प्रविष्टि तिथि:
03 NOV 2026 11:32PM by PIB Raipur
वामपंथी उग्रवाद से मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाओं, जमीनी बदलावों और सरकार की विकासपरक पहलों को जनसामान्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से पत्र सूचना कार्यालय (PIB), रायपुर द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बीजापुर के सहयोग से बुधवार, 4 नवंबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे गर्ल्स पोर्टा केबिन ऑडिटोरियम, बीजापुर में विशेष वार्तालाप कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम विशेष रूप से पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।
गृह मंत्रालय की वामपंथी उग्रवाद के बाद की स्थिति (Post-LWE Phase) संबंधी व्यापक मीडिया रणनीति के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों को वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में शांति स्थापना, सुरक्षा, विकास कार्यों और जनविश्वास बहाली के प्रयासों से अवगत कराना है।
कार्यक्रम में वामपंथी उग्रवाद से मुक्त भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के बाद क्षेत्र में उभरती विकास की संभावनाओं, नक्सलवाद के कारण विकास की राह में आई बाधाओं तथा प्रभावित क्षेत्रों के भविष्य को लेकर सरकार की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही उग्रवाद के दौर में स्थानीय जनजीवन पर पड़े प्रभाव, विशेषकर महिलाओं के शोषण एवं उन पर हुए अत्याचारों तथा वामपंथी उग्रवाद के विरुद्ध संघर्ष में सुरक्षा बलों के बलिदान, वीरता और अदम्य साहस की प्रेरक कहानियों को भी सामने लाया जाएगा।
वार्तालाप के दौरान क्षेत्र में शांति स्थापना के बाद सड़क, संचार एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, युवाओं के लिए रोजगार एवं आजीविका के अवसर तथा स्थानीय समुदायों की विकास प्रक्रिया में भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद होगा। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में आए सकारात्मक बदलावों और विकास की प्रेरक सफलता की कहानियों को भी साझा किया जाएगा।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों को बीजापुर सहित वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों की जमीनी वास्तविकताओं, सरकारी प्रयासों और बदलते सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य से अवगत कराना है, ताकि शांति और विकास की इस यात्रा की उपलब्धियों एवं चुनौतियों को तथ्यपरक ढंग से व्यापक जनसमुदाय तक पहुंचाया जा सके।
यह पहल वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा, विकास और जनविश्वास को सुदृढ़ करने के प्रयासों को मीडिया के माध्यम से राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
******
RDJ/RK