प्रविष्टि तिथि:
09 NOV 2026 8:51PM by PIB Delhi
भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय राजधानी स्थित आईएनए के दिल्ली हाट में आयोजित 15 दिवसीय शिल्प समागम मेला 2026, भारत की समृद्ध पारंपरिक हस्तकला, सांस्कृतिक विरासत और उद्यमशीलता की भावना को प्रदर्शित करने वाले एक जीवंत मंच के रूप में उभरकर सामने आया है।

15 नवंबर, 2026 तक चलने वाला यह मेला, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सफाई कर्मचारियों और दिव्यांगजनों से जुड़े कारीगरों तथा लाभार्थियों को अपने उत्पादों को एक बड़े दर्शक वर्ग के सामने प्रदर्शित करने और बेचने का अवसर प्रदान करता है।

मंत्रालय वर्ष 2022 से शिल्प समागम मेलों का आयोजन कर रहा है। इन मेलों के माध्यम से अनुसूचित जातियों, अन्य पिछड़ा वर्गों और सफाई कर्मचारी समुदायों के 1,000 से अधिक कारीगरों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और उनकी बिक्री करने के अवसरों का लाभ मिला है।

इस पहल का उद्देश्य स्वरोजगार को बढ़ावा देना, उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करना तथा लाभार्थी समुदायों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण को सुगम बनाना है।

‘प्रकाश और परंपरा – ज्योति से ज्योति जलाएँ’ विषयवस्तु पर आधारित यह दो सप्ताह का मेला सात विशिष्ट विषयगत क्षेत्रों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक हस्तकला को एक मंच पर लाता है। इनमें कला आँगन, प्रकाश चौक, पूजा पथ, सजावट बाज़ार, घराना, स्वाद चौक और मंच शामिल हैं, जो आगंतुकों को भारत की कलात्मक, सांस्कृतिक और पाक विविधता का व्यापक अनुभव प्रदान करता है।
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मेले के शुभारंभ से ही उत्साहजनक बिक्री दर्ज की गई है, जो आगंतुकों की उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया और लाभार्थी समुदायों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के प्रति बढ़ती सराहना को दर्शाती है।

उन्होंने बताया कि भाग लेने वाले चार निगमों, अर्थात् राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम(एनएसएफडीसी), राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम(एनबीसीएफडीसी), राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम(एनएसकेएफडीसी) तथा राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम(एनडीएफडीसी) ने 1 नवंबर से 8 नवंबर, 2026 के बीच लगभग 55.46 लाख रुपये की कुल बिक्री दर्ज की है।

बिक्री के ये आंकड़े मेले में प्रदर्शित उत्पादों के प्रति बाजार की सकारात्मक प्रतिक्रिया और इसमें भाग लेने वाले कारीगरों के लिए बाजार के बढ़ते अवसरों को दर्शाते हैं।

मंत्रालय लाभार्थियों को निःशुल्क स्टॉल, यात्रा व्यय, दैनिक भत्ता तथा उनके सामान के परिवहन की सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी भागीदारी को सुगम बनाता है। ये सहायता उपाय कारीगरों को लॉजिस्टिक और वित्तीय बाधाओं को दूर करने में मदद करते हैं तथा उन्हें नए बाजारों और ग्राहकों तक पहुंच बनाने में सक्षम बनाते हैं।
मेले में 130 से अधिक स्टॉलों के माध्यम से हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पादों, पारंपरिक वस्त्रों, त्योहारों की सजावट की वस्तुओं, दीपों, गृह-सज्जा की सामग्रियों तथा अन्य स्वदेशी उत्पादों की विविध श्रृंखला प्रदर्शित की गई है।

यह प्रदर्शनी कारीगरों और लाभार्थियों को उपभोक्ताओं से सीधे जुड़ने, अपने बाजार का विस्तार करने तथा अपनी उद्यमशीलता क्षमताओं को मजबूत करने के लिए एक सुलभ मार्केटिंग मंच प्रदान करती है।
यह मेला भारत ट्यूलिप(Bharat TULIP) जैसी पहलों के माध्यम से कारीगरों को अपने बाजार का विस्तार करने के अवसर भी प्रदान करता है, जो कारीगरों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ती है, और इसके अलावा, पर्पल फेस्ट(Purple Fest) जैसी पहलें भी हैं जो दिव्यांगजनों की रचनात्मकता और क्षमताओं का उत्सव मनाते हुए समावेश तथा समान अवसरों को बढ़ावा देता है।

इस मेले में माननीय केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार; केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री श्री रामदास आठवले; केन्द्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री श्रीमती निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया तथा सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के सचिव श्री सुधांश पंत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी दौरा किया है।

अपने दौरे के दौरान गणमान्य व्यक्तियों ने प्रदर्शनी के स्टॉलों का अवलोकन किया, पारंपरिक हस्तकला की सराहना की और इसमें भाग लेने वाले कारीगरों से बात-चीत की। उन्होंने वंचित समुदायों के लिए समावेशी उद्यमशीलता, आर्थिक सशक्तीकरण और सतत आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने की सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।


मेले का एक प्रमुख आकर्षण ‘मंच’ पर हरेक शाम आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गतिविधियों की श्रृंखला है। विभिन्न राज्यों के कलाकार और सांस्कृतिक दल एक साथ आकर रंगारंग लोकनृत्य, पारंपरिक संगीत और क्षेत्रीय कला रूपों की प्रस्तुतियां देते हैं। ये प्रस्तुतियां दर्शकों को एक ही मंच पर भारत की बहुलतावादी सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों की झलक प्रदान करती है, जिससे उत्सव का माहौल बनता है और क्षेत्रीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलता है।




आम नागरिक, परिवार और युवा आगंतुक पारंपरिक उत्पादों की विविध श्रृंखला का अवलोकन करने, भाग लेने वाले कारीगरों की शिल्पकला की सराहना करने तथा उद्यमशीलता, आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए उत्साहपूर्वक मेले में आ रहे हैं।



आम नागरिक मेले के विभिन्न रंगों का आनंद ले रहे हैं और एक समावेशी तथा आत्मनिर्भर भारत के विजन में योगदान देने वाले कारीगरों और उद्यमियों का समर्थन करते हुए भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव कर रहे हैं।
***
पीके/केसी/आरटी/पीकेपी