कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय
डालटनगंज में राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान के तहत शिविर आयोजित
एसबीआई शाखा, जीएलए कॉलेज और प्रधान डाकघर में पेंशनभोगियों को दी गई सुविधा
बुजुर्ग, बीमार और चलने-फिरने में असमर्थ पेंशनभोगियों के घर पहुंचकर भी जारी किए गए डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र
प्रविष्टि तिथि:
02 NOV 2026 4:51PM by PIB Ranchi
भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग की ओर से राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5 के तहत सोमवार, 2 नवंबर 2026 को झारखंड के डालटनगंज में विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। मेदिनीनगर स्थित जीएलए कॉलेज परिसर में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा तथा प्रधान डाकघर में लगाए गए शिविरों में बड़ी संख्या में पेंशनभोगियों ने पहुंचकर अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनवाया। कार्यक्रम में भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के निदेशक श्री राकेश कुमार, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के क्षेत्रीय कार्यालय के उप निदेशक श्री संजीव रंजन सहित भारतीय स्टेट बैंक और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन से घर बैठे जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की सुविधा
श्री राकेश कुमार ने बताया कि पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग द्वारा 1 से 30 नवंबर 2026 तक देशभर में राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5 संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पेंशनभोगियों को आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के माध्यम से घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविरों के दौरान अधिकारियों और कर्मियों ने पेंशनभोगियों को डिजिटल प्रक्रिया की जानकारी दी तथा कई पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र मौके पर ही जारी किए गए।
जरूरतमंद पेंशनभोगियों को घर पहुंचकर दी गई सुविधा

अभियान के तहत बुजुर्ग, बीमार और चलने-फिरने में असमर्थ जरूरतमंद पेंशनभोगियों को राहत पहुंचाने के लिए अधिकारियों ने उनके घर पहुंचकर भी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जारी किए। इससे ऐसे पेंशनभोगियों को बैंक या संबंधित कार्यालयों तक जाने की परेशानी से राहत मिली।
(रिलीज़ आईडी: 2331609)
आगंतुक पटल : 27
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English