रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में भारतीय वायु सेना के शानदार हवाई प्रदर्शन ने भरा रोमांच

माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल; 02 नवंबर को भी होगा हवाई प्रदर्शन

प्रविष्टि तिथि: 01 NOV 2026 6:41PM by PIB Raipur

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर भारतीय वायु सेना ने आज नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध झील के ऊपर शानदार हवाई प्रदर्शन प्रस्तुत किया। छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम, एमआई-17 हेलीकॉप्टर और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की प्रस्तुतियों ने वायु योद्धाओं के साहस, सटीकता और उत्कृष्ट व्यावसायिक दक्षता का परिचय दिया।

आकाश गंगा टीम ने अपने रोमांचक स्काईडाइविंग प्रदर्शन में असाधारण कौशल का परिचय दिया। इस प्रस्तुति ने सटीक पैराशूटिंग के लिए आवश्यक साहस, आपसी समन्वय और अनुशासन को दर्शाया।

एमआई-17 हेलीकॉप्टर ने सैनिकों की त्वरित तैनाती और सटीक उड़ान संचालन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। तेज गति से प्रदर्शन क्षेत्र में प्रवेश और लैंडिंग क्षेत्र का आकलन करने के बाद हेलीकॉप्टर ने उतरकर गरुड़ कमांडो को तैनात किया। एक काल्पनिक परिचालन परिस्थिति में इन कमांडो ने जमीन पर पहले से मौजूद दल को सुदृढ़ किया। इसके बाद हेलीकॉप्टर ने पुनः उड़ान भरकर नियंत्रित पार्श्व गति, एक ही स्थान पर घूमकर दिशा परिवर्तन और अन्य गतिशील हवाई युद्धाभ्यास प्रदर्शित किए। इस क्रम ने हेलीकॉप्टर की चपलता, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और चालक दल के उत्कृष्ट समन्वय को दर्शाया। प्रदर्शन ने वायु एवं जमीनी दलों के तालमेल के साथ सैनिक परिवहन, परिचालन सहायता, घायलों की निकासी, खोज एवं बचाव तथा मानवीय सहायता में एमआई-17 की बहुमुखी भूमिका को भी रेखांकित किया।

स्वदेश विकसित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ पर उड़ान भरने वाली सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने समन्वित उड़ान संरचनाओं और सटीक हवाई करतबों से दर्शकों को रोमांचित किया। इस प्रस्तुति ने भारतीय वायु सेना के उत्कृष्ट उड़ान कौशल और टीम भावना के साथ भारत की स्वदेशी विमानन क्षमताओं को प्रदर्शित किया।

इस आयोजन ने भारतीय वायु सेना और छत्तीसगढ़ के नागरिकों के बीच जुड़ाव को मजबूत किया तथा युवाओं को सैन्य विमानन और राष्ट्रसेवा की प्रेरक झलक प्रदान की।

02 नवंबर 2026 को भी सेंध झील के ऊपर प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक हवाई प्रदर्शन निर्धारित है। दर्शकों से अनुरोध है कि समय से पहले पहुंचें तथा स्थानीय प्रशासन और आयोजन कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

*********

SK/RK


(रिलीज़ आईडी: 2331271) आगंतुक पटल : 19
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English