उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
प्रविष्टि तिथि:
03 NOV 2026 4:36PM by PIB Bhopal
बुधनी, भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), भोपाल शाखा कार्यालय (BPBO) द्वारा “रोटरी टिलर (रोटावेटर) – ट्रैक्टर संचालित - परीक्षण पद्धति, चुनिंदा कार्यकारिताएं एवं मापदण्ड के लिए अनुशंसाएं (IS 17045:2018)” विषय पर मानक मंथन कार्यक्रम का आयोजन 03 नवंबर 2026 को केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान (CFMTTI), बुधनी, जिला सीहोर, मध्य प्रदेश में किया गया। कार्यक्रम में लगभग 20 प्रतिभागियों, जिनमें तकनीकी विशेषज्ञ, निर्माता एवं अन्य हितधारक शामिल थे, ने भाग लिया। इस दौरान संबंधित भारतीय मानक के विभिन्न प्रावधानों पर विचार-विमर्श किया गया तथा इसके व्यावहारिक क्रियान्वयन एवं भविष्य में सुधार हेतु अपने तकनीकी अनुभव, सुझाव एवं टिप्पणियाँ साझा कीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री आशुतोष राय, वैज्ञानिक-सी/उप निदेशक, भारतीय मानक ब्यूरो, भोपाल शाखा कार्यालय द्वारा डॉ. बी.एम. नंदेडे, निदेशक, CFMTTI, बुधनी तथा श्री आर.पी. पांडे, वरिष्ठ इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियर, CFMTTI, बुधनी के औपचारिक स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात डॉ. बी.एम. नंदेडे ने उद्घाटन संबोधन दिया। उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए CFMTTI की गतिविधियों एवं कृषि मशीनरी के प्रशिक्षण, परीक्षण तथा मूल्यांकन के क्षेत्र में संस्थान की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कृषि उपकरणों की गुणवत्ता, कार्यक्षमता, सुरक्षा एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में तकनीकी मानकों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इसके उपरांत श्री आशुतोष राय ने भारतीय मानक ब्यूरो एवं मानकीकरण के क्षेत्र में इसकी भूमिका पर प्रस्तुति दी। उन्होंने भारतीय मानकों के विकास एवं क्रियान्वयन में हितधारकों की सक्रिय भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही, उन्होंने Standards National Action Plan – SNAP 2027–2032 के संबंध में जानकारी दी तथा राष्ट्रीय कार्ययोजना के निर्माण हेतु प्रतिभागियों से अपने बहुमूल्य सुझाव एवं विचार साझा करने का आग्रह किया।
तत्पश्चात IS 17045:2018 – रोटरी टिलर (रोटावेटर) – ट्रैक्टर संचालित - परीक्षण पद्धति, चुनिंदा कार्यकारिताएं एवं मापदण्ड के लिए अनुशंसाएं विषय पर विस्तृत प्रस्तुति एवं चर्चा की गई। इस दौरान मानक के तकनीकी प्रावधानों, निर्धारित परीक्षण प्रक्रियाओं तथा ट्रैक्टर चालित रोटरी टिलर की निष्पादन आवश्यकताओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने तकनीकी अनुभव, व्यावहारिक टिप्पणियाँ एवं सुझाव साझा करने का अवसर प्राप्त हुआ।
_20261103163753_7d0676.jpeg)
इस कार्यक्रम ने भारतीय मानक ब्यूरो एवं CFMTTI के बीच तकनीकी संवाद और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान किया। विचार-विमर्श के दौरान कृषि मशीनरी क्षेत्र में भारतीय मानकों की प्रासंगिकता एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। साथ ही, तकनीकी संस्थानों एवं मानकीकरण निकायों के बीच सहयोग के महत्व पर बल दिया गया, ताकि भारतीय मानक तकनीकी प्रगति एवं उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप बने रहें।
कार्यक्रम का समापन डॉ. बी.एम. नंदेडे, निदेशक, CFMTTI के समापन संबोधन के साथ हुआ। इसके पश्चात श्री दीपक जोशी, कंसल्टेंट (मानकीकरण गतिविधियाँ), भारतीय मानक ब्यूरो, भोपाल शाखा कार्यालय द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में CFMTTI द्वारा प्रदान किए गए सहयोग एवं सभी प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया।
इस मानक मंथन कार्यक्रम ने समावेशी एवं सहभागी मानकीकरण के प्रति भारतीय मानक ब्यूरो की प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित किया। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से तकनीकी संस्थानों, उद्योग जगत एवं अन्य हितधारकों को भारतीय मानकों के विकास, प्रभावी क्रियान्वयन एवं निरंतर सुधार की प्रक्रिया में सक्रिय योगदान देने का अवसर प्राप्त होता है।
***