्टम का अनुभव मिल सकेगा। इसमें वाहन, कलपुर्जे और सामग्री से लेकर सॉफ्टवेयर, बैटरी, डिजिटल तकनीक, बुनियादी ढांचा और भविष्य के मोबिलिटी समाधान शामिल हैं।

2027 के संस्करण में मोबिलिटी के भविष्य को आकार देने वाली तकनीकों पर विशेष जोर दिया जाएगा। इनमें इलेक्ट्रिफिकेशन, उन्नत बैटरी और ऊर्जा-भंडारण तकनीकें, कनेक्टेड और सॉफ्टवेयर-आधारित वाहन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेशन, उन्नत विनिर्माण, टिकाऊ सामग्री और मोबिलिटी के नए समाधान शामिल हैं।

प्रदर्शनी क्षेत्र के अलावा भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 ज्ञान साझा करने और व्यावसायिक जुड़ाव के एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में काम करना जारी रखेगा। इस एक्सपो में कॉन्फ्रेंस, लीडरशिप सेशन, नीतिगत चर्चाएं, प्रोडक्ट लॉन्च, टेक्नोलॉजी का प्रदर्शन, खरीदार-विक्रेता बैठकें और बी2बी/बी2जी बातचीत शामिल होंगी, जिनमें भारत और दुनिया भर के विशेषज्ञ तथा निर्णय लेने वाले लोग एक साथ जुटेंगे।

एमएसएमई, स्टार्टअप और उभरती हुई प्रौद्योगिकी कंपनियों की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। बीएमजीई इन उद्यमों को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने, वैश्विक ओईएम और टेक्नोलॉजी लीडर्स के साथ जुड़ने, संभावित साझेदारियों की तलाश करने और नए घरेलू तथा अंतर्राष्ट्रीय व्यावसायिक अवसरों तक पहुंच प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेगा। इस आयोजन का एक और मुख्य आकर्षण अंतरराष्ट्रीय भागीदारी होगी, जो कंट्री पैवेलियन और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के रूप में देखने को मिलेगी।

यह एक्सपो केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों, परीक्षण और प्रमाणन एजेंसियों, अनुसंधान संस्थानों और अन्य संबंधित हितधारकों को एक ऐसा मंच प्रदान करेगा, जहां वे भारत के तेजी से विकसित हो रहे मोबिलिटी परिदृश्य से जुड़ी अपने उपक्रमों, नीतियों, बुनियादी ढांचा क्षमताओं और कार्यक्रमों को प्रदर्शित कर सकें।

भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो को सरकार और उद्योग जगत के बीच आपसी सहयोग से विकसित किया जा रहा है। इसमें मोबिलिटी इकोसिस्टम के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख उद्योग संघ भी शामिल हैं।

इस कार्यक्रम में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, सहयोगी मंत्रालयों के प्रतिनिधि, उद्योग संघ, ऑटोमोटिव और मोबिलिटी क्षेत्र के दिग्गज, विदेशी मिशनों और दूतावासों के प्रतिनिधि, नॉलेज पार्टनर और अन्य प्रमुख हितधारकों ने भाग लिया।

काफी बड़े पैमाने, व्यापक क्षेत्रीय दायरे और बढ़ती अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के साथ भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 का लक्ष्य भारत को मोबिलिटी मैन्युफैक्चरिंग, इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और निवेश के लिए एक प्रमुख वैश्विक गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। साथ ही इसका उद्देश्य दुनिया के अग्रणी मोबिलिटी प्लेटफॉर्म्स के बीच बीएमजीई की स्थिति को और सुदृढ़ करना भी है।

भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 के बारे में अधिक जानकारी के लिए कृपया यहां क्लिक करें www.bharat-mobility.com

***

पीके/केसी/आरटी/आरकेजे


(रिलीज़ आईडी: 2334875) आगंतुक पटल : 63
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English