प्रविष्टि तिथि:
02 NOV 2026 11:50AM by PIB Raipur
संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग के अंतर्गत कार्यालय संयुक्त नियंत्रक संचार लेखा, छत्तीसगढ़ दूरसंचार परिमंडल, रायपुर द्वारा 1 से 30 नवंबर, 2026 तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 5.0 का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत दूरसंचार विभाग (DoT) एवं भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के सभी पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों के लिए विशेष डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (DLC) शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को बेहद सरल बनाना, फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देना और SAMPANN पोर्टल के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्रों का समय पर प्रसंस्करण सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही, पेंशन अभिलेखों को पूरी तरह अद्यतन रखने के लिए 'KYP' (Know Your Pensioner – अपने पेंशनभोगी को जानें) से जुड़े विवरण भी इन शिविरों में एकत्रित और अपडेट किए जाएंगे।
राजधानी रायपुर में नवंबर 2026 के सभी कार्यदिवसों में ये शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के अन्य प्रमुख जिलों में निर्धारित तिथियों के अनुसार शिविर लगेंगे, जिनमें बिलासपुर में 4 नवंबर, दुर्ग में 6 नवंबर, जगदलपुर में 12 नवंबर, अंबिकापुर में 17 नवंबर तथा रायगढ़ में 19 नवंबर, 2026 को शिविर का आयोजन किया जाएगा। सभी शिविरों का समय प्रातः 10:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक रहेगा।
दूरसंचार विभाग एवं BSNL के सभी संबंधित पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों से विशेष अनुरोध किया गया है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी पेंशन का भुगतान निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए समय पर अपना जीवन प्रमाण-पत्र जमा करें। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए पेंशनभोगी कार्यालय के टोल-फ्री नंबर 1800-233-2287 पर संपर्क कर सकते हैं।
******
आरडीजे/पीजे